'हम स्कूल नहीं जाएंगी, अश्लील हरकतें करता है टीचर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हम स्कूल नहीं जाएंगी, टीचर कमरे में बुलाकर छेड़खानी और अश्लील हरकतें करता है। बेटियों के मुंह से यह बात सुनकर अभिभावकों के होश उड़ गए। मामला हरियाणा के कलानौर का है। एक तरफ मोदी मास्साब की क्लास लग रही थी, दूसरी ओर इस गांव के माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक की करतूत पर हंगामा हो रहा था।
आरोपी शिक्षक कई दिनों से छात्राओं को छेड़ रहा था। परेशान होकर छात्राओं ने अभिभावकों को शिकायत कर दी। मामला जानकर अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रिंसीपल सुषमा रानी से बात की। प्रिंसीपल ने कहा कि गेस्ट टीचर पर हम कार्रवाई नहीं कर सकते। बीईओ संतोष चौधरी को भी मौके पर बुलाया गया, पर उन्होंने भी कार्रवाई से मना कर दिया।
इंकार होने पर अभिभावक भड़क गए। उन्होंने स्कूल में नारेबाजी और तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। प्रिंसीपल ने पुलिस को बुला लिया। चौकी प्रभारी महाबीर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़िताओं से बातचीत के बाद पुलिस ने अंग्रेजी के अतिथि अध्यापक गुढाण निवासी राजेश तोमर को गिरफ्तार कर लिया।
भीड़ को देख अध्यापक ने खुद को किया कमरे में बंद
भीड़ के गुस्से को देख आरोपी ने घबराकर खुद को कमरे में बद कर लिया और पुलिस के आने का इंतजार करता रहा। छात्राओं ने अध्यापक के खिलाफ अश्लील हरकत करने और फेल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी के नाम शिकायत दी।
बिना अनुमति के छात्राओं को ले गया था टूर पर
अध्यापक की करतूत कोई नई बात नही है। करीब दो साल पहले भी बिना प्रिंसिपल की अनुमति के राजेश छात्राओं को टूर पर ले गया था। लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नही की गई। बताया जाता है कि आरोपी सरकार में पहुंच होने की धौंस दिखाता और उसने एक प्रिंसिपल का तबादला तक करवा दिया था।
नियमों के खिलाफ है आरोपी की नियुक्ति: आरोपी राजेश की लड़कियों के स्कूल में नियुक्ति भी शिक्षा विभाग के नियमों के खिलाफ है। नियम के अनुसार 50 वर्ष से कम उम्र का कोई भी पुरुष अध्यापक लड़कियों के स्कूल में नियुक्त नही किया जा सकता, लेकिन राजेश की उम्र करीब 40 वर्ष है। उसकी नियुक्ति आज से करीब पांच वर्ष पहले इस स्कूल में हुई थी। प्रिंसिपल भी हैरान हैं कि राजेश की नियमों के खिलाफ किसने और क्यों नियुक्ति की।
महिला थाना बना छात्राओं के लिए आफत: महिलाओं के मामले महिला पुलिस थाने के अंतर्गत दिए जाने की सुविधा छात्राओं के लिए आफत बन गई। थाना प्रभारी आरोपी को अपने साथ थाने तो ले आए, लेकिन केस दर्ज करने से मना कर दिया। थाने में अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज करवाने पहुंची छात्राओं को थाने में रोहतक जाने की नसीहत दे दी गई।
जब उनके अभिभावकों ने रोहतक जाने से मना किया तो थाना प्रभारी ने महिला हेल्प लाईन पर सूचना दी और छात्राओं को इंतजार करने के लिए कहा। छात्राएं करीब तीन घंटे तक भूखी प्यासी थाने में बैठी महिला पुलिस का इंतजार करती रही। दोपहर बाद करीब तीन बजे एएसआई बिमला मौके पर पहुंची और छात्राओं के बयान दर्ज किया।
पुष्पा खत्री, डीएसपी ने बताया कि आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पास्को और छेड़छाड़ की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।