एयरपोर्ट से गुरुग्राम के लिए बुक की कार, गन प्वाइंट पर की लूट, चालक को फेंककर भागे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चार बदमाशों ने गुरुवार सुबह गन प्वाइंट पर नजफगढ़ के झाड़ोदा क्षेत्र में एक ऑन लाइन ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क कंपनी की कार के चालक से मारपीट कर उससे नकदी एवं मोबाइल और कार छीन ली। इसके बाद आरोपी चालक के हाथ-पांव व मुंह पर टेप लगाकर बहादुरगढ़ के बालोर बाईपास डिवाइडर पर फेंककर रोहतक की तरफ फरार हो गए। बदमाशों ने ये गाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट से हायर की थी। वारदात की सूचना पर दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची। बहादुरगढ़ पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद दिल्ली पुलिस को जांच सौंप दी है।
फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी साहिब यादव ने अपनी एक्सेंट कार ओला कंपनी में लगा रखी है। वह खुद ही इसे चलाता है। गुरुवार सुबह किसी युवक ने एयरपोर्ट से गुरुग्राम के लिए उसकी कैब बुक की। साहिब कैब लेकर सुबह करीब चार बजे एयरपोर्ट दिल्ली टी-3 पर पहुंचा। वहां से चार युवक कैब में सवार हो गए। बकौल पीड़ित युवकों ने कहा कि वे नजफगढ़ होते हुए गुरुग्राम जाएंगे।
इस पर साहिब उन्हें नजफगढ़ ले गया। नजफगढ़ आने पर युवकों ने झाड़ोदा तक चलने को कहा। झाड़ोदा गांव से कुछ आगे बार्डर के पास पिछली सीट पर बैठे युवक ने चालक की कमर पर पिस्तौल अड़ा दी और गाड़ी रोकने को कहा। गाड़ी रोकने के बाद चारों ने पिस्तौल के बट से उस पर हमला बोल दिया और उससे मारपीट की। इसके बाद बदमाश उसके हाथ-पांव बांध कर और मुंह पर टेप लगाकर बालोर बाईपास के नजदीक डिवाइडर पर फेंककर फरार हो गए।
रोहतक की तरफ भागे लुटेरे
मारपीट के दौरान बदमाशों ने साहिब से मोबाइल व 10700 रुपये भी छीन लिए और रोहतक की तरफ भाग गए। किसी तरह हाथ-पांव खोलकर वह नजदीक स्थित एक होटल पर पहुंचा और वहां से पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। दिल्ली के बाबा हरिदास नगर थाने से भी पुलिस मौके पर पहुंची।
दो राज्यों के थानों में उलझ गई वारदात
मौके पर दोनों राज्यों के थानों की पुलिस तो मौजूद थी, लेकिन सवाल ये गहरा गया कि एफआईआर दर्ज कहां हो। दरअसल, बहादुरगढ़ पुलिस का तर्क था कि यहां केवल चालक मिला है, वारदात तो दिल्ली क्षेत्र में हुई है। वहीं बाबा हरिदास नगर थाना दिल्ली से आए एक एएसआई ने कहा कि जहां से गाड़ी बुक होकर चली वहीं पर मामले को सौंपा जाए। आखिरकार चालक की शिकायत पर बहादुरगढ़ सदर थाने में ही छीना झपटी की धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ।
नंबर और जीपीएस के आधार पर पकड़ेगी पुलिस
जिस नंबर से गाड़ी बुक की गई, उस आधार पर पुलिस अब बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। गाड़ी में जीपीएस भी लगा हुआ है। हालांकि गुरुवार की सायं तक बदमाश दोनों राज्यों की पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
बहादुरगढ़ से सटा है झाड़ोदा
दिल्ली का झाड़ोदा गांव बहादुरगढ़ से सटा हुआ है। यह गांव बाबा हरिदास नगर थाने के अधीन आता है। बहादुरगढ़ और झाड़ोदा के बीच अक्सर वारदातें होती रही हैं। गत सितंबर माह में नयागांव बाईपास पर ट्रांसपोर्ट से जो गाड़ी छीनी गई थी बदमाश उसे झाड़ोदा में छोड़ गए थे।
हमारे इलाके में चालक मिला है लेकिन वारदात दिल्ली में हुई है। कायदे से बाबा हरिदास नगर थाने में केस दर्ज होना चाहिए, लेकिन वहां की पुलिस ने इंकार कर दिया था। फिर आलाधिकारियों के संज्ञान में लाने के बाद संबंधित धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर बाबा हरिदास नगर थाने भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई दिल्ली पुलिस करेगी। बहादुरगढ़ पुलिस भी बदमाशों को तलाश रही है। -श्रीभगवान, कार्यवाहक एसएचओ सदर थाना, बहादुरगढ़।