बरेली: पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी तस्कर को किया गिरफ्तार, 30 लाख रुपये की स्मैक बरामद
बरेली के मीरगंज में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 20 हजार रुपये के इनामी स्मैक तस्कर साहिब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
विस्तार
बरेली में मीरगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 20 हजार रुपये के इनामी स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कई साल से नशे के धंधे में लिप्त था। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया निवासी साहिब के खिलाफ स्मैक तस्करी का मुकदमा दर्ज था। विवेचना के दौरान उसके पांच अन्य साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि साहिब वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पांच नवंबर को उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
शनिवार को मीरगंज पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर नौगवां रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी साहिब को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से 310 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ट्रक चलाने की आड़ में करता था तस्करी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। अधिक रुपये कमाने के लालच में स्मैक खरीदकर अपनी जरूरत के हिसाब से बेचता था। वह पहले भी हरिद्वार (उत्तराखंड) में जेल जा चुका है। मीरगंज थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कई दिनों से इधर-उधर छिप रहा था।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मीरगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 310 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।