रुद्रपुर में 27वां राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में राज्य आंदोलन में सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम और स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सोमवार को गांधी पार्क में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कड़े संघर्ष के बाद राज्य मिला है। आंदोलनकारियों ने प्राणों की आहुति दी, जेल में यातनाएं सहीं और मातृ शक्ति ने राज्य निर्माण में आधारशिला का काम किया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का तोहफा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया है। मेयर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड का स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं बल्कि राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन भी है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा व ईमानदारी से करें, यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पीएम स्वनिधि लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, चित्रकला व मैराथन विजेताओं को सम्मानित किया गया। वहां दायित्वधारी रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, सीडीओ दिवेश शाशनी, भारत भूषण चुघ आदि मौजूद रहे।