ग्राम रोजगार सेवक संघ मोर्चा के बैनर तले रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को विकास भवन से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा गया। संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने कहा कि रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने और रोजगार सेवकों व उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग की।