कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र के सरैया गांव स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में चोरों ने मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। चोर स्कूल से गैस सिलिंडर, रसोई के बर्तन, नौ छत के पंखे, एलईडी बल्ब, दो सिलाई मशीनें, खेल सामग्री और मोटर समेत हैंडपंप तक उखाड़ ले गए। घटना की जानकारी 26 नवंबर को स्कूल खुलने पर हुई। इंचार्ज अध्यापिका ने पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी है। स्कूल की इंचार्ज अनुराधा विश्नोई ने बताया कि 31 अगस्त को बाढ़ आने के कारण स्कूल के सभी 32 बच्चों को सरैया प्राथमिक स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद से उच्च प्राथमिक स्कूल बंद था। 26 नवंबर को स्कूल खोला गया और बच्चे पढ़ने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों के ताले भी टूटे थे और सामान गायब था। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में ताश की गड्डी भी मिली है। आशंका है कि स्कूल बंद रहने के दौरान यहां जुआ खेलने वालों का आना-जाना रहा होगा। इंचार्ज अध्यापिका ने कोतवाली गंगाघाट में शिकायत करने के साथ ही शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी है।