लुधियाना के पीएयू परिसर में शुक्रवार रात आठ बजे अचानक एयर रेड सायरन गूंज उठा। दो मिनट तक हाई-लो पिच में बजते सायरन के साथ ही ब्लैकआउट शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा माहौल बदल गया। कहीं एनडीआरएफ के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे नजर आए तो कहीं डॉक्टरों की टीमें घायलों को प्राथमिक उपचार देने में सक्रिय हो गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने के लिए मोर्चे पर डट गए। यह किसी वास्तविक हमले की स्थिति नहीं, बल्कि आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल का नजारा था।