फिरोजपुर मंडल में पहली बार विभिन्न विभागों के बीच इंटर-डिपार्टमेंटल वॉलीबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मंडल के विभिन्न विभागों की नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम में अधिकारियों के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। टूर्नामेंट का उद्धघाटन रेलवे ऑफिसर्स क्लब, फिरोजपुर में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने किया। उद्घघाटन मैच इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विभाग की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मैकेनिकल विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में शामिल नौ टीमों को दो पूलों में विभाजित किया गया है। सभी मुकाबले शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मैच 4 अक्तूबर को होगा। टूर्नामेंट का आयोजन वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी राहुल देव की देखरेख में किया जा रहा है। डीआरएम संजीव कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। कर्मचारियों को तनावमुक्त और स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से खेलों व शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं, इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है।