कोटकपूरा में भारत विकास परिषद की दोनों शाखाओं की ओर से श्री दादू दयाल सेवक संघ के सहयोग से स्थानीय डेरा बाबा निहाल दास में तुलसी वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में लोगों को तुलसी के औषधीय एवं धार्मिक महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान करीब 100 तुलसी के पौधे व गमले भी वितरित किए गए। डेरे के मुखी 108 स्वामी श्री निवास महंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी डॉ. राजेश पुरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के अध्यक्षीय मंडल में प्रांतीय पदाधिकारी राकेश सचदेवा, नरेशपाल कांसल, सुभाष गोयल, राजिंदर सिंह सरां, रामकुमार गर्ग, स्वामी विवेकानंद शाखा के प्रधान नरेश गोयल और यशपाल अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई। डेरे के मुखी स्वामी श्री निवास महंत ने तुलसी के औषधीय फायदों और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हर घर में तुलसी का कम से कम एक पौधा जरूर होना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए भी प्रेरित किया। इससे पहले खेती विरासत मिशन के जगतार सिंह ने लोगों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से डेरा प्रमुख स्वामी श्री निवास महंत को गद्दीनशीन होने के 50 वर्ष पूरे होने पर सम्मानित किया गया। श्री दादू दयाल सेवक संघ की ओर से भी सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया।