फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: धर्मपुर में चार साल से बंद लिंक रोड और बस सेवा पर भड़की किसान सभा, आंदोलन की तैयारी

Ankesh Dogra Updated Wed, 26 Aug 2026 10:34 AM IST

धर्मपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरी में स्थानीय समस्याओं को लेकर हिमाचल किसान सभा ने मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। पंचायत में आयोजित बैठक के दौरान किसान सभा की नई कमेटी का गठन किया गया और क्षेत्र की सड़क, बस, शिक्षा, बिजली समेत कई समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में सरी से गरली वाया ब्रेहल, सरी से गरली वाया खेहन्डर, सरी से अंसवाई और शेरपुर वाया खाहबर लिंक रोड को बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। किसान सभा का कहना है कि ये लिंक रोड करीब चार साल से बंद पड़े हैं, लेकिन इन्हें दोबारा खोलने के लिए विभाग और स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। सड़कें बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई गुना अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। सभा ने इन मार्गों को जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। बैठक में सरकाघाट से सरी और आगे जोहड़न-लौंगणी क्षेत्र तक चलने वाली बस सेवा बंद होने का मुद्दा भी उठाया गया। किसान सभा के अनुसार बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभा ने आरोप लगाया कि परिवहन निगम की ओर से विभिन्न रूटों पर कभी बस, कभी स्टाफ और अब टायरों की कमी को कारण बताया जा रहा है। सभा ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए नियमित बस सेवाएं बहाल करने की मांग की। किसान सभा ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्या भी उठाई। सभा के अनुसार सरी स्कूल में प्रधानाचार्य और तीन प्राध्यापकों के पद खाली पड़े हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इसके अलावा रसोई गैस की आपूर्ति नियमित नहीं होने, लौंगणी-सरी सड़क पर सुरक्षा दीवार के निर्माण की धीमी गति और सड़कों में बंद पड़े कलवर्ट व नालियों की समस्या भी बैठक में उठाई गई। बैठक में सरी में नियमित पटवारी की व्यवस्था नहीं होने और बिजली आपूर्ति बाधित रहने की समस्या पर भी चर्चा हुई। किसानों ने बंदरों और अन्य जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान का स्थायी समाधान किए जाने की मांग रखी। किसान सभा का कहना है कि क्षेत्र की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं और अब इनके समाधान के लिए संगठित तरीके से आवाज उठाई जाएगी। किसान सभा ने बताया कि 5 सितंबर को सजाओपीपलू में होने वाले खंड सम्मेलन में इन मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इसी रणनीति के आधार पर आंदोलन और अन्य कार्यक्रम तय किए जाएंगे। बैठक में भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किसान सभा की पंचायत कमेटी गठित की गई। सूबेदार रामलाल को प्रधान, ख्याली राम को वरिष्ठ उपप्रधान, तारा चंद को उपप्रधान और कृष्ण देव गुलेरिया को सचिव चुना गया। रणजीत सिंह और गुलाब सिंह को सहसचिव तथा प्रताप सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। रुपलाल गुलेरिया, हंसराज गुलेरिया और रामचंद्र को सलाहकार चुना गया। इसके अलावा कई अन्य लोगों को कमेटी सदस्य बनाया गया। किसान सभा ने स्पष्ट किया कि सरी पंचायत की स्थानीय समस्याओं को लेकर अब अभियान चलाया जाएगा और 5 सितंबर के खंड सम्मेलन में तय योजना के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें