पंचायतों में विकास कार्य करवाने के दौरान पेश आ रही समस्याओं को लेकर झंडूता प्रधान-उपप्रधान महासंघ ने आवाज उठाई है। शनिवार शाम ग्राम पंचायत झंडूता में महासंघ की बैठक हुई। इसमें उपमंडल की विभिन्न पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों ने भाग लिया। बैठक में पंचायतों के कामकाज और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। महासंघ के अध्यक्ष राकेश चंदेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करवाने के दौरान आ रही दिक्कतों को साझा किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान होना जरूरी है, ताकि पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित न हों और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक के बाद महासंघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास खंड अधिकारी झंडूता संजीव पुरी को ज्ञापन सौंपा। इसमें पंचायतों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं से विभाग को अवगत करवाते हुए उनके समाधान की मांग की गई। इस मौके पर झंडूता उपमंडल की विभिन्न पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान उपस्थित रहे।