हिमाचल में लगातार बारिश से मंगलवार को कालका के हंडिया मोहल्ले के पास बहने वाली सुखना-चो (बरसाती नदी) में अचानक तेज बहाव आ गया। जलस्तर बढ़ने पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे मजदूर समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। नदी के बीच मौजूद जेसीबी को भी चालक ने समय रहते किनारे पहुंचा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासी सितार चंद सहित प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाल में हुई भारी बारिश और नदी के तेज बहाव से हंडिया मोहल्ले के पास पुल क्षतिग्रस्त होने के साथ आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद प्रशासन यहां राहत कार्य चला रहा है। मंगलवार को हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में तेज बारिश के बाद सुखना-चो का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा। देखते ही देखते पानी का बहाव तेज हो गया। उस समय कुछ मजदूर नदी के आसपास राहत कार्य में जुटे थे। पानी बढ़ता देख काम रोककर सभी सुरक्षित स्थान पर चले गए। इसी दौरान नदी के बीच मौजूद जेसीबी भी तेज बहाव की चपेट में आने से बच गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने मशीन को नदी किनारे पहुंचा दिया। प्रशासन की ओर से यहां राहत एवं बचाव कार्य जारी है।