नगर की सोना एनक्लेव निवासी 72 वर्षीय कारोबारी संतोष वार्ष्णेय ने गांव काजमपुर के ग्राम प्रधान मनोज चौधरी पर पार्क में रखी निर्माण सामग्री नष्ट करने का आरोप लगाया है। आरोपी ग्राम प्रधान ने विरोध करने पर कारोबारी से अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कार्रवाई की मांग को लेकर कारोबारियों ने प्रदर्शन किया। कारोबारी ने आरोपी प्रधान पर कार्रवाई नहीं होने पर पलायन की चेतावनी दी है। पुलिस ने आरोपी ग्राम प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोना एनक्लेव कॉलोनी निवासी संतोष वार्ष्णेय नगर के बड़े कारोबारी है। संतोष वार्ष्णेय ने बताया कि हरे कृष्णा सोसायटी में वह मकान निर्माण कर रहे है। उन्होंने बताया कि लगभग 3.5 लाख रूपये कीमत की टाईल्स, ग्रेनाईट पत्थर आदि समेत अन्य निर्माण सामग्री पार्क में रखी हुई थी। आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाले गांव काजमपुर के ग्राम प्रधान मनोज चौधरी ने बीती 16 तारीख को निर्माण सामग्री मिट्टी खनन में लगे डंपरों में भरवाकर नष्ट कर दी। वह लखनऊ से लौटे तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने प्रधान मनोज चौधरी से घटना का विरोध जताया तो आरोपी ने उससे अभद्रता करते हुए गाली गलौंज की। कारोबारी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना से कारोबारी और परिवार दहशत में है। कारोबारियों ने शनिवार को आरोपी ग्राम प्रधान पर कार्रवाई की मांग को प्रदर्शन किया। कारोबारी सतोंष वार्ष्णेय ने कहा कि आरोपी की दबंगई के कारण वह पलायन के लिए मजबूर है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के अनुसार ग्राम प्रधान मनोज चौधरी निवासी काजमपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पक्ष जानने के लिए आरोपी ग्राम प्रधान मनोज चौधरी को कॉल किया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।