विदिशा नगर के विकास कार्यों में हो रही देरी और प्रशासन की अनदेखी से नाराज विदिशा नगर पालिका के पार्षदों का आंदोलन अब उग्र रूप ले चुका है। बीते 27 दिनों से लगातार धरने पर बैठे पार्षदों ने अब विरोध का एक अलग ही अंदाज़ अपनाते हुए अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया, जिससे पूरे शहर में चर्चा का माहौल बन गया।
पार्षदों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क, नाली, पानी, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक नगर पालिका प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी नाराजगी के चलते इससे पहले पार्षदों ने नगर पालिका की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर भी विरोध दर्ज कराया था, लेकिन उसका भी कोई असर नजर नहीं आया।
धरना स्थल पर मौजूद पार्षदों का साफ कहना है कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि केवल शहर के विकास के लिए लड़ी जा रही है। उनका आरोप है कि इतने लंबे समय बाद भी स्थानीय अधिकारियों के कानों तक उनकी आवाज नहीं पहुंच रही है।
ये भी पढ़ें- Indore News: कलेक्ट्रेट पर भिड़े पुलिस और कांग्रेसी, पानी की बौछारों से कार्यकर्ताओं को हटाया
इस बीच विधायक मुकेश टंडन आज दूसरी बार धरना स्थल पर पहुंचे और पार्षदों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समाधान का भरोसा दिलाया है, लेकिन पार्षदों का कहना है कि जब तक ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। विदिशा में पार्षदों का यह अनोखा विरोध अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनता जा रहा है। जनता भी इस आंदोलन को गंभीरता से देख रही है।