दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में खाद लेने आए 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर अधिक शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने पथरिया के संजय चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान चारों ओर का आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों की समझाइश और जांच के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
मृतक की पहचान किन्द्रहो गांव निवासी 45 वर्षीय धनीराम पटेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धनीराम शुक्रवार को खाद लेने के लिए पथरिया आए थे। परिजनों के मुताबिक, गांव के भूरे और भूपेंद्र उन्हें अपने साथ लेकर आए थे। शुक्रवार शाम धनीराम रजवास तिराहे पर एक ढाबे के पास बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां ड्यूटी डॉक्टर आशा भंवरिया ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मरचुरी में रखवा दिया गया।
परिजनों ने लगाया शराब पिलाने का आरोप
मृतक के भतीजे श्यामलाल पटेल ने बताया कि उनके चाचा को भूरे और भूपेंद्र खाद लेने के लिए पथरिया लेकर आए थे। बाद में वे रजवास तिराहे के पास बेहोशी की हालत में मिले। परिजनों का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने उन्हें अधिक शराब पिलाई और बेहोश होने के बाद छोड़कर चले गए। मृतक की साली भगवती पटेल ने भी आरोप लगाया कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
संजय चौराहे पर शव रखकर किया प्रदर्शन
शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोपहर में परिजनों ने संजय चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन दोनों आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रिया सिंधी और पथरिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
दो घंटे बाद खत्म हुआ चक्काजाम
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद परिजन तत्काल मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। हालांकि, दोपहर करीब दो बजे पुलिस की समझाइश के बाद परिजन प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमत हो गए। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया गया।
ये भी पढ़ें- 'क्रम जारी रहेगा...': प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, इस बार भी जवानों से मिलेंगे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
परिजनों ने धनीराम की मौत का कारण अधिक शराब का सेवन बताया है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।