जबलपुर से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी बी-3 कोच में रविवार रात सांप दिखाई देने की सूचना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के दमोह रेलवे स्टेशन पहुंचते ही सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने कोच की तलाशी शुरू कराई। सांप की तलाश के लिए सपेरों को भी बुलाया गया। करीब एक घंटे तक चले सर्चिंग अभियान के बाद भी सांप का कोई सुराग नहीं मिला।
यात्री ने कोच में सांप देखने की दी सूचना
घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। जबलपुर से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दमोह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची थी। इसी दौरान एसी बी-3 कोच में मौजूद एक यात्री ने सांप दिखाई देने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर को अवगत कराया गया और आरपीएफ पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
बीन बजाकर सपेरों ने भी की तलाश
ट्रेन के रुकते ही सपेरों ने एसी कोच के अंदर सांप की तलाश शुरू की। बीन बजाकर भी उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया, वहीं आरपीएफ पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने कोच के अंदर अलग-अलग हिस्सों में जांच की। करीब एक घंटे तक खोजबीन के बावजूद सांप दिखाई नहीं दिया।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में हाईवोल्टेज ड्रामा: एफआईआर के लिए 4 घंटे थाने के गेट पर बैठी युवती, भाजपा नेताओं पर धमकी का आरोप
अन्य कोचों से भी प्लेटफार्म पर उतरे यात्री
सांप होने की सूचना फैलते ही ट्रेन के अन्य कोचों में बैठे यात्री भी प्लेटफार्म पर उतर आए। कई यात्री दूर खड़े होकर बी-3 कोच की ओर देखते रहे और सर्चिंग अभियान के बारे में जानकारी लेते रहे। करीब एक घंटे की तलाशी के बाद भी सांप नहीं मिलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
रात 11 बजे सागर रवाना हुई ट्रेन
जांच के बाद कोच में सांप नहीं होने की पुष्टि होने पर यात्रियों को निश्चिंत कराया गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को सागर रवाना किया गया। सर्चिंग के चलते ट्रेन करीब एक घंटे देरी से चली। इस दौरान आरपीएफ पुलिस और स्टेशन मास्टर सहित रेलवे के संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।