जिले के पारेगांव रोड पर महज 100 रुपए के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दो युवकों की पुरानी दुश्मनी के चलते एक बेकसूर युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने उसे भोपाल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान राजेश परते के रूप में हुई है, जो आरोपी सोनू देशमुख के यहां वेल्डिंग और बिजली फिटिंग का काम करता है।
जानकारी के अनुसार आरोपी सोनू देशमुख और अभिषेक नामक युवक के बीच पिछले 2-3 दिनों से रंजिश चली आ रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जुए को लेकर विवाद हुआ था जिसमें सोनू की पिटाई हो गई थी। तभी से सोनू अभिषेक से बदला लेने की फिराक में था। घटना के संबंध में पीड़ित के भांजे प्रांजल दुबे ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच अभिषेक ने राजेश को 100 रुपए दिए थे। जब इस बात की जानकारी सोनू को लगी तो वह आगबबूला हो गया। उसका कहना था कि तूने मेरे दुश्मन से पैसे क्यों लिए।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर: क्लीनिक के वेटिंग एरिया में मरीज का मोबाइल फटा, आग लगते ही मची भगदड़, बड़ा हादसा टला
भांजे प्रांजल ने बताया कि सोनू शराब पीने का आदी है और वह बोतल में पेट्रोल भरकर अभिषेक को जलाने के लिए पेट्रोल लेकर ढूंढ रहा था। किसी ने उसे बता दिया कि राजेश ने अभिषेक से 100 रुपए लिए हैं। इस पर सोनू ने राजेश से कहा कि तू मेरे दुश्मन से पैसा ले रहा है उसके ऊपर ही पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची मुलताई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान और परिजनों के कथन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। महज 100 रुपए के लिए इस तरह की खौफनाक वारदात ने मानवता को शर्मसार कर दिया है और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।