Cyber Crime: सावधान! Gambling App के चक्कर में रुपये गंवा रहे युवा, शिकार होने पर इस नंबर पर करें शिकायत
Cyber Crime: ऐसे किसी भी एप का इस्तेमाल न करें, जिसके बारे में पूरी जानकारी नहीं हो। इस तरह की ठगी पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत के बाद ट्रांजेक्शन आईडी से लेनदेन रोक दी जाती है। अभिनेता, अभिनेत्री और क्रिकेटरों के डीप फेक वीडियो बनाकर युवाओं को फंसाया जा रहा है। इन वीडियो को देखकर किशोर और युवा एप के पीछे पड़ जा रहे हैं।
विस्तार
ऑनलाइन गैंबलिंग एप पर कम पैसा लगाने और हजारों, लाखों रुपये जीतने के चक्कर में युवा अपनी पूंजी गंवा रहे हैं। चाय की अड़ी, साड़ी की गद्दी, होटल और रेस्टोरेंट में ये खेल खूब खेला जा रहा है।
किशोर और युवा वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ऑनलाइन जुआ खेलने वालों में युवतियों की भी संख्या अधिक है। डर की वजह से साइबर क्राइम थाने में शिकायत तक नहीं कर रहे। ऑनलाइन जुआ खेलने पर उन्हें गिरफ्तारी या पूछताछ का डर सता रहा है। साइबर क्राइम थाने के विशेषज्ञों ने बताया कि सोशल मीडिया पर गैंबलिंग एप की बाढ़ आई हुई है।
डेमो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर विज्ञापन के रूप में इसे प्रमोट किया जा रहा है। ज्यादातर गेमिंग एप और वेबसाइट चीन के हैं। ये क्लाउड बेस्ड डेटा मैनेजमेंट है। पूरा ऑपरेशन चीन से ही चल रहा है। विशेषज्ञ श्याम लाल ने बताया कि ऐसे किसी भी एप का इस्तेमाल न करें, जिसके बारे में पूरी जानकारी नहीं हो। इस तरह की ठगी पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत के बाद ट्रांजेक्शन आईडी से लेनदेन रोक दी जाती है।
अभिनेता और क्रिकेटरों के डीप फेक वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर गैंबलिंग एप को बढ़ावा देने के लिए साइबर अपराधी सक्रिय हैं। अभिनेता, अभिनेत्री और क्रिकेटरों के डीप फेक वीडियो बनाकर युवाओं को फंसाया जा रहा है। इन वीडियो को देखकर किशोर और युवा एप के पीछे पड़ जा रहे हैं। पहले इन्हें छोटी रकम जिताई जाती है, फिर जैसे ही युवा बड़ी रकम लगाते हैं, उनके साथ खेल हो जाता है।
केस 1
बरेका निवासी स्नातक के छात्र अमित कुमार के मोबाइल पर मैसेज आया कि दस रुपये लगाइए और लखपति बन जाइए। अमित ने जैसे ही नियम को फॉलो किया और खाते से दस हजार रुपये गंवा बैठे।
केस 2
महमूरगंज की एक कंपनी में काम करने वाली सुप्रिया ने ऑनलाइन गैंबलिंग एप पर 50 हजार रुपये लगाए। नतीजा पैसे डूब गए। परिजनों ने स्थानीय थाने में शिकायत की, उन्हें साइबर सेल भेज दिया गया।
केस 3
तिलमापुर के रहने वाले अंकित मिश्रा तीन माह पूर्व टेलीग्राम पर एक ग्रुप में जुड़े। ऑफर में एक हजार रुपये से शुरुआत की और दस हजार जीत गए। फिर दो लाख का निवेश किया और रुपये गंवा बैठे।