योगी राज का असर, सात दर्जन से ज्यादा फर्जी स्कूलों को नोटिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शासन की सख्ती पर सक्रिय हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पिंडरा और हरहुआ के खंड शिक्षाधिकारियों ने सात दर्जन से ज्यादा ऐसे स्कूलों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नोटिस का जवाब मिलने के बाद इन स्कूलों के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। पिंडरा ब्लॉक में संकुल प्रभारियों ने अभियान चलाकर 50 ऐसे प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को चिह्नित किया है, जो लंबे समय से बिना मान्यता के चल रहे थे।
शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से इन स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। एबीएसए अशोक कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में इन स्कूलों से जवाब मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कराने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चिह्नित किए गए स्कूलों में अध्ययन कर रहे बच्चों को नजदीक के दूसरे विद्यालयों में नामांकन कराने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह हरहुआ क्षेत्र में 40 से ज्यादा अवैध स्कूल चिह्नित किए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी दुर्गा प्रसाद सिंह ने बताया कि इन सभी स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। पूरे क्षेत्र में शनिवार को विशेष अभियान चलाकर बाकी फर्जी स्कूलों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद मुकदमा दर्ज कराने के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, चिरईगांव के बीआरसी आशापुर में शुक्रवार को एबीएसए ने संकुल प्रभारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय जहां भी मिलें, तत्काल उन्हें नोटिस जारी करं। उसके बाद प्रबंधक और प्रधानाध्याकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।