यूपी: गाजीपुर में पुलिस कार्रवाई के बाद मची भगदड़, नदी में कूदे दो युवक; एक लापता; तलाश में जुटी एनडीआरएफ
पैमाइश के विवाद में पुलिस कार्रवाई के बाद दो युवक नदी में कूद गए। इनमें के एक लापता हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि लाठीचार्ज के बाद भगदड़ मची। इस दौरान पुलिस से बचने के दौरान हादसा हुआ।
विस्तार
गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के चककमौरा गांव में बुधवार देर शाम जमीन की पैमाइश के दौरान हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब पुलिस कार्रवाई के बाद भगदड़ मच गई। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस से बचने के लिए भाग रहे दो युवक संमनपुर के पास बेसो नदी में कूद गए। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा नदी में डूबने के बाद लापता हो गया। बृहसपतिवार सुबह तक उसका पता नहीं चल सका था।
लापता युवक की पहचान चककमौरा निवासी रामबाबू (22) पुत्र चंद्रमा राम के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम राजस्व टीम जमीन की पैमाइश कर रही थी। इसी दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
इसी दौरान पुलिस से बचकर भाग रहे रामबाबू समेत दो युवक संमनपुर के पास बेसो नदी में कूद गए। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि रामबाबू नदी में डूब गया। रात में प्रशासन की ओर से युवक के लापता होने की बात कही जा रही थी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ने पर मोहम्मदाबाद एसडीएम, क्षेत्राधिकारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम और दो गोताखोरों को नदी में उतारकर रामबाबू की तलाश शुरू कराई गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पैमाइश के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे भगदड़ मची और पुलिस से बचकर भागते हुए युवक नदी तक पहुंच गया। इसी दौरान उसके नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में लगी है। शव मिलने के बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि डूबने से मौत हुई है या युवक कहीं और लापता है। पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।