World Earth Day: 22 अप्रैल को अमृत सरोवर के साथ खींचे सेल्फी, पीएम-सीएम को करें टैग
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर 22 अप्रैल को शहर और ग्रामीण अंचलों व ग्राम पंचायतों में ‘सेल्फी विद अमृत सरोवर’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें उसकी फोटो, वीडियो, वाइस मैसेज, मैसेज को ट्वीटर एवं अन्य सोशल मिडिया पर अपलोड कराया जाएगा।
विस्तार
पर्यावरण की रक्षा के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन ने नई पहल की है। विश्व पृथ्वी दिवस पर 22 अप्रैल को विशेष अभियान चलाया जाएगा। सेल्फी विथ अमृत सरोवर के माध्यम से लोगों को गांवों में बने अमृत सरोवर के साथ सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर पोस्ट करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
हैशटैग के साथ वह इस फोटो को पीएम, सीएम, केंद्रीय मंत्री सहित अन्य मंत्रियों को टैग करेंगे। इस जन अभियान के माध्यम से जहां अमृत सरोवरों के वास्तविक स्थिति की जानकारी होगी तो जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोग जागरुक होंगे।
पृथ्वी पर पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुक करने के लिए प्रत्येक वर्ष 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। इस दिन विभिन्न कार्यक्रम होते हैं। इस बार इन कार्यक्रमों में सेल्फी विथ अमृत सरोवर को भी शामिल किया गया है। स्वतंत्रता के अमृत काल में सरकार के निर्देश पर गांव और निकायों में अमृत सरोवर बनाए गए थे।
ये भी पढ़ें: 'मैं नहीं रहना चाहती हूं इस दुनिया में..': आकांक्षा दुबे ने क्यों कहे ये शब्द, जानिए-वीडियो में लिया किसका नाम
कई क्षेत्रों में इन अमृत सरोवरों को आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है तो कहीं उसकी समुचित देखभाल नहीं हो रही। इसके चलते यह सरोवर फिर से बदहाल होने लगे हैं। अमृत सरोवरों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुकता के मकसद से सरकार ने सेल्फी विथ अमृत सरोवर को अभियान के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।
ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने इस बारे में पत्र जारी कर सभी जिलों के डीएम और जिला कार्यक्रम समन्वयकों को निर्देशित किया है। डीसी मनरेगा रमेश यादव की ओर से सभी बीडीओ और ब्लाक परियोजना समन्वयकों को पत्र भेजा गया है।