विश्व सीओपीडी दिवस: मौसम के बदलाव से सांस की समस्या, फेफड़ों पर बढ़ रहा दबाव; बचाव के लिए डॉक्टरों दी सलाह
मौसम के बदलाव से सांस की समस्या बढ़ रही है। साथ ही फेफड़ों पर दबाव बढ़ रहा है। पहले साल में तीन बाद मौसम बदलता था, लेकिन अब दिन में तीन बार बदलाव हो रहा है। ऐसे में सांस की समस्या से जूझ रहे मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
विस्तार
मौसम के तेजी से बदलते मिजाज का सीधा असर सेहत पर पड़ता है। सुबह हल्की सिहरन, दिन में धूप से गर्मी और रात में ठंड ज्यादा लगना। इस तरह के मौसमी बदलाव की वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव भी होता है। डॉक्टर के अनुसार मौसमी बदलाव की वजह से से सांस संबंधी समस्या बढ़ जाती है और फेफड़े पर दबाव भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहता है। ऐसे समय में अगर सावधानी नहीं बरती गई तो सीओपीडी होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ठंड के शुरूआती दो महीनों में सीओपीडी की समस्या वाले मरीज इलाज करवाने पहुंचते हैं।
हर साल नवंबर के तीसरे बुधवार को सीओपीडी दिवस मनाया जाता है। इस साल 18 नवंबर को यह दिवस मनाया जाएगा। जहां तक सीओपीडी की बात है तो अस्पतालों में चेस्ट फिजिशियन की ओपीडी में नवंबर-दिसंबर महीने में हर सप्ताह 20 नये मरीज आते हैं।
बीएचयू टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट के पूर्व हेड प्रो.जीएन श्रीवास्तव का कहना है कि सीओपीडी यानी क्रोनिक आब्स्ट्रेक्टिव पल्मोनरी डिजीज। यह फेफड़े की गंभीर बीमारी है। इसमें सांस की नलियों में सूजन और सिकुड़न आ जाती है, जिससे मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है। बदलते तापमान, ठंडी हवा, धूल और प्रदूषण के संपर्क में आने से मरीजों में इसके लक्षण बढ़ सकते हैं।
खासकर सुबह और देर शाम घर से बाहर निकलने पर उन्हें अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। पहले साल में तीन बार मौसम बदलता था, अब दिन में तीन बार बदल रहा है। ऐसे में सांस संबंधी बीमारी से परेशान मरीजों को ज्यादा सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। इस तरह की बीमारी में लापरवाही बरतने पर हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। अगर कोई सिगरेट पी रहा है तो सामने वाले को धुएं से दूर रहना चाहिए। इस धुएं से भी सांस संबंधी परेशानी बढ़ती है।
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. मनीष यादव का कहना है कि इन दिनों ओपीडी में आने वाले मरीजों को मौसम के बदलाव के समय सेहत के प्रति ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। खांसी आने, सांस फूलने, सीने में दर्द आदि की समस्या पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें; एक फीट जमीन के लिए खूनी खेल: स्कॉर्पियो से नौ लोगों को रौंदा, चाची और चचेरे भाई की मौत; सात लोग गंभीर
सीओपीडी के मरीजों के लिए तापमान में अचानक बदलाव परेशानी बढ़ाने वाला हो सकता है। ठंडी हवा के संपर्क में आने से सांस की नलियां सिकुड़ सकती हैं। वहीं धूल, धुआं और प्रदूषण फेफड़ों में जलन और सूजन को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में मरीजों को खांसी, घरघराहट, बलगम और सांस फूलने की समस्या अधिक महसूस हो सकती है। पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
