Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Hockey ›   Women’s Asian Champions Trophy 2026: India to Face Malaysia in Opening Match in Bhopal Tomorrow

हॉकी: भोपाल में कल से शुरू होगी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, पहले मुकाबले में मलयेशिया से भिड़ेगी भारतीय टीम

Wed, 18 Nov 2026 09:13 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 18 Nov 2026 09:13 PM IST
सार

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन होगा। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने पहले मुकाबले में 19 नवंबर को मलेशिया से भिड़ेगी। छह टीमों के इस टूर्नामेंट में भारत की नजर चौथी बार खिताब जीतकर सबसे सफल टीम बनने पर है। प्रतियोगिता के दौरान 22 नवंबर को नाथू बरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का उद्घाटन भी होगा।

विज्ञापन
Women’s Asian Champions Trophy 2026: India to Face Malaysia in Opening Match in Bhopal Tomorrow
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी - फोटो : IANS

विस्तार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार (19 नवंबर) से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना मलेशिया से होगा। यह मुकाबला भोपाल के नाथू बरखेड़ा गांव में नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में भारत समेत छह टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम इस बार रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगी।
विज्ञापन
Trending Videos

भारत का मुकाबला कार्यक्रम
टूर्नामेंट के लीग चरण में सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला खेलेंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलयेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद भारत का सामना 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से होगा। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि कांस्य पदक का मुकाबला और फाइनल 28 नवंबर को होगा। खिताबी मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

चौथी बार खिताब जीतने पर भारत की नजर
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले दो संस्करणों में खिताब अपने नाम किया है। भारत और दक्षिण कोरिया दोनों ने अब तक तीन-तीन बार यह टूर्नामेंट जीता है। ऐसे में इस बार खिताब जीतकर भारत प्रतियोगिता के इतिहास की सबसे सफल टीम बनने का मौका अपने पास रखता है।
  • भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है। टीम ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित एफआईएच महिला नेशंस कप 2026 में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर खिताब हासिल किया और एफआईएच प्रो लीग में जगह बनाई।
  • इसके अलावा भारतीय टीम ने बेल्जियम में आयोजित महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया। यह 1974 के बाद विश्व कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं, जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल के अंतराल के बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।
विज्ञापन

22 नवंबर को होगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन के बीच 22 नवंबर को नाथू बरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग शामिल होंगे। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मशहूर गायक सुखविंदर सिंह अपनी प्रस्तुति देंगे।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी देखने का मौका
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्य प्रदेश में इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी देखने और खेल को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से मध्य प्रदेश की पहचान अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत होगी। साथ ही, विशेष रूप से बालिकाओं और युवतियों को हॉकी सहित अन्य खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।मंत्री ने कहा कि नाथू बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश में भविष्य में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के अवसर भी बढ़ाएगा।

तैयारियों का लिया गया जायजा
टूर्नामेंट और उद्घाटन समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों और दर्शकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed