घाट की सीढ़ी से गिरकर महिला की मौत: आंध्र प्रदेश से सपरिवार काशी आईं थीं इंद्रावतम्मा, गंगा स्नान के बाद हादसा
आंध्र प्रदेश के चित्तूर की रहने वाली इंद्रावतम्मा (70) सपरिवार काशी भ्रमण पर आई थीं। बुधवार की सुबह गंगा स्नान के बाद मानमंदिर घाट की सीढ़ी से गिरकर वो घायल हो गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
विस्तार
वाराणसी के दशाश्वमेध स्थित मानमंदिर घाट पर बुधवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान सीढ़ी से गिरकर महिला घायल हो गई। जल पुलिस ने महिला को मारवाड़ी अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर महिला को मंडलीय अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान देर शाम महिला की मौत हो गई।
आंध्र प्रदेश के चित्तूर की रहने वाली इंद्रावतम्मा (70) सपरिवार काशी भ्रमण पर आई थीं। सुबह गंगा स्नान के बाद सीढ़ी पर चढ़ने के दौरान इंद्रावतम्मा गिरकर घायल हो गईं। पुलिस ने महिला को तत्काल मारवाड़ी अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने महिला को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर शाम महिला की मौत हो गई।
रानी घाट पर बच्ची डूबी, मां को बचाया गया
आदमपुर थाना क्षेत्र के रानी घाट पर बुधवार शाम गंगा स्नान के दौरान मां-बेटी डूबने लगीं। घाट पर मौजूद महिलाओं ने किसी प्रकार मां को तो बचा लिया लेकिन 12 वर्ष की ओशिका पांडेय गहरे पानी में डूब गई। सूचना पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बच्ची के शव को पानी से बाहर निकाला। ओशिका की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।
ये भी पढ़ें: बड़े भाई का जन्मदिन मनाने आया युवक गंगा में डूबा, भाई-बहनों और दोस्तों में मचा कोहराम
भदऊचुंगी निवासी ओशिका के पिता मनीष पांडेय कांग्रेसी नेता हैं। उनके परिवार के लोग भदऊचुंगी तिराहे के पास पेट्रोल पंप चलाते हैं। बच्ची के मौत की खबर फैलने के बाद भदऊचुंगी स्थित उनके निवास पर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के साथ दर्जनों शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई थी। मनीष की पत्नी गार्गी अपनी 12 वर्षीया बेटी ओशिका के साथ शाम को प्रह्लाद घाट के बगल में स्थित रानी घाट गई थी।
गंगा स्नान के दौरान ओशिका का हाथ छूट गया और वह गहरे पानी में चली गई। मां गार्गी ने बेटी को डूबता देख पानी में आगे बढ़ी, लेकिन वह भी डूबने लगी। घाट पर मौजूद नाविकों ने पानी में छलांग लगा कर गार्गी को तो बचा लिया, लेकिन ओशिका डूब गई। ओशिका कक्षा आठ की छात्रा थी। बच्ची की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।