Varanasi News: शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में लगी आग, लाखों के सामान जलकर राख; अफरातफरी
Varanasi News: वाराणसी के जंसा क्षेत्र स्थित परमपुर में शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में आग लग गई। आग से मशीन, तैयार माल और कच्चा सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। हादसे में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई।
विस्तार
Varanasi News: जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर के समीप सोमवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की इस घटना में मशीन, तैयार दोना-पत्तल, कच्चा माल और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकान संचालक ने करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, परमपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा की फर्नीचर की दुकान में दोना-पत्तल बनाने की दो मशीनें लगी हैं। सोमवार दोपहर करीब दो बजे उनका बेटा मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से मशीन में आग भड़क उठी। आग की चिंगारियां दुकान में रखे तैयार दोना-पत्तल और कच्चे माल पर गिर गईं, जिससे कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और आग की लपटों से घिर गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजेंद्र प्रसाद के बेटे ने तत्काल मशीन बंद कर दुकान से बाहर निकलकर डायल-112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही जंसा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।
काफी देर की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं और एक बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आने से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन, तैयार माल, कच्चा माल तथा दुकान में रखा अन्य सामान पूरी तरह जल गया। दुकान संचालक ने बताया कि इस हादसे में लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने समय पर दमकल पहुंचने से बड़ी दुर्घटना टलने पर राहत जताई।
