वाराणसी: प्रयागराज-बनारस के बीच गंगा किनारे बनेगा एक्सप्रेस-वे, प्राथमिक सर्वे पूरा, जमीन अधिग्रहण होगा शुरू
प्रयागराज-वाराणसी एक्सप्रेस-वे के काम में प्राथमिक सर्वे का काम पूरा हो चुका है। यूपीडा अब रूट के गांव चिह्नित कर सीमांकन करेगा। अधिग्रहण वाले गांवों के किसानों से सहमति के आधार पर प्रशासन जमीन लेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहाड़ से निर्मल गंगा के मैदान में उतरने के साथ ही उसके समानांतर वाराणसी तक एक्सप्रेस-वे की योजना अब मूर्त रूप लेने लगी है। हरिद्वार से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे को आगे वाराणसी तक लाने के लिए गंगा किनारे के गांवों को सहारा लिया जाएगा।
प्रयागराज से वाराणसी के बीच का प्राथमिक सर्वे पूरा कर लिया गया है। अब अधिग्रहण वाले गांवों के किसानों से सहमति के लिए प्रशासन खुली बैठक करेगा। फिलहाल इसी सप्ताह यूपीडा के अधिकारियों की वाराणसी प्रशासन के साथ समन्वय बैठक के बाद आगे की रूपरेखा तय होगी।
गंगा एक्सप्रेस-वे को रामनगर मल्टीमॉडल टर्मिनल से जोड़ने के लिए दो विकल्प तैयार किए गए हैं। इसमें चुनार होते हुए रामनगर तक गंगा एक्सप्रेस-वे के समापन के साथ ही दूसरा विकल्प अखरी चौराहे पर एनएच-2 से मिलेगा। दोनों जगहों का सर्वे कराया जा चुका है। प्रयागराज से वाराणसी के बीच नया रूट बनाने की तैयारी है।
एक्सप्रेस-वे के लिए नए सिरे से जमीन अधिग्रहित की जाएगी। प्रयागराज से भदोही, मिर्जापुर होते हुए गंगा एक्सप्रेस वे को रामनगर के मल्टी मोडल टर्मिनल तक पहुंचाया जाएगा। इसमें मिर्जापुर के करीब 43 गांव, भदोही और वाराणसी के भी 30-30 गांव शामिल हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे चुनार के बाद वाराणसी में प्रवेश कर सकती है। कछवां होते हुए चुनार के बाद वाराणसी के करीब 33 गांवों से होकर रामनगर तक यह सिक्सलेन सड़क पहुंच सकती है।
सबसे ज्यादा मिर्जापुर जिले की लेंगे जमीन
पिछले दिनों यूपीडा के अधिकारियों ने वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही जिला प्रशासन से प्रस्तावित मार्गों के आसपास की जमीनों का ब्यौरा मांगा है। इसमें जमीनों की प्रकृति, क्षेत्रफल, मूल्यांकन आदि की रिपोर्ट तैयार की जानी है। अधिकारियों के मुताबिक इसमें सबसे ज्यादा मिर्जापुर जिले की जमीन ली जाएगी।
प्रयागराज से वाराणसी के बीच 150 किलोमीटर की होगी दूरी
गंगा एक्सप्रेस-वे के बन जाने से अब प्रयागराज से वाराणसी के बीच की दूरी 150 किलोमीटर हो जाएगी। शासन की मंशा है कि गंगा एक्सप्रेस-वे को वाराणसी के साथ-साथ गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली समेत पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों को जोड़ा जाए। इसके साथ ही बिहार से लिंक करने की भी संभावना तलाशी जाए। रामनगर तक प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे को अब रिंग रोड तक विस्तार देने की भी तैयारी शुरू हो गई है।
गंगा एक्सप्रेस के सर्वे और वर्तमान स्थिति के लिए यूपीडा के अधिकारियों की बैठक भी इसी सप्ताह बुलाई गई है। अब तक की गई कार्यों की समीक्षा की जाएगी। - कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी
एक नजर में
- 700 किलोमीटर होगी लंबाई
- 150 किलोमीटर होगी प्रयागराज-वाराणसी की होगी दूरी
- 7200 करोड़ रुपये का हुआ आवंटन
- 150 किलोमीटर की दूरी तय करने में 136 गांवों से गुजरेगी एक्सप्रेस वे
- किसानों से सहमति के लिए प्रशासन करेगा समन्वय बैठक