फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Satellite phone found in foreign traveler bag FIR lodged for extortion 50 lakh rupees

Varanasi News Today: विदेशी यात्री के बैग से मिला सैटेलाइट फोन, 50 लाख की रंगदारी में FIR; पढ़ें खबरें

Sun, 01 Mar 2026 05:50 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 01 Mar 2026 05:50 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी स्थित बाबतपुर एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विदेशी यात्री के बैग से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन मिला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, शिवपुर में जमीन के बैनाने में धोखाधड़ी और 50 लाख की रंगदारी के मांगने मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Satellite phone found in foreign traveler bag FIR lodged for extortion 50 lakh rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी यात्री के बैग से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन मिला। सीआईएसएफ ने तत्काल उसे हिरासत में लिया और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्विट्जरलैंड का निवासी आंद्रे सिरिल है, वह मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। 

विज्ञापन


सीआईएसएफ कमांडेंट सुचित सिंह ने बताया कि एयर इंडिया के विमान संख्या एआई 696 से वाराणसी से मुंबई जा रहे स्विट्जरलैंड के नागरिक आंद्रे सिरिल के बैग की सिक्योरिटी होल्ड एरिया में स्कैनिंग की, जिसमें संदिग्ध उपकरण दिखाई दिया। बैग की तलाशी ली गई तो उसमें सैटेलाइट फोन मिला। 
विज्ञापन


भारत में सुरक्षा मानकों के अनुसार बिना पूर्व अनुमति सैटेलाइट फोन ले जाना प्रतिबंधित है। सीआईएसएफ ने यात्री को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाबतपुर पुलिस चौकी को सौंप दिया। मामले की गंभीरता को देख इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआइयू) और अन्य खुफिया एजेंसियां यात्री से पूछताछ कर रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि सैटेलाइट फोन किस उद्देश्य से लाया गया था और क्या इसके लिए कोई वैध अनुमति थी या नहीं। थानाध्यक्ष फूलपुर अतुल सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिक के पासपोर्ट और वीजा की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और एजेंसियों से क्लीयरेंस रिपोर्ट मिलने के बाद यात्री के खिलाफ होने वाली कानूनी कार्रवाई होगी।

जमीन बैनामा का दूसरे को सट्टा, 50 लाख की रंगदारी में प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर में जमीन के बैनाने में धोखाधड़ी और 50 लाख की रंगदारी के मांगने मामले में कोर्ट के आदेश पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिवपुर क्षेत्र के विश्वनाथपुरी कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार सिंह ने कोर्ट में आवेदन दिया कि सरैया आयर निवासी शिवकुमारी ने अपनी पुश्तैनी भूमि का पंजीकृत बैनामा 27 अक्तूबर 2025 को उनके पक्ष में किया था। 

स्पष्ट घोषणा की गई थी कि उक्त भूमि को पूर्व में किसी अन्य को विक्रय, दान, बंधक या किसी अन्य रूप में हस्तांतरित नहीं किया गया है। बैनामे में दिनेश व उसकी पत्नी माया देवी निवासी सिंहापुर, भदोही बतौर गवाह हस्ताक्षरित थे। 

आरोप है कि बाद में भूमि का 25 अप्रैल 2023 को ही अन्य व्यक्तियों के पक्ष में सट्टा इकरारनामा किया जा चुका था, जिसमें दिनेश ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए थे। कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। पांच जनवरी 2026 को दिनेश व उसके बेटे सुनील पटेल ने कैंटोनमेंट कार्यालय में 50 लाख रुपये अतिरिक्त देने की मांग कर जान से मारने की धमकी दी। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

काशी विद्यापीठ में होली उत्सव पर भिड़े छात्र, बीएचयू में गेट बंद होने का विरोध
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को होली उत्सव में छात्रों के दो गुट भिड़ गए। बीएचयू में शनिवार रात छित्तूपुर गेट बंद होने का छात्रों ने विरोध जताया। एक ओर जहां छात्र-छात्राएं होली के गीतों पर डांस कर रहे थे, वहीं दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। यहां अफरातफरी का माहौल रहा। सिगरा पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत करवाया। 

इस दौरान एक गुट ने दूसरे पर बाहरी छात्र होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस मौके से दो छात्रों को पकड़ कर ले गई। बीएचयू में छित्तूपुर गेट को बिना किसी पूर्व सूचना बंद कर दिया गया। छात्रों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मी से पूछने पर वह भी इसका कारण नहीं बता सका। उन्होंने इसके लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया है। 

शंकराचार्य पर आरोप लगाने वाली महिला को चाचा ने बताया चरित्रहीन
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर गलत आरोप लगाने वाली प्रयागराज की एक महिला के चाचा विनयशील ने शनिवार को श्रीविद्यामठ पहुंचे। उन्होंने शंकराचार्य से महिला (भतीजी) के परिवारिक आचरण से अवगत कराया। बताया कि उनके और उसके पिता (डॉ. रामशंकर द्विवेदी) के चरित्रहीन बताया।

कहा कि उसके पिता मेरे बड़े भाई हैं। उनके चरित्रहीन होने के कारण ही मेरे पिता जी सन् 1977 में उन्हें घर से बाहर निकाल दिया था। जबकि मेरे पिता जी पूर्व गोलोकवासी शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद के शिष्य थे। उनका पूरा परिवार गुरु के आश्रम में हमेशा से आता रहा है। 

शंकराचार्य ने बताया कि मेरे गुरु जी के समय से उस महिला के दादा जुड़े थे। इसके चलते वह यहां आती थी। महिला ने शंकराचार्य पर श्रीमठ में महिलाओं के रखने, रहस्यमय कमरा, स्विमिंग पुल जैसे आरोप लगाई थी। हालांकि वह भी यहां कुछ वर्ष पहले एक माह तक रही थी। यह बताकर कि वह बनारस के संस्कृति व आध्यात्म पर लिखना है।

महिला से दुर्व्यवहार में एसीपी सुरक्षा को हटाया
श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर में रंगभरी एकादशी पर कवरेज के दौरान महिला पत्रकार से दुर्व्यवहार के मामले में सुरक्षा में लगे एसीपी सुरक्षा अंजनी कुमार राय को हटा दिया गया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर उन्हें मुख्यालय भेजा गया है। उधर, काशी विश्वनाथ मंदिर में बटुक से दुर्व्यवहार के मामले में डीसीपी काशी जोन ने शनिवार को पुलिसकर्मी को सुरक्षा प्वाइंट से हटाया। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि गाजीपुर से आए हेड कांस्टेबल संजय यादव को हटा दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए गाजीपुर पुलिस अधीक्षक को पत्र भी लिखा जाएगा।

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.60 लाख की ठगी
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.60 लाख रुपये की ठगी के मामले में शनिवार को कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पक्की बाजार खजुरी निवासी शबाना बेगम ने पुलिस को बताया कि अर्दली बाजार निवासी मो. इरफान अली उर्फ मोनू ने अपने भाई दानिश व परिचित अफजल से भरोसा दिलाया कि उसकी नौकरी रेलवे में लगवा देगा। विभिन्न किश्तों में 5,60,000 रुपये लिए। आठ महीने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। 

आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। 24 दिसंबर 2025 को आरोपी ने एक कथित नियुक्ति पत्र देते हुए 1 जनवरी से ज्वाइन करने की बात कही, लेकिन रेलवे विभाग में जांच कराने पर पत्र फर्जी निकला। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शुभम के मकान और गोलगड्डा पर नोटिस चस्पा कर मुनादी
कोडीन युक्त कफ सिरप के मामले में आरोपी शुभम जायसवाल के मकान कायस्थ टोला में शनिवार को कोतवाली पुलिस ने मुनादी कराई और कोर्ट का नोटिस मुख्य द्वार पर चस्पा कराया। कोर्ट ने 30 मार्च को शुभम को हाजिर होने का आदेश दिया है। 

एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर और एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट से संबंधित वांछित शुभम के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई। लाउडस्पीकर से शुभम के लगातार फरार व गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर मोहल्ले समेत आसपास के लोगों के बीच मुनादी कराई गई। शुभम जायसवाल पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। 30 मार्च को कोर्ट में शुभम हाजिर नहीं होगा तो फिर भगोड़ा की कार्रवाई होगी।

हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग, अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन
सेल्स टैक्स बार के अधिवक्ताओं के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को अधिवक्ताओं ने सेल्स टैक्स कार्यालय पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव और सचिव चंद्रेश सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने सुबह 10.30 बजे सेल्स टैक्स कार्यालय पर प्रदर्शन किया। 

शाम को अधिवक्ताओं ने सेल्स टैक्स कार्यालय से लहुराबीर के आजाद पार्क तक पुलिस प्रशासन के विरोध में मार्च निकाला। सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के कक्ष में तीनों बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक हुई। हमलावरों की गिरफ्तारी तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने का प्रस्ताव पारित किया गया। 

अधिवक्ताओं ने रविवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांग रखने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को ऐढ़े में क्रिकेट दौरान स्टेडियम के कर्मचारियों ने अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला किया था। लालपुर-पांडेयपुर थाने में सहर्ष प्रताप सिंह, मोनू सिंह, राजदीप कुमार, वेद प्रकाश मिश्र समेत अज्ञात पर जानलेवा हमला समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज है। मगर, पुलिस अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। 

युवती से दुष्कर्म मामले में चार टीमें गठित, मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज होगा बयान
चौबेपुर थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए डीसीपी वरुणा ने चार टीमें गठित की हैं। पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज होगा। शनिवार को गिरफ्तार आरोपी प्रभाकर निषाद को जेल भेज दिया गया। एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन ने दोपहर में घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीन संदिग्धों को भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेस और आपसी संपर्कों की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। कई संदिग्ध युवकों को उठाकर पूछताछ की गई है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि घटना पूर्वनियोजित थी या नहीं। पीड़िता की सहेली की भूमिका भी जांच के घेरे में है, जिसने मोबाइल बनवाने के बहाने उसे घर से बुलाया था। पीड़िता का मेडिकल कबीरचौरा अस्पताल में कराया गया था। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। 

एडीसीपी नीतू ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि दुष्कर्म मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाए। जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। एसएसआई राजेंद्र यादव ने बताया कि पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि शुरुआती शिकायत के दौरान कैथी चौकी पर उनकी पूरी बात नहीं सुनी गई और जबरन तहरीर लिखवाकर हस्ताक्षर करा लिए गए। इस आरोप के बाद विभागीय स्तर पर भी समीक्षा शुरू कर दी गई है।

शादी समारोह से घर लौट रहे युवक की पिटाई, प्राथमिकी दर्ज
रोहनिया के गंगापुर में शादी के दौरान घमहापुर लोहता निवासी प्रेमचंद पटेल की शुक्रवार रात कार सवार युवकों ने पिटाई कर दी। निजी अस्पताल में प्रेमचंद पटेल को भर्ती कराया गया। पुलिस को बताया कि वह गंगापुर में शादी से घर लौट रहे थे। चारपहिया ने पीछा कर काशीपुर खेवली निवासी असमित ने पांच साथियों के साथ गंगापुर मोड़ के आगे रोका और पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। आसपास के सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।

काजल का अंतिम संस्कार, नहीं हुई एक भी गिरफ्तारी
शिवपुर के महादेवपुर कॉलोनी लोढ़ान में खुदकुशी करने वाली काजल राय (26) का शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मायके पक्ष ने शव का मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया। मुखाग्नि काजल के चाचा अंबुज राय ने दिया। उधर, आरोपी पति नितेश कुमार सिंह समेत ससुराल के 11 लोगों के खिलाफ काजल के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं। अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शुक्रवार दोपहर काजल राय ने अपने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी थी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

पुत्र की मौत का सदमा नहीं सह सका बुजुर्ग, दी जान
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कनियर (हरिपुर) गांव में श्यामलाल ( 65) ने शनिवार दोपहर गांव की बस्ती के पास चिलबिल के पेड़ पर गमछे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। एक महीने पहले श्यामलाल के बेटे संतोष की भी मौत हुई थी। तभी से वह अवसाद में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। श्यामलाल दोपहर 1 बजे घर से निकले। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें पेड़ से लटकता देख परिजनों को सूचना दी। 

परिजनों ने पुलिस को बताया कि एक माह पहले बेटे संतोष की हुई मौत के बाद से श्याम लाल सदमे में थे और तनाव में रहते थे। चार बेटों में एक की पहले ही मौत हो चुकी है और दो पुत्र बाहर काम करते हैं। श्यामलाल पुत्र कमलेश के साथ चार दिन पहले ही सूरत से लौटे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। बहू शालिनी देवी, पत्नी कमलेश, मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करती हैं। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 

जानलेवा हमला के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट में शिवाजी नगर कॉलोनी में शुक्रवार को अंश पटेल पर जानलेवा हमला करने के मामले में आदित्य राय समेत सात अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। चंदौली के चकिया कोतवाली के मैनपुर निवासी अंश पटेल की बहन प्राची पटेल ने पुलिस को बताया कि किसी से मिलने के लिए अंश शिवाजी नगर में गया था। शिवाजी मैदान के पास पहुंचने पर आदित्य राय ने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। सिर पर ईंट लगने से गंभीर रूप से घायल होने के कारण बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

ट्रक से साइड लगने से बाइक सवार महिला की मौत
लंका थाना क्षेत्र के नुआव गांव के सामने हाईवे पर ट्रक से साइड लगने से बाइक सवार शकुंतला उर्फ सोनी (28) की मौत हो गई। पति विनोद कुमार बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राजातालाब थाना क्षेत्र के ढढोरपुर खेमईपुर निवासी विनोद कुमार पत्नी शकुंतला उर्फ सोनी के साथ चंदौली से घर लौट रहा था। हाईवे पर पीछे से आए ट्रक चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। 

टक्कर लगते ही शकुंतला सड़क पर गिरी, तभी पीछे से आए दूसरे ट्रक का पहिया शकुंतला के सिर पर चढ़ते हुए निकल गया है। बाइक समेत पति विनोद कुछ दूर जा गिरे। घटना के बाद से विनोद बेसुध हो गए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

अधिवक्ता पर फायरिंग के मामले में आरोपी की पत्नी गिरफ्तार
सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा में शंकरपुरी कॉलोनी में अधिवक्ता आलोक पाठक पर फायरिंग के मामले में आरोपी परिक्षीत सिंह की पत्नी विंदेश्वरी सिंह को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। परिक्षीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार रात वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। आलोक ने पुलिस को बताया कि परिक्षीत सिंह ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देकर फायरिंग की। गोली पास से निकल गई। मौके से कारतूस भी बरामद हुआ। परिक्षीत को भगाने में पत्नी की संलिप्तता सामने आई। 

शादी में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
शादी समारोह में चोरी करने वाले दो आरोपियों सूरज राय और विशाल राजभर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को फरीदपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल और तीन बाइक बरामद हुई है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों में चौबेपुर के कमौली निवासी विशाल राजभर और सूरज राय है। सारनाथ थाना क्षेत्र के लॉन में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और बाइक चोरी कर चुके हैं। 

युवा सराफा कारोबारी का हार्ट अटैक से निधन
राजातालाब में शनिवार भोर में युवा सराफा कारोबारी रवि सेठ (32) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। तीन भाइयों में सबसे बड़े रवि अपने पीछे दो बच्चों समेत पूरा परिवार छोड़ गए। पिता शिवशंकर सेठ ने बताया कि आधी रात में तबीयत खराब होने पर उसे तुरंत कछवा के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रवि सेठ के निधन से सराफा जगत में शोक की लहर है। वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र सेठ, अध्यक्ष सुरेंद्र सेठ, सत्यनारायण सेठ समेत कई कारोबारियों ने श्रद्धांजलि दी है।

किशोर को चाकू मारकर किया जख्मी
चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी में निशू कुमार (15) पर शनिवार को पड़ोस के दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में घायल को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पीड़ित के पिता मनोज कुमार ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। बच्चों के विवाद में बात बढ़ी है। 

पुलिस लिखी कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
पिंडरा के मीराशाह क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार पुलिस लिखी कार की टक्कर से बाइक सवार अरविंद राजभर और अनिल पाल घायल हो गए। वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर हुई घटना में घायलों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। टक्कर के बाद भागते हुए कार चालक को लोगों ने पकड़ा और फूलपुर पुलिस को सौंपा। जौनपुर के जफराबाद शिवाला निवासी अरविंद राजभर और सरायख्वाजा हमजापुर निवासी अनिल पाल बाइक से सुबह शिवपुर जा रहे थे। 

मीराशाह के पास वाराणसी से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। चालक मौके से भागा तो गजोखर निवासी अधिवक्ता विवेक राय ने रोकने का प्रयास किया। कार सवार ने उन्हें भी टक्कर मार दी। आसपास के लोग जुट गए और कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

दो बकरा और दो बकरी चोरी
लोहता थाना परिसर से सटे रमेश पाल के घर में बंधे दो बकरे और दो बकरी शुक्रवार रात चोरी हो गई। रमेश पाल ने पुलिस को बताया कि 60 हजार रुपये के चारों पशु थे। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। 

पारिवारिक विवाद में मारपीट, युवक घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कल्लीपुर गांव में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट में सलमान खुर्शीद (27) घायल हो गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी से चिकित्सकों ने बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। कल्लीपुर निवासी सलीमुनिशा ने पुलिस बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते 25 फरवरी की रात कहासुनी के बाद अब्दुल कैयूम समेत रजिया, शमशेर, पीर मोहम्मद, अली अहमद व गुफ्फार ने लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

गोदाम का ताला तोड़कर 4 लाख का पेंट चोरी
चौबेपुर कस्बे में शुक्रवार रात चोरों ने संतोष कुमार बरनवाल के गोदाम से 4 लाख का पेंट चोरी हो गया। कस्बा बलुआ रोड निवासी गोदाम संचालक संतोष कुमार बरनवाल ने पुलिस को बताया कि बेसमेंट में गोदाम में 20 लीटर पेंट की 60 बाल्टियां रखी थीं। पूरी वारदात पास सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पुलिस ने छानबीन की है। पिकअप लेकर पहुंचे चोरों ने गेट का ताला खोला और गोदाम में घुस गए। पेंट चोरी करने के बाद गेट पर ताला लगा दिया। शनिवार सुबह चोरी का पता चला। एसएसआई राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि जांच की जा रही है। 

सुरेश खन्ना ने कबीर प्राकट्य स्थली पर नवाए शीश
सुरेश खन्ना संत कबीर की प्राकट्य स्थली लहरतारा में दर्शन पूजन किया। सुरेश खन्ना ने मंदिर परिक्षेत्र का भ्रमण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां कार्य पूर्ण हो जाने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर केंद्र बन जाएगा। महंत गोविंद दास शास्त्री ने अंग वस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। इस मौके पर महंत त्रिलोकी दास, महंत हरीश दास, परियोजना अधिकारी मानवेंद्र सिंह, जेई अमित, सतीश विश्वकर्मा, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, संजू सरोज आदि रहे।

राज्यमंत्री ने भी भक्तों संग खेली फूलों की होली
फाल्गुन महोत्सव के तहत इस्कॉन की ओर से शनिवार को एलटी कॉलेज, अर्दली बाजार स्थित अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर में कृष्ण भक्तों ने फूलों की होली खेली। राधा-कृष्ण की फूलों से झांकी सजाई गई और उनकी पालकी यात्रा निकाली गई। परिसर में भ्रमण कर भक्तों ने विविध नैवेद्य अर्पित कर पूजन किया। इसके बाद फूलों की होली खेली गई।

संगीत संध्या में भजन मंडली के होरी भजनों पर सभी मगन होकर झूमते नजर आए। हरे राम, हरे कृष्णा का संकीर्तन किया गया। कलाकारों ने कथक की मोहक प्रस्तुति देकर सभी को झूमा दिया। राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने भी कान्हा के दर्शन कर फूलों की होरी खेली। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के उपासक होने के साथ परंपराओं का सही निर्वाह किया जा रहा है। इस दौरान भक्तों ने श्रीला प्रभुपाद के विचारों को आत्मसात करने पर जोर दिया।

आगरा की शुभ्रा तलेगांवकर के सुरों सांझ इठलाई
संस्कार भारती काशी महानगर के सहयोग से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र क्षेत्रीय केंद्र में मासिक सांगीतिक श्रृंखला ‘नाद-यात्रा’ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर राग और रंग ने सृष्टि के दिव्य आनंद को उजागर किया। आगरा की गायिका शुभ्रा तलेगांवकर ने सुरों से उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। उन्होंने राग प्रदीप से गायन की शुरुआत की और ब्रज के भक्ति रस के साथ होली गीतों से सभी को मगन किया। बीएचयू की छात्रा राधिका मिश्रा ने काशी के होली गीतों की प्रस्तुति देकर सबको झुमाया। समापन गीत “खेलें मसाने की होली...” से हुआ। मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व प्रो. उदय प्रताप शाही ने भारतीय संगीत परंपरा में नाद और साधना के आध्यात्मिक आयामों पर विचार साझा किए। 

व्यापारियों के उत्पीड़न पर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई प्रमुख व्यापारियों पर दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमों के खिलाफ व्यापारिक समाज ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सेठ के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। 

इस ज्ञापन के जरिए फर्रुखाबाद में व्यापारियों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और मुकदमेबाजी पर गहरा विरोध दर्ज कराया गया है। ज्ञापन में मुख्य रूप से फर्रुखाबाद के व्यापारियों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल निरस्त करने और संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा लगाए गए धनउगाही के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। 

पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सेठ के साथ जिला युवा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विश्वास केसरी और जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला कोषाध्यक्ष मनोज केशरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। लाल बहादुर पटेल, अमित, सबलाल, सोनू सेठ और नंदलाल जायसवाल रहे। 

प्रैक्टिकल के अंकों को बोर्ड की साइट पर अपलोड करने का अंतिम मौका खत्म, अब होगी कार्रवाई
यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं 9 फरवरी को समाप्त हो गईं। परीक्षा बीतने के 20 दिन बाद भी परीक्षा के अंक बोर्ड की साइट पर अपलोड नहीं हुए हैं। इसके लिए बोर्ड की ओर से पहले ही सख्त आदेश जारी किए गए थे। यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक सचिव मनोज कुमार ने बताया कि इस बार पहली बार ऐसा आदेश बोर्ड ने जारी किया था जिसमें प्रायोगिक परीक्षा कराने के तुरंत बाद ही छात्रों के जो प्राप्तांक हैं उन्हें वेबसाइट पर अपलोड किया जाए।

प्रायोगिक परीक्षा कराने वाले सभी शिक्षकों को जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर भी निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक छात्रों के अंक वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि अंक को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का अंतिम मौका शनिवार तक था। अब जिस विषय के अंक अपलोड नहीं हुए हैं, संबंधित शिक्षकों के खिलाफ बोर्ड कार्रवाई करेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed