फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today protest at Hospital BHU molestation case hearing latest News Updates

Varanasi News Today: अस्पताल में तीमारदारों का हंगामा, सामूहिक दुष्कर्म मामले में दूसरे विवेचक की गवाही, खबरें

Fri, 08 May 2026 01:48 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Fri, 08 May 2026 01:48 PM IST
सार

Varanasi News: शहरी सीएचसी सारनाथ में तीमारदारों और डॉक्टरों में नोकझोंक हुई। वहीं आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दूसरे विवेचक की गवाही हुई। पढ़ें- वाराणसी की अन्य खबरें

विज्ञापन
Varanasi News Today protest at Hospital BHU molestation case hearing latest News Updates
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शहरी सीएचसी में मरीजों के तीमारदारों और डॉक्टरों में नोकझोंक का मामला सामने आया है। परिजनों ने अधीक्षक कार्यालय पर हंगामा किया। डॉक्टरों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रविष कुमार पांडेय के नेतृत्व में परिजनों ने हंगामा किया। 

विज्ञापन


सारनाथ के राजकुमार प्रजापति ने एक महिला चिकित्सक पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रसव पीड़ा से परेशान पत्नी सुरेखा को सीएचसी पर तैनात महिला डाॅक्टर को दिखाता है। 30 अप्रैल को सीएचसी पर आने पर महिला चिकित्सक नहीं मिली। फोन करने पर अस्पताल आने से मना कर दिया। राजकुमार ने आरोप लगाया कि सीएचसी पर तैनात कर्मचारियों ने अखरी बाईपास स्थित एक अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रविष कुमार ने बताया कि बरईपुर की शशि कला पांडेय फिजियोथेरेपी कराने सुबह 10 बजे पहुंची, लेकिन 1.30 बजे तक फिजियोथेरेपी नहीं हुई। तीमारदारों में शैलेंद्र पांडेय,कमलेश, भानु पटेल, गोलू, धर्मेंद्र ने हंगामा कर अधीक्षक डॉ. बीबी शुक्ला से शिकायत की। अधीक्षक डॉ. बीबी शुक्ला ने हंगामा करने वाले लोगों को महिला चिकित्सक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ।  
विज्ञापन


सामूहिक दुष्कर्म मामले में दूसरे विवेचक की गवाही, अगली सुनवाई 8 मई को
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में बृहस्पतिवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में सुनवाई हुई। मामले के दूसरे विवेचक शिवकांत मिश्रा अदालत में उपस्थित हुए और बयान दर्ज कराया। अदालत ने आगे की गवाही के लिए 8 मई की तिथि नियत की है। अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी मनोज गुप्ता ने गवाह का बयान दर्ज कराया। 2 नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की एक छात्रा के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल का नाम सामने आने पर उन्हें आरोपी बनाया गया। प्रथम विवेचक सहजानंद श्रीवास्तव का बयान पहले ही दर्ज किया जा चुका है। बृहस्पतिवार को दूसरे विवेचक शिवकांत मिश्रा की गवाही पूरी हुई।  
विज्ञापन
विज्ञापन

 
अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, चार महिलाएं गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग ने करवल बस्ती में छापा मारकर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 125 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। टीम ने 15 भट्ठियों को तोड़ते हुए चार क्विंटल लहन भी नष्ट कर दिया। गिरफ्तार महिलाओं में अंजली देवी, सीमा, मेरीका और मीरा शामिल हैं। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे शराब बनाकर बेचती थीं और इसी से परिवार का पालन-पोषण करती थीं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की गई। 

गहने चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

कैंट पुलिस ने गहने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से नकदी और जेवरात बरामद किया। आरोपियों की पहचान कुम्हारपुरा फुलवरिया निवासी अमन सेठ (22) और प्रिंस सेठ (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को बुधवार देर रात हजरत बाबा अली बख्श शहीद मजार के पास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, एक मार्च 2026 को दर्ज प्राथमिकी में आरोप था कि आरोपियों ने वादिनी के पुत्र को बहला-फुसलाकर घर से गहने चोरी कर लिए। गहने वापस मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में महेश सेठ और पूजा सेठ समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के पास से 50 हजार रुपये, बालियां, पायल और बिछिया बरामद किया गया। 
 
मारपीट और लूटपाट के आरोप में छह पर प्राथमिकी
कपसेठी थाना क्षेत्र के चकिया गांव में आम के बगीचे को लेकर विवाद में पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ चकिया निवासी राधिका देवी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता ने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव में आम के बगीचे में बुधवार को आरोपी गोलबंद होकर पहुंचे और पेड़ काटने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। पुत्र अजय और अमित घायल हो गए, वहीं परिवार के सदस्य तारकनाथ को भी चोटें आईं। मारपीट के दौरान आरोपी सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ले गए। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि सुरेश दुबे, आशीष दुबे, दिवाकर दुबे, अमन दुबे, शैलेश दुबे तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।   

किशोरी स्कूल गई लेकिन लौटी नहीं, खोजबीन जारी
कपसेठी थाना क्षेत्र निवासी किशोरी स्कूल गई, लेकिन लौटी नहीं। खोजबीन कर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों के अनुसार, किशोरी बुधवार सुबह रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका। परिजनों ने बताया कि स्कूल में जानकारी लेने पहुंचे, लेकिन तब तक स्कूल बंद हो चुका था। किशोरी की अचानक गुमशुदगी से परिवार के लोग काफी परेशान हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि खोजबीन की जा रही है।

ई-रिक्शा में सफर के दौरान महिला की सोने की चेन कटी
कैंट थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला के गले से अज्ञात महिलाओं ने सोने की चेन काट ली। पीड़ित परिवार की तहरीर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। गिलट बाजार बाईपास निवासी संजय कुमार सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां सुशीला देवी 30 अप्रैल को दोपहर 1.30 बजे ई-रिक्शा से चौकाघाट जा रही थीं। भोजूबीर मछलीसट्टी के चेत मंडी शोरूम के पास चार महिलाएं और एक बच्ची ई-रिक्शा में आकर बैठ गईं। आरोप है कि अर्दली बाजार ट्रेनिंग कॉलेज के पास महिलाएं ई-रिक्शा से उतर गईं। कुछ दूर आगे बढ़ने पर सुशीला देवी को महसूस हुआ कि उनके गले की सोने की चेन गायब है। परिजनों का आरोप है कि टोटो में बैठी महिलाओं ने चालाकी से चेन काट ली। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से महिलाओं की तलाश की जा रही है।  

दहेज प्रताड़ना में पति, सास-ससुर पर प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट के मारुति नगर मलहिया निवासी सुमेधा पांडेय ने पति, सास और ससुर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार दो वर्ष पूर्व उसकी शादी ककरमत्ता निवासी अभिनव पांडेय से हुई थी, जिसमें 25 लाख रुपये समेत लाखों रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि शादी के बाद पति अभिनव, ससुर नरेंद्र पांडेय और सास नीलम अतिरिक्त 25 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाकर प्रताड़ित करने लगे। पति पर मारपीट का भी आरोप है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

हेड कांस्टेबल से एक लाख रुपये की साइबर ठगी
कैंट थाना क्षेत्र में पुलिसलाइन में तैनात एक हेड कांस्टेबल के बैंक खाते से साइबर ठगों ने यूपीआई से एक लाख रुपये निकाल लिए। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बृजेश मिश्र ने तहरीर में बताया कि 24 अप्रैल 2026 को पत्नी ने फोन कर सूचना दी कि उनके मोबाइल पर लगातार कॉल आ रही है, लेकिन बात नहीं हो पा रही है। उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की तो खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली। बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 99 हजार रुपये समेत अन्य ट्रांजेक्शन किए गए। पीड़ित ने बताया कि लेनदेन उन्होंने नहीं की और न ही उनके यूपीआई में ट्रांजेक्शन दिखाई दे रहा है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

सक्का घाट हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार
आदमपुर थाना क्षेत्र में सक्का घाट पर 19 अप्रैल की रात नाविक नीरज की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तेलियानाला निवासी बंसत लाल और उसकी भतीजी रंजीता है। दोनों को जामिया अस्पताल के सामने से गिरफ्तार किया गया। 

सती माता मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा के भरौटिया इलाके में सती माता मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी का मामला सामने आया है। पुजारी ने बताया कि रोज की तरह सुबह मंदिर भक्तों के लिए खोला गया तो दानपेटी का ताला टूटा मिला और उसमें रखे पैसे गायब थे। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

सीर गेट के पास दो छात्र गुटों में मारपीट, ईंट-पत्थर चले
लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट के पास चाय की दुकान पर बृहस्पतिवार देर शाम युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर भी चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चाय की दुकान पर पहले से मौजूद चार युवक चाय पी रहे थे। मोटरसाइकिल से पहुंचे दस युवकों ने उन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर हंगामे और पत्थरबाजी के कारण कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जब तक पुलिस आती सभी भाग निकले। बताया जा रहा है कि दोनों गुट बीएचयू के छात्र हैं। हालांकि देर रात तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है। 

तहसील में लेखपालों का चार दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन समाप्त
तहसील में चार दिन से चल रहा धरना-प्रदर्शन बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी से हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया। बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारी को उपजिलाधिकारी शांतनु कुमार ससिनवार ने वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। लेखपालों ने छुट्टी के दिन कार्य के लिए अनावश्यक दबाव न बनाने की बात कही। लेखपालों की यह भी मांग रही कि उनके साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग न किया जाए। लेखपाल संघ ने निलंबित लेखपाल गौरव कुमार की एक सप्ताह के अंदर बहाली की मांग की। तहसील राजातालाब से संबद्ध लेखपालों को कार्यक्षेत्र आवंटित करने को कहा।

अध्यक्ष राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि उप जिलाधिकारी राजातालाब ने प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता कर इन समस्याओं के समाधान की बात कही है। आश्वस्त होने के बाद लेखपालों ने धरना समाप्त कर दिया। राजेश मौर्य ने बताया कि यदि उनकी मांगों पर एक सप्ताह के अंदर अमल नहीं किया गया तो वे लोग दोबारा प्रदर्शन को बाध्य होंगे। उप जिलाधिकारी के साथ वार्ता में लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष मानसिंह, तहसील मंत्री सोनेलाल पटेल, राम सिंह, सुधीर त्रिपाठी, सागर गौतम, मयंक, सोनू कुमार शामिल रहे।

उप जिलाधिकारी राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार ने बताया कि लेखपाल संघ के पदाधिकारियों से वार्ता हो गई है। सभी मुद्दों पर सहमति बन गई है। कहा कि सरकार के प्राथमिकता वाले कार्य समय पर करने होते हैं। जिस कारण सभी पर दबाव रहता है। यह भी बताया कि निलंबित लेखपाल के मामले को लेकर जांच तहसीलदार को सौंप दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed