फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Electricity workers will not work hearing in Gyanvapi case today

Varanasi News Today: बिजलीकर्मी नहीं करेंगे काम, ज्ञानवापी मामले में सुनवाई आज; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Thu, 15 May 2025 09:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 15 May 2025 09:56 AM IST
सार

वाराणसी में अपराध, बैठक और धरना-प्रदर्शन के साथ कई खबरें रहीं। निजीकरण के विरोध में बिजलीकर्मियों का धरना शुरू हो गया है। ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अहमद अंसारी की पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर आज सुनवाई होगी।

विज्ञापन
Varanasi News Today Electricity workers will not work hearing in Gyanvapi case today
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों का धरना बुधवार से शुरू हो गया। भिखारीपुर एमडी कार्यालय पर प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने ट्रांजेक्शन कंसल्टेंट की नियुक्ति के आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की। शाम 5 बजे के बाद अगले दिन सुबह 10 बजे तक बिजली कर्मी कोई कामकाज नहीं करेंगे। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने ‘वर्क टू रूल’ आंदोलन यानी काम करने के बाद आंदोलन का निर्णय लिया है। 

विज्ञापन


संघर्ष समिति के सह संयोजक वेद प्रकाश राय ने कहा कि बिजली कर्मियों का जिस तरह से उत्पीड़न किया जा रहा है, वह गलत है। आंदोलन के तहत सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कार्य किया गया। शाम 5 बजे के बाद अगले दिन सुबह 10 बजे तक बिजली कर्मचारी और अभियंता कार्य नहीं करेंगे। निगम प्रबंधन द्वारा बुलाई गई वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में भी अब विद्युत अभियंता प्रतिभाग नहीं करेंगे। वेद प्रकाश राय ने बताया कि वर्क टू रूल आगामी 19 मई तक चलेगा। 
विज्ञापन


ज्ञानवापी : निगरानी अर्जी पर सुनवाई आज
अपर जिला जज (चौदहवां) की कोर्ट में बुधवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अहमद अंसारी की पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। इस मामले में गुरुवार को सुबह 10 बजे सुनवाई होगी। ज्ञानवापी प्रकरण में पक्षकार बनने संबंधी मुख्तार अहमद अंसारी की अर्जी सिविल जज सीनियर डिविजन / फास्ट ट्रैक की अदालत ने खारिज कर दी थी। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अहमद अंसारी ने जिला जज की कोर्ट में निगरानी अर्जी दाखिल की थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

एलयूसीसी और उसके पदाधिकारियों पर दो और केस 
गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) और उसके पदाधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में कोर्ट के आदेश पर रामनगर थाने में दो और केस दर्ज किए गए हैं। गोलाघाट निवासी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपियों में को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अलावा शबाब हुसैन, समीर अग्रवाल व उसकी पत्नी सानिया अग्रवाल, मंजय मुदगिल, आरके शेट्टी, अभय राय और अन्य अज्ञात का नाम शामिल है। 

अमित के अनुसार, उन्हें 5 साल में पैसे दोगुना करने का झांसा देकर एजेंट बनाया गया। उन्होंने 20 लाख रुपये और परिचितों के चार करोड़ रुपये निवेश कराए। उधर, सिंधौरा बाजार निवासी दयाशंकर सिंह ने सिंधौरा थाने में केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि शबाब हुसैन, समीर अग्रवाल, सानिया अग्रवाल सहित सोसाइटी के अन्य लोगों ने उन्हें एजेंट बनाया। 45 लाख का निवेश करा पदाधिकारी लापता हो गए। 

दहेज हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
लोहता और चोलापुर थाने की पुलिस ने दहेज हत्या के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि रहीमपुर नई बस्ती निवासी शमीम उर्फ चेचक को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में 12 मई को केस दर्ज किया गया था। वहीं, चोलापुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम ने बताया कि जगदीशपुर गांव निवासी ओम प्रकाश राजभर को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ 13 मई को केस दर्ज किया गया था। 

दहेज में 5 लाख न मिलने पर निकाला, 6 पर केस
दहेज के लिए विवाहिता काे प्रताड़ित और घर से निकालने के मामले में पुलिस ने पति सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रथा अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सिसवां गांव निवासी राम नारायण की पुत्री पुजा गोंड का आरोप है कि उसकी शादी जौनपुर के केराकत थाना अंतर्गत सोहनी गांव निवासी ओमप्रकाश गोंड के पुत्र संतोष कुमार से 6 साल पहले हुई थी। 

पति, ससुर सहित सास निर्मला देवी, चाचा सभाजीत, दादा जयकिशुन और देवर विरेंद्र कुमार ने दहेज में पांच लाख रुपये और नकद की डिमांड की। 4 नवंबर 2024 को ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए मां और बेटे को घर से निकाल दिया। तब से मायके में रह रही है। 

मुठभेड़ में चकमा देकर भागा बदमाश गिरफ्तार
जलालीपट्टी तिराहा के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान चकमा देकर भागा हाशिमपुर रमदत्तपुर निवासी राकेश कुमार पटेल उर्फ भुवर बनारस रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। उसके पास से कान का सोने का टॉप्स बरामद किया गया है। राकेश के खिलाफ अलग-अलग थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं। नाथुपुर नई बस्ती स्थित एक मकान से तीन मई को नकदी और जेवर चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने 12 मई की रात मुठभेड़ में शनि को गिरफ्तार किया था। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि राकेश कहीं बाहर भागने की फिराक में था। 

स्नान करते फोटो, वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में प्रयागघाट पर स्नान कर रही महिलाओं की फोटो वीडियो बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। एंटी रोमियो टीम को गिरफ्तार युवक के मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो मिले हैं। आरोपी विजय कुमार सिंह (37) चोलापुर के बढ़ईपुर का रहने वाला है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। 

व्यवसायी के खिलाफ 10 लाख की धोखाधड़ी का केस
अदालत के आदेश पर सिगरा थाने में कोलकाता के आभूषण व्यवसायी वधन चंद्र कर्मकार पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित रामेश्वर सेठ ने पुलिस के कार्रवाई न करने पर अदालत में गुहार लगाई थी। रामेश्वर के अनुसार दो साल पहले उनकी मुलाकात वधन चंद्र से हुई थी। आभूषण के लेनदेन के बाद पैसा देने के बजाय उन्हें फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी गई। 

अदालत के आदेश पर अपहरण का मुकदमा दर्ज 
अदालत के आदेश पर सिगरा थाने में माधोपुर से अपहृत एक विवाहिता के मामले में नौ महीने बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। तुलसीपुर निवासी संतोष सोनकर के अनुसार 23 जुलाई 2024 को वह अपनी पत्नी को बहन के घर माधोपुर छोड़कर आया था। उसके बाद वह लापता हो गई। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह अदालत की शरण में गया। 

अवैध वेंडर समेत दस लोगों के खिलाफ केस
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से चेकिंग अभियान में अलग-अलग मामलों में 10 लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान 6 अवांछनीय पर रेलवे एक्ट में मुकदमा हुआ जबकि 1 अवैध वेंडर समेत 3 व्यक्तियों के खिलाफ नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ।

कार की टक्कर से बालक घायल, चालक भागा
लोहता के बनकट गांव के पास कार चालक एक बालक को टक्कर मारकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बालक को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जंसा थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव का रौनक विश्वकर्मा (10) बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रहा था। क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। उसे सिर में गंभीर चोट लगी है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से कार चालक का पता लगा रही है। 

अपार्टमेंट में लगी आग, दो कार जली
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अपार्टमेंट कोल्हआ कमच्छा में रात 1.30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो कार व एक बाइक जल गई। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। चीफ फायर ऑफिसर आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि आग की चपेट में दो कार आई। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।

मकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
मिर्जामुराद के गौर गांव निवासी सैयद अली के मकान में बुधवार भोर आग लग गई। कमरे के बाहर सो रहे परिवार के लोगों के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने सबमर्सिबल पंप के सहारे आग पर काबू पाया। हालांकि, आग पर काबू पाए जाने तक फ्रीज, इन्वर्टर के साथ ही गृहस्थी का सारा सामान जल गया था। आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। 

युवती ने फंदा लगाकर जान दी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के जागृति नगर की रूपा (18) ने फंदा लगाकर जान दे दी। मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फल विक्रेता संतोष भारती की चार बेटियों में दूसरे नंबर की रूपा इंटरमीडिएट की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, रूपा मंगलवार रात 11 बजे पिता संतोष को खाना खिलाने के बाद घर में प्रथम तल पर कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह संतोष किसी काम से ऊपर गए तो बेटी को पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी। रूपा की आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। 

कैंट स्टेशन पर मिली किशोरी
वरिष्ठ मंडल रेलवे सुरक्षा आयुक्त देवांश शुक्ला लखनऊ मंडल के नेतृत्व में चलाई जा रही एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम की ओर से बुधवार को ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत वाराणसी स्टेशन से 14 वर्षीय किशोरी को पकड़ा गया। झारखंड की रहने वाली किशोरी भटककर वाराणसी आ गई थी। कांस्टेबल प्रियंका मणि त्रिपाठी के द्वारा रेस्क्यू कर चाइल्ड हेल्पलाइन को दिया गया। 

वीडीए ने ध्वस्त कराया अवैध निर्माण
वीडीए की ओर से बुधवार को अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया। आईपी सिगरा माॅल के बगल में बगैर मानचित्र स्वीकृत निर्माण कराया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने नोटिस देने के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर पुलिस को अभिरक्षा में दिया। जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति की देखरेख में कार्रवाई हुई। 

शहर के कई इलाकों से हटवाए अतिक्रमण
नगर निगम की ओर से बुधवार को शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा की अगुवाई में पियरिया पोखरी से चौकाघाट मकबूल आलम रोड, पुलिस लाइन तिराहा, सर्किट हाउस वापस कचहरी गोलघर तक अतिक्रमण हटवाए गए। अर्दली बाजार पुलिस चौकी से भोजूबीर तिराहे और कच्चीबाग में जामिया हॉस्पिटल मार्ग से अतिक्रमण हटवाया। 

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर पिंडरा के वकील
पिंडरा तहसील बार के वकील एसडीएम पिंडरा और एसडीएम न्यायिक के खिलाफ छठे दिन भी कार्य बहिष्कार पर रहे। वकीलों ने अधिकारियों के स्थानांतरण की मांग की है। कहा कि जब तक डीएम तहसील पिंडरा आकर वकीलों की समस्या नहीं सुनते और अधिकारियों का स्थानांतरण नहीं करते तब तक कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दाैरान कृपाशंकर पटेल, सुधीर कुमार, शिवपूजन सिंह, कमला माैजूद रहे। 

नहीं मिल रही मिट्टी, मूर्तिकार-कुम्हार परेशान
मूर्तिकारों व कुम्हारों को सात दिनों से मिट्टी न मिलने से उनकी समस्याएं बढ़ने लगी है। वह जलकल विभाग पर तीन दिनों से धरना दे रहे हैं। बुधवार को अधिकारियों ने उन्हें 20 दिनों में मिट्टी देने का आश्वासन दिया। मूर्तिकार अभिजीत विश्वास ने बताया कि मेरी चार पीढि़यों को जलकल विभाग से मिट्टी मिल रही है। पहली बार रोका गया है। बताया कि मिट्टी नहीं मिली तो रथयात्रा, सावन मेला, दुर्गा पूजा के लिए मूर्तियां तैयार नहीं हो पाएंगी। धरने में शिव कुमार, निर्मलचंद्र दास, राना मुखर्जी, राजीव प्रजापति, जीमी प्रजापति, बदरी प्रजाति आदि शामिल रहे। 

तुर्किये-अजरबेजान के साथ नहीं करेंगे व्यापार
काशी के व्यापारियों ने तुर्किये और अजरबेजान के साथ व्यापार न करने का निर्णय लिया है। बुधवार को कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आह्वान के बाद चांदपुर में बैठक में व्यापारियों ने फैसला लिया है। तुर्किये और अजरबेजान की यात्राओं का बहिष्कार करने का आह्वान किया गया। 

बहिष्कार के संबंध में कैट ट्रैवल एंड टूर ऑपरेटर्स संगठनों सहित अन्य से मिलकर अभियान को तेज किया जाएगा। व्यापारी नेता अखिलेश मिश्रा ने कहा कि चीन को लेकर कैट की ओर से कई वर्षों से चीनी उत्पादों का बहिष्कार करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसका व्यापक असर पड़ा है। तुर्किये और अजरबेजान के साथ व्यापार बंद करने के मुद्दे पर अंतिम निर्णय 16 मई को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में लिया जाएगा। 

पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के सदस्य का निधन
पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य और कोरौता बाजार निवासी बच्चा लाल श्रीवास्तव (78) का बुधवार को निधन हो गया। इसकी सूचना पाकर पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसायटी और 39 जीटसी के सदस्यों ने उनके घर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बच्चा लाल श्रीवास्तव 20 दिसंबर 1965 से 31 दिसंबर 1980 सेना की सेवा में रहे। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष रिटायर्ड सूबेदार मेजर राजबली पाल और अन्य मौजूद रहे। 

दुर्गावती ग्रेनाइटो और प्लाई शोरूम का उद्घाटन
कछवा रोड पर दुर्गावती ग्रेनाइटो और दुर्गावती प्लाई शोरूम का शुभारंभ किया गया। नारद महाराज ने शोरूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि व्यापार भी समाज सेवा का माध्यम है। कार्यक्रम में नारद महाराज ने स्वामी अड़गणानंद की लिखी यथार्थ गीता विशिष्ट जनों को भेंट की। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, समाजवादी व्यापार संस्था के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, शोरूम निदेशक प्रेम चंद्र जायसवाल, उपनिदेशक दीपचंद्र जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

अपने काम से लाएं समाज में सकारात्मक बदलाव
ख्यातिलब्ध मोटिवेशनल स्पीकर निर्मल जोशी ने कहा कि हमें अपने काम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की जरूरत है। अपने काम से ही हमें अपनी पहचान बनानी होगी। हमें ये बात याद रखनी होगी कि अपने जो भी करें अपनी ही नहीं बल्कि समाज की खुशी के लिए करें। ये बातें मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की ओर से बुधवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। अध्यक्षता निशा अग्रवाल ने की। इस दाैरान सिल्की अग्रवाल, अनीता सिंघानिया, ज्योति अग्रवाल, सिल्की अग्रवाल, समता डिडवानिया, उषा तुलस्यान आदि माैजूद रहीं। 

मेरिट से प्रवेश न कराने की छात्रों ने उठाई मांग
काशी विद्यापीठ के छात्रों ने नए सत्र में मेरिट से प्रवेश न करने की मांग उठाई। छात्र पहले की तरह प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने कहा कि यूजी-पीजी में कुल सीटों को मिलाकर पेड की संख्या 33 प्रतिशत करने की जरूरत है। उनका कहना है कि प्रवेश सेल को इस दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए। विश्वविद्यालय में यूजी, पीजी में दाखिले के लिए इस समय ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। 

विश्वविद्यालय की ओर से मेरिट से प्रवेश का फैसला लिया गया है। इस बीच छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले का विरोध शुरू कर दिया है। छात्रनेता रविंद्र सिंह पटेल, आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में छात्र प्रशासनिक भवन के सामने अपनी मांग को लेकर दो दिन से धरने पर बैठे हैं। इस दौरान कुलानुशासक प्रो. केके सिंह छात्रों से बातचीत करने पहुंचे और धरना, प्रदर्शन खत्म करने को कहा, लेकिन छात्रों ने मांगों पर लिखित कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात कही। इस दौरान शिवम यादव, जतिन पटेल, करप प्रजापति, गौरव पटेल मौजूद रहे। 

सहयोग नहीं करने वालों को जारी होगा नोटिस
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद के समस्त कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की जिलास्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक की गई। सीडीओ ने उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया कि सभी एफपीओ को बीज, उर्वरक और निर्यात जैसे समस्त आवश्यक लाइसेंस से शत-प्रतिशत किया जाए। कहा कि बिना वैध लाइसेंस के एफपीओ बाजार में प्रभावी रूप से प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते।

एफपीओ के अध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि कृषक उत्पादक संगठन एवं औद्यानिक विपणन सहकारी समिति लिमिटेड को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सीबीबीओ के रूप में चुना गया है। सीडीओ ने रेडियंट एग्रो एफपीओ को पैक हाउस संचालन के लिए चयनित किया। कहा कि जो सहयोग नहीं कर रहे हैं उन्हें डीडीएम नाबार्ड की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि जिले के सभी राजकीय बीज गोदामों पर धान के बीज की आपूर्ति कर दी गई है। 

निगम की महिला सफाईकर्मी से मनबढ़ ने की अभद्रता
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पर बुधवार को एक मनबढ़ युवक नगर निगम की महिला सफाईकर्मी मीनू से उलझ गया। आरोप है कि रमेश साहनी ने महिला सफाईकर्मी से अभद्रता करने के साथ ही जातिसूचक गाली दी। अन्य सफाईकर्मी मौके पर पहुंचे तो मारपीट पर आमादा हो गया। पीड़ित महिला और साथी कर्मचारियों ने आदमपुर थाने में युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पंचक्रोशी की मीनू नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। वह सुबह राजघाट पर अन्य सफाईकर्मियों के साथ काम कर रही थी। तभी वहां एक युवक आया और उससे अभद्रता करना लगा। जब मौके पर अन्य सफाईकर्मी पहुंचे तो वह मारपीट पर आमादा हो गया और जातिसूचक गाली देने लगा। कुछ लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर आदमपुर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

मीरघाट पर बेहोश मिली बुजुर्ग, अस्पताल में मौत
दशाश्वमेध थाने के मीरघाट पर एक बुजुर्ग महिला बेहोशी की हालत में मिली। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान जौनपुर के खेतासराय की रहने वाली मलावती (60), पत्नी जैराम के तौर पर हुई। बुजुर्ग महिला काशी अकेले आई थीं। बेटी सितारा व दामाद नरेश ने फोटो देखकर सोशल मीडिया से शिनाख्त की। 

परिजनों ने बताया कि  पति का देहांत पहले ही हो चुका था। पुलिस परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। परिजनों ने बताया कि वह काफी परेशान थे। उनकी तलाश की जा रही थी। आसपास पूछताछ के बाद भी उनका पता नहीं चल रहा था। सोशल मीडिया से उनकी पहचान हो सकी। 

अयोध्या के विद्यार्थियों ने विद्यापीठ का किया भ्रमण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में बुधवार को अयोध्या से भवदीय पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की टीम शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंची। स्कूल के प्रियांशु सिंह और विनय कुमार के नेतृत्व में इंटरमीडिएट के कुल 27 छात्र-छात्राओं ने विभाग में कक्षा संचालन के साथ ही लैब में प्रैक्टिकल आदि की कार्यशैली के बारे में जाना। विभागाध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने विद्यार्थियों को मनोविज्ञान विभाग के बारे में विस्तार से बताया। प्रो. रश्मि सिंह, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय एवं डॉ. पूर्णिमा श्रीवास्तव ने छात्रों को मनोविज्ञान के क्षेत्र में कॅरिअर के विकल्पों के बारे में बताया। 

संविवि : 15 दिनों में आ जाएंगे शास्त्री की परीक्षा के परिणाम
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री की प्रथम और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं समाप्त हाेने के बाद अब मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संभावना है कि मई के अंत तक परिणाम जारी हो जाएंगे। पहली बार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार होने वाली परीक्षाओं के लिए देश में 346 परीक्षा केंद्र बना गए थे। परीक्षा में 605 महाविद्यालयों के 14 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल थे। 13 मई से मूल्यांकन कार्य शुरू हो चुका है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है। मई के अंत तक परीक्षा परिणाम जारी होने की संभावनाएं हैं। 

बेहतर ग्रेड लाने की तैयारी पूरी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के नैक मूल्यांकन में बेहतर रैंकिंग लाने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नैक पीयर टीम 31 मई के पहले विश्वविद्यालय में कभी भी आ सकता है। हालांकि, अभी टीम के आने की तारीख तय नहीं हुई है। विश्वविद्यालय ने नैक मूल्यांकन के लिए समितियां गठित की हैं। नैक पीयर टीम के आगमन को देखते हुए 15 समितियों का गठन किया गया है। 

जलकल के महाप्रबंधक का वीडियो वायरल निगम ने कहा- भ्रामक
शहर में जलकल के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वे अपशब्द बोलते दिख रहे हैं। इस मामले में नगर निगम की ओर से कहा गया कि यह वायरल वीडियो भ्रामक है। परिसर में वाटर टैंक के पास सीडब्लूआर प्लांट है। 

यहां से 15 लाख नागरिकों के घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होती है। इसी प्लांट के पीछे महाप्रबंधक का आवास है। जहां उनका परिवार निवास करता है। सीडब्ल्यूआर प्लांट के पास अति सुरक्षा को लेकर बाहरी व्यक्तियों और सार्वजनिक प्रवेश निषेध है। बुधवार को कुछ लोग अंदर प्रवेश कर गए। जानकारी होने पर महाप्रबंधक ने जलकल के गार्ड और कर्मचारी से लापरवाही बरतने नाराजगी जताई गई। महाप्रबंधक की ओर से बाहरी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई है। 

रूपलेखा ने सुनाया मन में बसो राम...
सुबह-ए-बनारस के मंच पर कोलकाता की कलाकार रूपलेखा चटर्जी का गायन हुआ। गायन की शुरुआत राग बैरागी भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश मेरे मन में बसो राम... से की। समापन भजन से हुआ। तबले पर सुवीर अधिकारी और संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। 

अंतिम दिन बनारस के 172 जायरीन हुए रवाना
मुकद्दस हज सफर के अंतिम दिन बुधवार को बनारस के 172 जायरीन मदीना के लिए रवाना हुए। लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह पहली फ्लाइट से जायरीन गए। इस फ्लाइट में पूर्वांचल के गोरखपुर के 74 व मिर्जापुर के 23 जायरीन गए। कुल तीन फ्लाइटें गईं। बनारस के कुल 643 जायरीन हज पर जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के को-ऑडिनेटर अरमान अहमद ने बताया कि जायरीन की रवानगी खत्म हो गई है। 18 दिनों में कुल 20 फ्लाइटें मदीना के लिए गईं। इनकी वापसी 11 से होगी। 

छात्राओं के लिए कॉलेज में लगवाए वाटर कूलर
श्री काशी अग्रवाल समाज द्वारा संचालित श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज परमानंदपुर में बुधवार को वाटर कूलर लगवाया गया। इसका उद्घाटन समाज के सभापति संतोष अग्रवाल ने किया। संतोष अग्रवाल ने कहा कि प्रचंड गर्मी में वाटर कूलर वरदान है, इससे छात्राओं को गर्मी में फिल्टर व शीतल पानी राहत दिलाएगी। इस मौके पर कॉलेज के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, प्राचार्या डॉ. मिथिलेश सिंह, डॉ. मधु अग्रवाल, रूबी साह आदि रहे। 

सनातन संजीवनी का किया लोकार्पण
ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के जीवन पर आधारित पुस्तक सनातन संजीवनी का लोकार्पण किया गया। ज्योतिर्मठ बदरिकाश्रम हिमालय के प्रकाशन सेवालय द्वारा प्रकाशित पुस्तक का संकलन साध्वी पूर्णांबा ने किया।

श्रीविद्यामठ में ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर संविधान विशेषज्ञ डाॅ. अनिल भारद्वाज, साहित्यकार डाॅ. यतींद्र चतुर्वेदी, धर्मशास्त्री डाॅ. अवधराम पांडेय उपस्थित रहे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने दी है। 

श्रमदान कर गंगा के संरक्षण की शपथ ली
नमामि गंगे ने दशाश्वमेध और राजेंद्र प्रसाद घाट सहित अन्य घाटों को स्वच्छ रखने के लिए गंगा से आजीविका प्राप्त कर रहे लोगों के साथ मुहिम की शुरुआत की है। गंगा किनारे रहने वाले पुरोहितों, मल्लाहों, दुकानदारों, पूजन सामग्री विक्रेताओं और फोटोग्राफरों के साथ गंगा स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाया गया। गंगा से आजीविका प्राप्त करने वाले लोगों ने गंगा के संरक्षण की शपथ ली। इस दाैरान संयोजक राजेश शुक्ला, विभूति नारायण मिश्रा, संतोष मिश्रा, आकाश मिश्रा, पुरोहित किशन, हनुमान, अजय निषाद, गोरख साहनी, जवाहर मांझी, कल्लू महाराज शामिल रहे। 

भैयाजी बनारसी के पुत्र कवि राजेंद्र गुप्त का निधन
बनारस की साहित्यिक गलियों में हास्य और संवेदना के रंग बिखेरने वाले प्रख्यात कवि, रचनाकार और स्व. मोहनलाल गुप्त भैयाजी बनारसी के पुत्र राजेंद्र गुप्त का निधन हो गया। बुधवार को मणिकर्णिका श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके पुत्र वरिष्ठ पत्रकार राजेश गुप्ता ने मुखाग्नि दी। 

चेतगंज स्थित उनके आवास से निकली शवयात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। संतोष दास सतुआ बाबा, नरोत्तम शिल्पी, किशन दीक्षित, संजय अग्रवाल, विकास यादव, अनिल साहू सहित साहित्यकारों, पत्रकारों और राजनेताओं ने घाट पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। 

राजेश गुप्ता ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व सीढ़ियों से गिरने के कारण राजेंद्र गुप्त गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्गाकुंड के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन से साहित्य, पत्रकारिता और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। राजेंद्र गुप्त की हास्य-भरी कविताएं और संवेदनशील रचनाएं बनारस की फिजा में हमेशा गूंजेंगी। 

संस्कृति, सभ्यता और कला का होता है काशी में मिलन : प्रो. बिहारी लाल
संस्कृति, सभ्यता और कला आत्मा हैं। इनका मिलन ही काशी है। काशी एक ऐसी नगरी है जो अपनी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और कला के लिए प्रसिद्ध है। ये विचार संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने व्यक्त किए। 

वह बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री स्मृति भवन संग्रहालय रामनगर एवं पुरातत्व संग्रहालय, सामाजिक विज्ञान विभाग, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से कला अभिरुचि पाठ्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय काशी का इतिहास, सांस्कृतिक परंपरा तथा संग्रहालय की महत्ता एवं उपयोगिता विषयक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि संग्रहालय हमें प्राचीन के अतीत का दर्शन करवाता है और उससे जोड़ता है। मुख्य वक्ता प्रो. सुधाकर मिश्र ने कहा कि काशी अनादि और अनंत है। काशी को मात्र अनुभव किया जा सकता है। प्रो. शैलेश मिश्र, डॉ. सत्येंद्र यादव, डॉ. विमल त्रिपाठी, अमित द्विवेदी ने विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ. सुजीत चौबे और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राजनाथ ने किया। 

देश के सैन्यकर्मियों के लिए बागबान महिला संगठन ने उतारी महाआरती
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सीमा पर भारतीय फौज की कुशलता और सफलता की कामना के साथ भगवान भोलेनाथ को महिलाओं ने सिंदूर दान किया। सिंधी महिलाओं के संगठन बागबान महिला की ओर से बाबा की आरती की गई। इस अवसर संस्था की ओर से शरबत का भी वितरण हुआ।

कार्यक्रम का नेतृत्व अध्यक्ष पूजा लखमानी ने किया। संचालन सचिव वर्षा बढ़ानी और कोषाध्यक्ष अमीषा रूपानी ने किया। कार्यक्रम की संयोजक मधु डोडवानी, पायल राजवानी रहीं। इस अवसर पर वर्षा लालवानी, हर्षा केशवानी, श्वेता चांगरानी, कीर्ति बिजलानी, नेहा गंगवानी, मधु विशनानी आदि रही। 

पाकिस्तान और तुर्किये के खिलाफ निकाली रैली
बीएचयू में पाकिस्तान और तुर्किये के खिलाफ छात्रों ने रैली निकाली। साथ ही भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, त्याग और समर्पण को नमन भी किया। बीएचयू के जनसंचार एवं पत्रकारिता के छात्रों ने विभाग से लेकर विश्वनाथ मंदिर तक रैली निकाली। विभागाध्यक्ष प्रो. शोभना नार्लीकर ने कहा कि देश की मिट्टी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिक हमारे लिए प्रेरणा हैं। प्रो. ज्ञान प्रकाश मिश्र, प्रो. बाला लखेंद्र, छात्र उत्कर्ष पाठक, सुजीत पासवान, लोकेश आदि मौजूद रहे। 

एनएसयूआई ने सैनिकों के पराक्रम को किया नमन
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय के नेतृत्व में मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा से काशी विद्यापीठ स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक शांति मार्च निकाला गया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम को नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के मंत्री विजय साह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को पाकिस्तान की बहन कहने पर नाराजगी जताई और मंत्री को तत्काल विधानसभा से बर्खास्त करने की मांग की। 

इस दौरान जिलाध्यक्ष शशांक सिंह, संदीप पाल, रोनिक सोनकर, शिवम, आदित्य सोनकर, आशुतोष पांडेय आदि रहे। उधर, अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय से तिरंगा यात्रा निकाल कर ऑपरेशन सिंदूर में अपने प्राणों की आहुति देने वाले मां भारती के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। यात्रा में एडवोकेट विनोद कुमार पांडेय, विपिन शुक्ला, सुनील सिंह, माधव प्रसाद पांडेय, शैलेंद्र चौबे आदि शामिल रहे। 

शाक्य मुनि की प्रतिमा लगवाने के लिए सौंपा ज्ञापन
सारनाथ में शाक्य मुनि की प्रतिमा को हटाने के बाद अनुयायियों में आक्रोश है। बुधवार को अनुयायियों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा को दोबारा लगवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर उनकी मांग जल्द नहीं मानी गई तो वे आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। रजनीश मुनि ने बताया कि शाक्य मुनि ने संतों को सारनाथ में उपदेश दिया था। वर्ल्ड बैंक और वीडीए ने उनकी प्रतिमा को लगवाया था। 

नारद जयंती : पत्रकार भी भारत का सेनानी है
बीएचयू में बुधवार को देवर्षि नारद जयंती मनाई गई। राष्ट्रीय सुरक्षा में मीडिया की भूमिका विषय पर पांचजन्य के प्रधान संपादक हितेश शंकर ने कहा कि भारत-पाक तनाव के दौरान भारत के साइबर योद्धाओं ने सूझबूझ के साथ काम लिया। क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने कहा कि नारद जी का चरित्र ही संदेश था। उनके वचन कभी झूठे नहीं होते थे। पत्रकार एक व्यक्ति नहीं भारत का सेनानी है। इस दाैरान कई पत्रकारों को नारद पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम में प्रो. तेज प्रताप सिंह और आरएसएस के सरकार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल समेत विश्व संवाद केंद्र के कई सदस्य माैजूद रहे। 

40,82,947 रुपये शमन शुल्क जमा हुआ
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए सभागार में बैठक की। लंबित शमन मानचित्रों की प्रकरणवार समीक्षा कर शीघ्र मानचित्र निस्तारण का निर्देश दिया। जोन-1 के वार्ड शिवपुर, सिकरौल में 40,82,947 रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया। जोन-2 के वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में अब तक 38,60,280 रुपये शमन शुल्क जमा हुआ है।  

यूटिलिटी सेवाओं के लिए बना केबल डक्ट
फुलवरिया चौराहे से सेंट्रल जेल तक फुटपाथ निर्माण के तहत यूटिलिटी सेवाओं के लिए केबल डक्ट का निर्माण किया गया। फुलवरिया चौराहे से सेंट्रल जेल तक के मार्ग पर फुटपाथ का निर्माण किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत संबंधित विभागों से विचार-विमर्श के उपरांत फुटपाथ के नीचे सेवेन वे केबिल डक्ट का प्रावधान किया गया है। जिससे भविष्य में इलेक्ट्रिक लाइन, ओएफसी केबल इत्यादि यूटिलिटी सेवाओं को व्यवस्थित रूप से डाला जा सकेगा। 

विशिष्ट पुरा छात्र अवाॅर्ड के लिए आवेदन जारी
आईआईटी-बीएचयू ने विशिष्ट पुरा छात्र अवाॅर्ड के नॉमिनेशन के लिए आवेदन जारी किया है। 4 जून तक आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि तय की गई है। 12 बिंदुओं में इंट्री भरने के लिए एक प्रोफाॅर्मा भी अपने आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। वहीं, प्रतिष्ठित पुरा छात्रों को अपना पेशा, अकादमिक, अनुसंधान और नवाचार, उद्योग-उद्यमिता, सार्वजनिक जीवन, संस्थान के लिए विशिष्ट सेवाएं, युवा पूर्व छात्र उपलब्धि पुरस्कार (45 वर्ष से कम आयु) आदि की जानकारियां भी देनी होंगी। 

किताब का अंतरराष्ट्रीय जर्नल ने किया प्रकाशन
विश्व प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल स्प्रिंगर नेचर ने बीएचयू के प्राेफेसर की किताब का प्रकाशन किया है। भारतीय कृषि: चुनौतियां, प्राथमिकताएं और समाधान शीर्षक से एक संपादित किताब का संपादन बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के कुलपति बीएचयू के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. दिनेश चंद्र राय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक, मध्य प्रदेश के प्रो. नवीन शर्मा ने किया है। 

आरटीआई के नोडल प्रशासनिक अधिकारी बदले
बीएचयू में संयुक्त कुलसचिव डॉ. मयंक नारायण सिंह को बीएचयू में सामान्य प्रशासन का कार्यभार दिया गया है। उनके पास नॉन टीचिंग एडमिन पद पहले से ही है। वहीं बीएचयू स्कूल बोर्ड के सहायक कुलसचिव ऋषभ तिवारी को आरटीआई के नोडल ऑफिसर और सीएपीआईओ का चार्ज दिया गया है। इससे पहले संयुक्त कुलसचिव डॉ. एसपी माथुर के पास ये पद था। 

सीएसईईटी 2025 का रिजल्ट आज दो बजे जारी होगा
कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेस टेस्ट (सीएसईईटी) 2025 की मई परीक्षा का रिजल्ट बृहस्पतिवार को जारी होगा। उम्मीदवार आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट पर दोपहर दो बजे से अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के सचिव सीएस आशीष मोहन ने बताया कि सीएसईईटी की परीक्षा तीन से पांच मई 2025 को आयोजित हुई थी। 

प्रो. सरस्वती बनीं प्रशासनिक संरक्षक
बीएचयू में महिला महाविद्यालय की प्रो. सरस्वती कुमारी को कुंदन देवी हॉस्टल का प्रशासनिक संरक्षक नियुक्त किया गया है। वह तीन वर्ष तक इसी पद पर बनी रहेंगी। एक जून से 31 मई, 2028 तक हॉस्टल के प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगी। इनसे पहले डॉ. ऋचा रघुवंशी कुंदन देवी का प्रशासनिक संरक्षक थीं। 

पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय में समर कैंप शुरू
पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, भिटारी में बुधवार को पांच दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी राम पूजन पटेल ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि समर कैंप में पांच दिनों के लिए कई प्रकार की गतिविधियों की योजना बनाई गई है। इनमें ड्राइंग-पेंटिंग, आर्ट-क्राफ्ट, नृत्य-संगीत, मेहंदी, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों के लिए बच्चों का नामांकन पूरा हो चुका है। 

महामना कॉलेज के 15 छात्रों को मिली छात्रवृत्ति
महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव में बुधवार को विद्यालय के 15 होनहार छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2025 में उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमणि सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के सहायक अध्यापक रामभरोस पटेल को दिया। छात्रवृत्ति के लिए चयनित होने वाले विद्यार्थियों में ऋषभ गुप्ता, तरुण कुमार पटेल, अश्विन, विकास साहनी, सोनम यादव, रिया शर्मा, खुशी शर्मा, वैभव, पवन कुमार, अंजली पटेल, सत्यम पटेल, आकांक्षा, सरोजिनी और ईशा का नाम शामिल हैं। विद्यार्थियों को प्रति माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। 

संस्कृत ओलंपियाड में उज्ज्वल को स्वर्ण पदक
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली की ओर से आयोजित भारतीय ज्ञान परंपरा ओलंपियाड-2025 में डीएवी पीजी कॉलेज के एमए के छात्र उज्ज्वल तिवारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस प्रतिस्पर्धा में एमए की छात्रा अपर्णा तिवारी को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। बुधवार को महाविद्यालय में प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल, उपाचार्य प्रो. संगीता जैन, विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम सिंह एवं डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed