Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Dumper drivers beaten with sticks slapped video viral construction sealed

Varanasi News Today: डंपर के ड्राइवरों को डंडे से मारा, तमाचे लगाए, वीडियो वायरल, निर्माण सील; पढ़ें खबरें

Wed, 10 Sep 2025 10:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 10 Sep 2025 10:11 AM IST
सार

Varanasi News: डंपर के चालकों को मारने की वीडियो वायरल होत ही हड़कंप मच गया। घटना आदमपुर जोन के कज्जाकपुरा तिराहे के पास की है। वहीं, भेलूपुर वार्ड में एक अवैध निर्माण को सील किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Dumper drivers beaten with sticks slapped video viral construction sealed
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। एक व्यक्ति दूसरे लोगों को डंडा और तमाचा मार रहा है। यह वीडियो शहर से कूड़ा उठाने वाली कंपनी वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशंस  प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट हेड अनुज भाटी का है। जो ड्राइवरों को मार रहे हैं। 

विज्ञापन


पांच मिनट के वीडियो में प्रोजेक्ट हेड कज्जाकपुरा तिराहे पर एक बाइक शोरूम के बाहर पहुंचते हैं। हाथ में डंडा लेकर कंपनी में कूड़ा उठाने वाले डंपर के दो ड्राइवरों की पिटाई कर रहे हैं। एक को डंडे और एक ड्राइवर को तमाचे मार रहे हैं। घटना आदमपुर जोन के कज्जाकपुरा तिराहे के पास की है। कूड़ा डंपिंग जोन (कूड़ा घर) के पास दोनों ड्राइवर खड़े थे। मंगलवार शाम तक कंपनी के ड्राइवरों की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। वीडियो के वायरल होने से कूड़ा उठाने वाली कंपनी में हड़कंप मचा है।
विज्ञापन


प्रोजेक्ट हेड ने बताया कि कूड़ा उठाने के संबंध में ड्राइवरों को दिशानिर्देश देने गया था। उन्होंने शराब पी थी। साथ ही वह अपशब्द कहने लगे, उन्हें डराने का प्रयास किया था। मारने की नीयत से डंडा नहीं उठाया था। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी ने कहा कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

शूटिंग का सामान चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
फिल्म की शूटिंग का सामान चोरी करने के आरोपी संजीत कुमार को सिगरा पुलिस ने मंगलवार को अंधरापुल से गिरफ्तार किया। संजीत मोतिहारी चकिया के तरनिया का रहने वाला है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में संजीत ने बताया कि प्रियांशु निवासी तरनिया मोतिहारी व गौरव निवासी पटना ने फोन कर कैंट स्टेशन के सामने एक होटल में बुलाया।

वहां पहुंचने पर गौरव और प्रियांशु ने कहा कि दिल्ली से प्री वेडिंग की शूटिंग के लिए बुकिंग की है। रात को उन्हें खाने के लिए बाहर बुलाऊंगा तो बैग लेकर भाग जाना। बैग में महंगे कैमरे व लेंस होंगे। इसके लिए 10 हजार प्रियांशु ने नकद भी दिए। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। 

मारपीट में तीन पर केस दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा खुर्द गांव में गिरीश चंद्र तिवारी की पिटाई में तीन के खिलाफ मंगलवार को केस दर्ज किया गया। पीड़ित गिरीश चंद्र ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त की शाम राकेश तिवारी के साथ आए दो अज्ञात युवकों ने उसे मारा पीटा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीन पर छेड़खानी का दर्ज कराया केस 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने तीन आरोपियों पर छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का केस मंगलवार को दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार शाम दुकान पर सामान लेने गई थी। गांव के तीन युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर मां व बहन पर युवक ने चाकू से हमला कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

मारपीट में 9 के खिलाफ केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राम सिंहपुर गांव में 20 दिन पहले रंजिश को लेकर दो पड़ोसियों में मारपीट हो गई। पिता-पुत्री समेत 4 लोग घायल हो गए। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में केस दर्ज कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित सत्यनारायण गुप्ता की तहरीर पर गांव के मन्नू, संजना, साक्षी, बिरजू समेत 9 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

बंद मकान में चोरी, समेटे आभूषण
चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में महेंद्र यादव के मकान को चोरों ने सोमवार रात खंगाल दिया। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने दरवाजा टूटा देखा तो महेंद्र को सूचना दी। महेंद्र मुंबई में रहते हैं। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि सीसी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।

शिवाला में अवैध निर्माण सील
भेलूपुर वार्ड के शिवाला के शंभूनाथ गुप्ता और अन्य की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इस निर्माण के विरुद्ध कारण बताओ और कार्य रोकने का नोटिस जारी किया गया था। बावजूद निर्माणकर्ता की ओर से चोरी-छिपे व रुक-रुक कर रात में निर्माण कराया जा रहा था। जिस पर अवैध निर्माण को सील किया गया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार और अवर अभियंता सोनू कुमार ने कार्रवाई की। 

नाबालिग के अपहरण के मामले में मुकदमा दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी को अगवा करने के मामले में पीड़ित मां ने शिवपुर थाने में सोमवार रात केस दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 16 साल की बेटी 8 सितंबर से लापता है। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है। 

रात में दुकानदार की पिटाई, तीन पर केस दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसही निवासी दुकानदार आशीष यादव की पिटाई के मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। आशीष ने पुलिस को बताया कि सात सितंबर की रात चांदमारी से दुकान बंद कर घर लौट रहा था, इस बीच रंजिश में नवलपुर बसही निवासी सोनू पंडित, टकटकपुर निवासी हैप्पी और नवलपुर लक्ष्मणपुर निवासी निखिल ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के इटहा में मंगलवार शाम पुलिस ने जुए के फड़ पर छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 15 हजार नकद और ताश की गड्डी बरामद हुई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संजय चौहान, रोहित कुमार सिंह, रोहित कुमार और मनीष कुमार पाठक मोहनपुर कुड़ी और खररिया खास का निवासी अली हुसैन है। 

प्राचार्य की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर की वायरल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी के शुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र शोहरत अली ने प्राचार्य नीरज कुमार  की फोटो एडिट कर महिला मॉडल के साथ सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। नीरज ने पुलिस को बताया कि पूर्व छात्र मनबढ़ है। वह कॉलेज में अकसर मारपीट करता था। मेरी फोटो के साथ एक अन्य मॉडल की फोटो को जोड़कर सोशल मीडिया पर टीचर्स डे की शुभकामनाएं दीं। प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 

किराया मांगने पर ऑटो चालक को पीटा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर बाजार में मंगलवार देर शाम ऑटो चालक के किराये मांगने से नाराज मनबढ़ ने पिटाई कर दी। रूपापुर निवासी पीड़ित निखिल पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह शाम को राजातालाब से ऑटो में सवारी लेकर रूपापुर के लिए निकला। वहां पहुंचने पर यात्री से किराया मांगा तो उसने पिटाई कर दी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
जानलेवा हमले के आरोपी अंसार अहमद को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को हरतीरथ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि अमिया मंडी चौकी क्षेत्र में 6 मार्च को नाबालिग से छेड़खानी के आरोपी को थाने लेकर आने वाले लोगों से नाराज रिजवान, गुड्डू और उसके साथ 100 लोगों ने रास्ते में हमला कर दिया था। साथ ही आरोपी को सभी छुड़ा ले गए थे। हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें अंसार अहमद वांछित था। 

15 लोगों पर रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज 
कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में आरपीएफ ने 15 लोगों पर रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। 9 नो पार्किंग के जुर्म में सर्कुलेटिंग एरिया से 8 ऑटो चालकों और महानगरी एक्सप्रेस में चेन पुलिंग करने के जुर्म में एक पर केस दर्ज किया गया। 

आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि रेल परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर अशांति के मामले में 6 महिलाओं पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 5 पर 3 नाबालिग बच्चे मिले। दो देवरिया और एक प्रयागराज के रहने वाले हैं। बच्चे परिवार से नाराज होकर बिना बताए घर से भागे और यात्रियों से भीख मांगने लगे। उन्हें रेस्क्यू कर चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया। 

प्रमुख उद्यमी आरके चौधरी के बड़े भाई का निधन
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी के बड़े भाई रामअवतार चौधरी (84) का मंगलवार को भोर में सूरत में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। सूचना मिलते ही आरके चौधरी और उनका पूरा परिवार सूरत रवाना हुआ। आईआईए के उद्यमियों ने मलदहिया के विनायक प्लाजा कार्यालय में दो मिनट का मौन रखा। आईआईए के नेशनल सेक्रेटरी दीपक बजाज, राजेश भाटिया, नीरज पारिक, अनुपम देवा, प्रशांत अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, राहुल मेहता ने शोक जताया। 

रिंग रोड-3 पर दो कार की टक्कर में चार घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड-3 पर मंगलवार शाम बभनपुरा गंगापुर के पास दो कार की टक्कर हो गई। हादसे में चंदौली न्यायालय के पेशकार समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि घायलों में अमित दुबे, विवेक त्रिपाठी, मनोज कुमार सिंह, मुकेश कुमार है। दूसरे कार चालक की पहचान नहीं हो सकी है। 

बाराबंकी प्रकरण में दूसरे कब्जों पर भी चले बुलडोजर
बाराबंकी में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं और छात्रों पर लाठीचार्ज का गुस्सा बीएचयू में भी दिखा। छात्रसंघ भवन में अभाविप के प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि कॉलेज की अवैध भूमि और शेष कब्जे पर बुलडोजर चलवाकर उसे खाली कराया जाए। अभी तो कॉलेज को ही ढहाया गया है। अभय प्रताप ने कहा कि मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की सार्थक वार्ता हुई। 

उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिक्षा-माफियाओं और छात्र विरोधी प्रशासन को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। भविष्य में घटना होगी तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को बाध्य होगी। अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन लेने के साथ ही उपद्रवियों को गिरफ्तार कर छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। 

फ्लड जोन के लिए  टेंडर प्रक्रिया पूरी
बलिया तक गंगा और सहायक नदियों पर पहली बार फ्लड जोन बनाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। 1. 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। 15 अक्तूबर के बाद गंगा किनारे के वाराणसी समेत चार जिलों में 1508 पिलर और 279 साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। वाराणसी में 363 पिलर और 68 साइन बोर्ड लगेंगे। एनजीटी की पहल पर हरिद्वार से बलिया तक फ्लड जोन (बाढ़ क्षेत्र) तय किए गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र आजाद ने बताया कि वाराणसी सहित चंदौली, भदोही और मिर्जापुर में फ्लड जोन बनाए जाएंगे। 

Varanasi News Today Dumper drivers beaten with sticks slapped video viral construction sealed
वायु प्रदूषण। - फोटो : अमर उजाला

वायु प्रदूषण में वाराणसी देश में 11वें स्थान पर बरकरार
शहरी कार्य मंत्रालय एवं पर्यावरण मंत्रालय ने मंगलवार को देश की वायु प्रदूषण रैंकिंग जारी की। इसमें वाराणसी को देश में 11वां स्थान मिला है। बीते साल भी वाराणसी 11वें स्थान पर था। नगर निगम वाराणसी ने शहर की आबोहवा सुधारने के लिए अथक प्रयास किए हैं। 

नगर निगम की ओर से प्रदूषण माप के लिए कई स्थानों पर यंत्र लगाए गए हैं। शहर के 15 स्थानों पर बिल्डिंग मैटीरियल के निस्तारण की व्यवस्था की गई है। सड़कों और डिवाइडरों की धुलाई के साथ-साथ पेड़ों की धुलाई भी की जाती है। नगर निगम की ओर से आईईसी के माध्यम से स्कूलों और संस्थाओं को जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न चौराहों पर सड़कों पर रेड लाइट के दौरान वाहन बंद करने के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।  

मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास होगा कि अगले वर्ष वाराणसी को देश के रैंकिंग में टॉप-5 में स्थान मिले। नगर निगम और अधिक सक्रिय रूप से कार्य करेगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि वाराणसी शहर में स्वच्छ वायु प्रदान करने के लिए नगर निगम अथक प्रयास कर रहा है। कूड़े का समुचित उठान, बिल्डिंग मैटेरियल का निस्तारण, सड़कों की सफाई, पेड़ों-डिवाइडरों की धुलाई, होम कम्पोस्टिंग के कार्य का अनुपालन कराया जा रहा है। 

कोनिया पुल पर फिर धंसी सड़क, आने जाने में परेशानी
वरुणा नदी पर बना कोनिया पुल की सड़क एक बार फिर धंस गई है। पुल की सतह पर करीब डेढ़ फीट चौड़ा और तीन फीट लंबा गड्ढा बनने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। पुल पर कई छोटे-छोटे गड्ढे बन गए हैं। लोगों का कहना है कि पुल पर कभी भी अनहोनी हो सकती है। लगातार हो रहे गड्ढे और जगह-जगह दरारें निर्माण और गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। कोनिया निवासी राजकुमार, सोनू सिंह, गोलू सोनकर और रमेश कुमार का कहना है कि हल्की बारिश में भी सड़क धंसने लगती है।  लोक निर्माण विभाग ने इस पुल को 2020 में जनता के लिए खोला था। 

साढ़े 107 मीटर लंबा पुल शहर को सारनाथ, चौबेपुर क्षेत्र के गावों और संदहा रिंग रोड से जोड़ता है। लोक निर्माण विभाग ने दो बार मरम्मत कराई, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकला। लोगों ने बताया कि पुल पर छोटे-बड़े वाहन लगातार गुजरते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे और राहगीर भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। सड़क धंसने से दोपहिया चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। 

अभिभावकों पर बढ़ा बोझ, प्रकाशक चिंतित
कागज पर जीएसटी 12 फीसदी से बढ़ाकर 18 फीसदी किए जाने से कॉपी निर्माताओं के साथ ही अभिभावकों पर भी बोझ बढ़ेगा। इस वृद्धि से कॉपियां, बच्चों की पाठ्य पुस्तकें सभी महंगी हो जाएंगी। मंगलवार को नीचीबाग स्थित गौरी शंकर नेवर की अध्यक्षता में काशी कागज व्यवसाय समिति, काॅपी निर्माता एवं विक्रेता संघ, वाराणसी प्रकाशक संघ की संयुक्त बैठक हुई। 

इसमें व्यापारियों ने कागज पर जीएसटी दर बढ़ाए जाने का विरोध किया। उन्होंने मांग की कि इसे कागज पर जीएसटी दर की वृद्धि को वापस लिया जाए। बैठक में प्रकाश संघ के राकेश जैन, रूपेश अग्रवाल, रामनारायण गुप्ता, राकेश ढोडी, प्रखर गोयल, संतोष जायसवाल, ओमप्रकाश बजाज आदि रहे। 

रेलकर्मियों के बच्चों के लिए होगी निबंध प्रतियोगिता
केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन नई दिल्ली के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन की ओर से रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। वाराणसी मंडल के तहत वाराणसी, छपरा, गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज रामबाग सहित अन्य स्टेशनों पर रेल कर्मचारियों के 6 से 15 साल के बच्चों के लिए 14 सितंबर को निबंध प्रतियोगिता होगी।

इसके अलावा 21 सितंबर को ऑन द स्पॉट ड्राॅइंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। तीन चरणों में होने वाली प्रतियोगिता में पहले ग्रुप में 6 से 9 साल, दूसरे में 9 से 12 साल और तीसरे ग्रुप में 12 से 15 साल के बच्चे शामिल हो सकेंगे। ईच्छुक बच्चे निर्धारित फाॅर्मेट में अपना विवरण भरकर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी / वाराणसी हित अनुभाग के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। 

नगर निगम सदन भवन के लिए सितंबर के अंत में निकलेगा टेंडर
नगर निगम के नए सदन भवन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया इस महीने के अंत में अपनाई जाएगी। छह मंजिला भवन का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा होगा। नया सदन भवन जिस भूमि और वन पर बनना है, उस तरफ के सभी कार्यालयों को दूसरे भवन में पूर्व में ही स्थानांतरित किया जा चुका है।   

अधिकारियों ने बताया कि 96.99 करोड़ से निर्माण होगा। 25 प्रतिशत धनराशि नगर निगम को लगानी है। नगर विकास विभाग की ओर से कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को नामित कर 25.46 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह नगर निगम के उत्तरी छोर पर 70 हजार वर्गफीट में बनेगा। इस भवन में 300 पार्षदों की क्षमता का सदन हॉल, महापौर कक्ष, कार्यालय, पार्षद कक्ष, प्रशासनिक खंड होगा। 

नगर विकास विभाग ने स्वीकृति देकर पहली किस्त जारी कर दी है। विभागों के लिए अलग-अलग विभागीय खंड, डेटा सर्वर सेंटर आदि की व्यवस्था होगी। पीआर सेंटर, पावर बैकअप सिस्टम, डीजी सेट, सीसीटीवी, स्पीकर, फर्नीचर, लिफ्ट, दिव्यांगजनों के लिए सुविधा, भूमिगत पार्किंग, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, फायर फाइटिंग की व्यवस्था होगी। 

रामनगर में स्कल्पचर की मरम्मत शुरू
शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए लगाए जा रहे स्कल्पचर दरार के साथ झुकने लगे खबर अमर उजाला माई सिटी में छपने के बाद प्रशासन ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। रामनगर में लस्सी वाला स्कल्पचर दरार होने के कारण एक ओर से झुक रहा है। इन स्कल्पचर के बारे में पूरी जानकारी बोर्ड पर लिखी है। जिस पर रेलवे और वीडीए का लोगो लगा हुआ है। 

यह कार्य संस्कृति विभाग, वीडीए, बरेका मिलकर कर रहा है। इससे न केवल काशी की सुंदरता निखरेगी बल्कि शहर के सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को भी उजागर करेगी। इन स्कल्पचर से कबाड़ को कला का रूप देकर उपयोग में लाने की प्रेरणा मिलेगी। 

बरेका ने कैंट स्टेशन को दिए 20 डस्टबिन
कैंट रेलवे स्टेशन परिसर को साफ रखने के लिए जगह-जगह कूड़ेदान रखवाए जा रहे हैं। मंगलवार को बरेका से आई टीम ने कैंट स्टेशन को 20 नए स्टील के कूड़ेदान भेंट किए। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया और टिकट घर के पास यात्रियों की सुविधा के लिए डस्टबिन लगाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष सतीश को माला पहनाकर दी बधाई
समाचार पत्र वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद का जन्मदिन मंगलवार को कचहरी पर मनाया गया। हमराहियों ने नगाड़े के साथ उनको फूलमाला पहनाकर उनकी दीर्घायु की कामना की। उनको मिठाई खिलाकर बधाई दी। सूरज गुप्ता, राजेश पांडेय, सुनील मिश्रा, गुड्डन श्याम, सतेंद्र प्रसाद, चंद्रभान यादव, रामजी, बारिश, मोहित, सत्यप्रकाश, मुन्ना गुप्ता आदि रहे। 

बाइक रैली निकालकर बताए यातायात नियम
जेसीआई काशी ने जेसी सप्ताह पर मंगलवार को मलदहिया चौराहे से स्लो बाइक रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। रैली को सीआरपीएफ 95वीं बटालियन के कमांडेंट आरएस बालापुरकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 20 सदस्यों ने बाइक से छह किमी की दूरी तय की। बाइक रैली तेलियाबाग, कचहरी, जगतगंज, लहुराबीर से सिगरा पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में संस्था के अध्यक्ष हर्षद अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, प्रतीक मुंद्रा, अंकित कसेरा, अत्युष रस्तोगी शामिल रहे। 

जिले के 4 ब्लॉकों के 6 पशुओं के लिए नमूने
बिहार में पशुओं में फैली लंपी बीमारी को देखते हुए जिले में पशुओं की जांच शुरू हो गई है। मंगलवार को चार ब्लाॅकों से छह पशुओं के नमूने लेकर जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली भेजे गए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरएस राजपूत ने बताया कि काशी विद्यापीठ, बड़ागांव, चिरईगांव और चोलापुर ब्लाॅक के पशुओं में लंपी के लक्षण मिलने पर नमूने लिए गए हैं। अभी तक 1046 नमूने लिए जा चुके हैं। 

स्मार्ट सिटी बनवाएगा ओपन एयर जिम
कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक कार्यालय में निदेशक अर्पित गुप्ता और वाराणसी स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के बीच मंगलवार को बैठक हुई। इसमें स्मार्ट सिटी की ओर से रेलवे कॉलोनी में बनाए जाने वाले ओपन एयर जिम की जानकारी दी गई। इसके साथ ही अंध्रा पुल पर होने वाले सुंदरीकरण पर भी चर्चा हुई। इस दौरान स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, वरिष्ठ अभियंता (सिविल) अभिषेक कुमार, रेलवे से सहायक अभियंता राजित राम और वरिष्ठ खंड अभियंता आर चतुर्वेदी मौजूद रहे। 

विद्यापीठ के प्रकाशन विभाग के कर्मचारी का निधन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मुद्रणालय और प्रकाशन विभाग के कर्मचारी (ट्रेडिल मैन) दशरथ का सोमवार को निधन हो गया। विश्वविद्यालय में हुई श्रद्धांजलि सभा में कुलपति प्रो.आनंद कुमार त्यागी सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से आत्मा की शांति की प्रार्थना की। 

चुप्पी तोड़ें, संवाद शुरू करें विषय पर चर्चा
बीएचयू में कल्याणकारी सेवा प्रकोष्ठ की ओर से छात्र अधिष्ठाता कार्यालय में विद्यार्थी मानसिक स्वास्थ्य पर संवाद हुआ। पहले चरण में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर बात हुई। इसमें छात्रों से कहा गया कि चुप्पी तोड़ें, संवाद शुरू करें। आत्मघाती विचारों के प्रभाव, आत्महत्या के प्रयासों के कई चरणों, इससे जुड़े तनावों को कम करने के टिप्स दिए गए। आत्महत्या को रोकने के प्रयासों को सशक्त बनाने और सामुदायिक समर्थन पर आधारित कैंपस संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने पर भी चर्चा हुई। इसमें छात्रावास समन्वयक, प्रशासनिक वार्डन, वार्डन और विद्यार्थी परामर्शदाताओं ने भाग लिया। 

दूसरे चरण के संवाद में फ्रंटलाइन सपोर्ट स्टाफ शामिल रहे। इसमें लेडी हाउसकीपर्स, मल्टी-टास्किंग स्टाफ, हॉस्टल अटेंडेंट्स और हॉस्टल कार्यालय स्टाफ से आत्महत्या जैसे गंभीर विषयों पर खुलकर बात की गई। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को तोड़ने, सहानुभूति बढ़ाने, मानसिक स्वास्थ्य संसाधनों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई गई। 

कमिश्नरी में 13 को जुटेंगे फेरी पटरी ठेला व्यवसायी
राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के संस्थापक प्रमोद कुमार निगम की जयंती पर 13 सितंबर को कमिश्नरी सभागार में संगोष्ठी होगी। इसमें उत्तर प्रदेश में विकसित भारत के निर्माण में फेरी पटरी ठेला व्यवसायियों की भूमिका पर विचार विमर्श होगा। 

यह जानकारी बनारस बार एसोसिएशन वाराणसी पूर्व अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने दी। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने मंगलवार को कहा कि इसमें भारत के विभिन्न राज्यों से फेरी पटरी ठेला व्यवसायी और पदाधिकारीगण आएंगे। जो स्ट्रीट वेंडर्स के की चुनौतियों और समाधान पर मंथन करेंगे। कार्यक्रम का पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर 02 बजे तक और  दूसरा सत्र दोपहर 03 से शाम 05:30 तक चलेगा। 

बीएचयू में गैस्ट्रो सर्जरी विभाग जरूरी
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के बिना एम्स दिल्ली की बात बेमानी है। ये मुद्दा सोमवार को निदेशक प्रो. एसएन संखवार से वार्ता के दौरान उठा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. बहादुर सिंह यादव ने कहा कि विभागों और इसमें उपलब्ध सुविधाओं की वर्तमान स्थिति चिंता पैदा करती है।

सबसे ज्यादा गैस्ट्रो पीड़ित लोग अस्पतालों में आ रहे हैं लेकिन यहां गैस्ट्रो सर्जरी जैसा मुख्य विभाग ही नहीं है। पूर्व छात्रसंघ महामंत्री डॉ. सूबेदार सिंह ने कहा कि आज से 10 साल पहले गैस्ट्रो सर्जरी विभाग खुलने के लिए प्रस्ताव आया था, लेकिन अब तक खुल ही नहीं पाया। मजबूरन मरीजों को दिल्ली और पीजीआई लखनऊ में शिफ्ट करना पड़ता है। 

उर्वरक के प्रयोग के तरीके बताए
क्षेत्रीय ग्रामीण सहकारी समिति फूलपुर में निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग की टीम ने उर्वरक की जांच की। रजिस्टर में बिक्री सही थी। इस दौरान उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों के प्रयोग के बारे में जानकारी दी। उनसे सलाह दी कि वे खेतों में आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का प्रयोग न करें। इससे आपके मिट्टी की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। उत्पादन की गुणवत्ता भी प्रभावित होगी। 

डेंगू संक्रमित मिलने की सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम
सेवापुरी ब्लॉक के अंडरपास के दक्षिण यादव बस्ती में डेंगू संक्रमित मरीज मिलने की शिकायत पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में टीम ने कैंप लगाकर 38 लोगों की टायफाइड, मलेरिया और डेंगू की जांच की। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। टीम के सदस्यों ने एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया। 

कुशवाहा समाज ने परिजनों से मुलाकात की
चौबेपुर के गरथौली अनेवा गांव निवासी राजगीर राकेश और पत्नी गुंजा मौर्य की सड़क हादसे में मौत के बाद कुशवाहा समाज ने मंगलवार को परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। कुशवाहा महासभा के महानगर अध्यक्ष राजेंद्र गांधी कुशवाहा, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि विधायक टी. राम और चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह से मुलाकात कर मुआवजा देने की मांग की।

समाज विज्ञान संकाय के गेट पर छात्रों ने जड़ा ताला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज विज्ञान संकाय में मूलभूत सुविधाएं न मिलने पर मंगलवार को छात्रों ने गेट पर ताला बंद कर धरना दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी भी की। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों और शिक्षकों से छात्रों की नोकझोंक भी हुई। 

प्रशासनिक भवन के सामने संकाय पर छात्र सुबह पहुंचे। छात्रों ने बताया कि कक्षाओं की छतों में सीलन हैं। पंखे खराब हैं, बिना माइक के पढ़ाई नहीं हो पा रही है। संकाय में जो वॉटर कूलर हैं, वो लंबे समय से खराब पड़े हैं। वॉशरूम में गंदगी, शुद्ध पेयजल का संकट और लाइब्रेरी में पुस्तकों की कमी भी है। 

छात्रनेता आशुतोष तिवारी हर्षित ने कहा कि कई बार आवाज उठाने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। संकाय प्रमुख प्रो. रेखा, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह ने छात्रों से बातचीत भी की। हर्षित ने बताया कि संकाय प्रमुख ने एक सप्ताह में मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। कहा कि अगर समय से मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राहुल पांडेय, शौर्य, दुर्गा यादव, अमन खान, विश्वजीत तिवारी, आदर्श पांडेय, सागर राय मौजूद रहे।

फर्जी दस्तावेज की मदद से मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का आरोप, जांच की उठाई मांग
जनसुनवाई में मंगलवार को कैमूर के प्रेम सागर तिवारी ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से कहा कि साहब फर्जी दस्तावेज के आधार पर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। संभव की जनसुनवाई में 12 शिकायतें आईं। समाधान के लिए अधिकारियों के पास पत्र भेजा गया है। 

अवध गर्बी के शुभम प्रजापति ने गलत तरीके से नामांतरण के मामले की जांच के लिए पत्र दिया। छतरीपुर के भोलानाथ ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। इन दोनों मामले में नगर आयुक्त ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शिवपुर के संतोष कुमार ने स्ट्रीट लाइट, वरुणा पुल कचहरी के ऋषि ने स्ट्रीट लाइट, बेनियाबाग की ऋतु शर्मा ने अदालत के आदेश के अनुपालन, सिगरा के सुरेंद्र सिंह ने गुमटी का किराया जमा कराने से जुड़ी शिकायत की।

जलालीपुरा के राजनारायण मौर्या ने गलियों की सफाई, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, नगवां के शिव प्रसाद सिंह ने दाखिल खारिज, रानीपुर के एसके शर्मा ने जन सूचना के संबंध में शिकायती पत्र दिया। मदनपुरा के बख्तियार मोहसिन ने स्थायी लोक अदालत के आदेश अनुपालन, छित्तूपुर के अजीत ने ऑनलाइन वरासत से जुड़ी शिकायत की। सभी शिकायतों को निस्तारण के लिए भेजा गया।

15 तक होगा फसलों का डिजिटल सर्वे
फसलों के डिजिटल सर्वे की तिथि बढ़ा दी गई है। अब सर्वे 15 सितंबर तक होगा। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने बताया कि जिले में 1165 राजस्व गांवों के 399446 गाटा का सर्वे हुआ है। कुल 756182 करना है। 

पीएम के जन्मदिन पर  लगेगा रक्तदान शिविर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को मेगा रक्तदान कैंप का आयोजन किया गया है। इस बार जिले में कुल 25 जगहों पर 1075 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। भारतीय जनता पार्टी के साथ ही अन्य संगठनों की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडिशनल सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। 

एडिशनल सीएमओ राजेश प्रसाद ने बताया कि आईएमए लहुराबीर के साथ ही कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर बीएचयू, दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, होमी भाभा कैंसर अस्पताल, बीएचयू अस्पताल और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान सहित अन्य निजी अस्पताल समेत कुल 25 जगह पर कैंप लगाया जाएगा। 

दिन में धूप, रात में रही उमस 
जिले में सुबह, दोपहर, शाम और रात उमस भरी गर्मी से पीछा नहीं छूट रहा। सुबह सात बजे से निकली तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालांकि दोपहर तक आते-आते तल्खी थोड़ी कम हो गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री ऊपर 26.6 डिग्री सेल्सियस तक गया। इस दौरान दिन और रात के तापमान के बीच महज छह डिग्री का ही अंतर देखा गया। दिन में धूप की सख्ती ने खूब थकाया तो रात में उमस ने नींद तक नहीं लगने दी। कमरे में लगे पंखे और कूलर भी गर्मी को खत्म करने में नाकाम साबित हो गए। 

अनुदान के लिए 30 सितंबर तक आवेदन
प्रदेश सरकार की सार्वजनिक पुस्तकालय को अनुदान योजना, राजा राममोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान कोलकाता की मैचिंग एवं नान मैचिंग अनुदान योजनाओं के तहत सहायता के अनुदान के लिए आवेदन मांगे गए हैं। जिला पुस्तकालयाध्यक्ष/सचिव एस परिहार ने बताया कि आवेदन पत्र वेबसाइट www.rrrlf.gov.in पर भी उपलब्ध है, जहां से डाउनलोड किया जा सकता है। राजकीय जिला पुस्तकालय वाराणसी में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।

बीएचयू के तीन स्कूलों में शुरू हुई निबंध प्रतियोगिता
बीएचयू के कमच्छा स्थित सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल, सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल और केंद्रीय विद्यालय की ओर से हिंदी पखवाड़ा की शुरुआत की गई। तीनों विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल में दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक सामान्य हिंदी और निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय के हिंदी अधिकारी डॉ. शिव कुमार त्रिपाठी समेत 300 से ज्यादा छात्र और छात्राओं ने इसमें हिस्सेदारी की। 

100 तस्वीरों में दिखी पूरी जीवन यात्रा
बीएचयू के दृश्य कला संकाय में लगी प्रदर्शनी में 100 तस्वीरों ने व्यक्ति की पूरी जीवन यात्रा, सुख-दुख और उत्सवों को दिखाया। दृश्य कला संकाय स्थित अहिवासी कला वीथिका में सोमवार को एकल राष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी में कैमरे की खींची 100 तस्वीरें लगाई गईं। 

इस दौरान फोटोग्राफर डाॅ. राधाकृष्ण गणेशन और संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित के साथ 10 से ज्यादा प्रोफेसर और 100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी देखी। यह प्रदर्शनी दो भागों में थी। जीवन के क्षणों से मिलकर बनी पूरी जीवन यात्रा को उत्सव और अनेक सुख-दुख की अनुभूतियों से भरे छायाचित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। यह प्रदर्शनी छायाकार जयेश विजुडा ने प्रदर्शित की। 

10 कोर्स में 330 ने कराई काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में मंगलवार को एमए मनोविज्ञान, एमम्यूज, आईआरपीएम, पीजी डिप्लोमा इन एचआरडी सहित 10 कोर्स में 330 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई। इस दौरान अभ्यर्थियों ने प्रवेश स्थल पर ही ऑनलाइन फीस जमा की। उनको परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड भी दिया गया। 

प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि 10 सितंबर को एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार, बीपीएड, एमएड, एमपीएड समेत आठ कोर्स की काउंसिलिंग होगी। अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए ईमेल और मेसेज भेजे गए हैं। ई-मेल में दिये गए लिंक पर जाकर अपना ई-मेल और जन्मतिथि लिखकर अभ्यर्थी अपना गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं। 

प्रो. वंदना सिन्हा ने ग्रहण किया कार्यभार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में प्रो. वंदना सिन्हा काे समाज कार्य संकाय का संकायाध्यक्ष और समाज कार्य विभाग का विभागाध्यक्ष बनाया गया है। प्रो. वंदना ने मंगलवार को कार्यालय में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इस माैके पर विभाग के अध्यापकोंं, कर्मचारियों सहित छात्र-छात्राओं ने प्रो. वंदना को बधाई दी। 

बीएचयू ने लॉन्च की आईसीसीआरए की वेबसाइट
बीएचयू में कृषि और पर्यावरण विषय पर 600 वैज्ञानिकों की मौजूदगी में फरवरी 2026 में होने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आईसीसीआरए की वेबसाइट https://iccra2026.eventsdashboard.in/ सोमवार को लॉन्च की गई। अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग की ओर से 5 से 7 फरवरी 2026 को ये कार्यक्रम कराया जाएगा। 

सम्मेलन में जलवायु-स्मार्ट कृषि, सतत फसल उत्पादन प्रणाली, जीनोमिक्स और ब्रीडिंग इनोवेशन, कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग का उपयोग, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और कृषि में उद्यमिता जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। 

बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और कृषि विज्ञान संस्थान के
निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन कृषि में जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगा। आयोजन समिति के अनुसार, इस सम्मेलन से प्राप्त विचार-विमर्श भविष्य की कृषि नीतियों और रणनीतियों को दिशा प्रदान करेंगे। इसमें भाग लेने वालों को अपने रिसर्च का सार प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक है। सार स्वीकृति की अंतिम तारीख 20 नवंबर तक है। 

काशी से कन्याकुमारी पुस्तक का लोकार्पण
प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र (ट्रस्ट) एवं राजकीय जिला पुस्तकालय की ओर से अर्दली बाजार स्थित पुस्तकालय के सभागार में पुस्तक काशी से कन्याकुमारी का लोकार्पण हुआ। लेखक व निवर्तमान अपर जिलाधिकारी श्रीप्रकाश की पुस्तक का लोकार्पण मुख्य अतिथि पूर्व न्यायाधीश चंद्रभाल सुकुमार ने किया।  

प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि इस पुस्तक में भारतीय संस्कृति इतिहास और तीर्थ परंपरा को उत्तर से दक्षिण तक जोड़ने का प्रयास है। साहित्यकार ओम धीरज ने कहा कि भारतीय यात्रा साहित्य में राहुल सांकृत्यायन ने यात्रा और संस्कृति को लोक जीवन से जोड़ा। यह पुस्तक भी उसी भाव को दर्शाती है। साहित्यकार नरेंद्र मिश्रा, डॉ. रामसुधार सिंह, डाॅ. समीर श्रीवास्तव, डाॅ. वंदना श्रीवास्तव ने भी विचार रखे।

मानवीय प्रकृति के पहलू हैं कृतज्ञता और श्रद्धा
शिक्षक दिवस पर हम अपने सम्मानित आचार्यों का अभिनंदन करते हैं जिन्होंने अपनी सारस्वत साधना से समाज को आलोकित किया है। हमारी भारतीय परंपरा में कृतज्ञता और श्रद्धा को मानवीय प्रकृति के दो पवित्र पहलू माने गए हैं। आचार्यों ने अपनी लंबी साधना से राष्ट्र निर्माण में महती भूमिका निभाई है और अपने सारस्वत साधना से सैकड़ों विद्यार्थियों को तैयार करके उनके दिलों में अपने लिए श्रद्धा का स्थान बनाया है। 

ये बातें कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहीं। वह मंगलवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस की स्मृति आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पांच आचार्यों और पूर्व में सेवानिवृत्त पांच आचार्यों का अभिनंदन किया। न्याय शास्त्र के विद्वान प्रो. रामपूजन पांडेय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षक समाज का दर्पण होता है। 

कीर्तन में शामिल हुए आयुष मंत्री
तेलियाना स्थित श्री लाट भैरव भजन मंडल के सभागार में भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं के लिए सहभोज हुआ। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु भी शामिल हुए और उन्होंने कीर्तन में संगत भी की। आयुष मंत्री ने हाथों में मंजीरा लेकर ताल दिया और कीर्तन मंडली का हौसला बढ़ाया। मंडल के व्यवस्थापक केवल कुशवाहा ने अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान दानियालपुर के पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, रितेश कुशवाहा, अमरनाथ पांडेय, गोविंद, धर्मेद्र शाह, आनंद मौर्य, रुद्र अग्रहरि रहे। 

12 सितंबर को बिहार जाएंगे शंकराचार्य
मुंबई में अपना चातुर्मास व्रत अनुष्ठान संपन्न करके 11 सितंबर को शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बनारस आएंगे। एक दिवसीय प्रवास के बाद वह 12 सितंबर को 45 दिवसीय गोमतदाता संकल्प यात्रा के लिए बिहार जाएंगे। बिहार में हर जिले व गांवों में यात्रा कर सनातनधर्मियों से संपर्क करके उन्हें गोभक्त प्रत्याशी को ही वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे। 

गंगा टास्क फोर्स ने चलाया स्वच्छता अभियान
39 गंगा टास्क फोर्स की ओर से राजघाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। पितृपक्ष को देखते हुए सूबेदार देवेंद्र बसनेट के नेतृत्व में गंगा किनारे विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने नाई समाज के लोगों से गंगा में बालों को फेंकने से मना किया। कहा कि तर्पण के दौरान गंगा में ऐसी सामग्रियों को विसर्जन न करें जिससे जलीय जीव-जंतुओं को नुकसान हो। स्नान के दौरान साबुन-शैंपू का इस्तेमाल न करें। बाढ़ में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि माैजूद रहे। 

लायंस क्लब ने आठ शिक्षकों को किया सम्मानित
लायंस क्लब वाराणसी मेन की ओर से मालवीय बाग स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। क्लब के पूर्व मंडल सचिव मुकेश पाठक, मनोज भारद्वाज और क्लब के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने आठ शिक्षक और शिक्षिकाओं को सर्टिफिकेट, अंगवस्त्रम व उपहार देकर सम्मानित किया। संचालन संजय सिंह व धन्यवाद ज्ञापन अजय पाठक ने किया। इस मौके पर विनोद अग्रहरि, अजय दुबे, सुरेश वध्या आदि रहे। 

313 महिलाओं की जांच, 10 अस्पताल रेफर
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर मंगलवार को चिरईगांव पीएचसी पर लगे शिविर में 313 महिलाओं की जांच की गई। इसमें करीब 10 महिलाएं हाई रिस्क की श्रेणी में मिलीं। इन्हें इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा रेफर किया गया। पीएचसी पर लगे कैंप में वजन, हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर आदि की जांच कर जरूरी दवाएं दी गईं। इस दौरान डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. सुजीत कुमार मौर्या, डॉ. एकता, कणिका सिंह, उमेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे। 

तीजोत्सव में नृत्य नाटिका से दिखाई प्रकृति की वेदना
भारत विकास परिषद महामना शाखा की ओर से रथयात्रा स्थित कन्हैयालाल भवन तीजोत्सव सौभाग्य सरिता उल्लास से मनाया गया। महिलाओं ने इसके जरिसे प्रकृति की वेदना को दर्शाया। उनको उपहार में कुल 65 पौधे दिए। परिषद के संस्कृति माह के समापन पर तीजोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि तिब्बती संस्थान की रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता चंद्रा, परिषद के प्रांतीय संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी एवं प्रांतीय अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा ने दीप प्रज्ज्वलन, मां भारती तथा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पण कर किया।

अद्विका वर्मा ने गणेश वंदना के बाद महिलाएं व बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनभावन प्रस्तुतियां से सभी को आनंदित किया। कजरी गायन, शिव स्तुति, घूमर नृत्य, समूह नृत्य, चुटकुले मनोरंजक खेलों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य आकर्षण पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन पर नृत्य नाटिका की प्रस्तुति रही। इस मौके पर रवि प्रकाश जायसवाल, अमित जैन , प्रमोद कुमार दुबे, रंजना केसरी, सुमन अग्निहोत्री, प्रो. अनिल सिंह, डॉ. अजय जायसवाल, राजेश केसरी, डॉ. सुधीर गुप्ता, अजीत जायसवाल आदि रहे। 

भारतेंदु की विरासत को संभालकर रखना होगा
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती और पुरातन छात्र समागम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि भारतेंदु हरिश्चंद्र की विरासत को संभालकर रखना होगा। ऐसा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र के 32वर्ष के अल्प जीवनकाल को प्रेरणा का अप्रतिम उदाहरण बताते हुए कहा कि इतनी कम आयु में उन्होंने जो योगदान दिया उसकी मिसाल इतिहास में कहीं और नहीं मिलती। मुख्य वक्ता व्योमेश शुक्ल ने भारतेंदु बाबू को हिंदी भाषी समाज का आदि पूर्वज करार देते हुए कहा कि साहित्यकार के रूप में उनकी दूरदृष्टि अद्वितीय थी। 

अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने की। भारतेंदु परिवार में पुत्रवधु मालिनी चौधरी ने कहा कि भारतेंदु सिर्फ कविता एवं लेखन तक ही सीमित नहीं थे बल्कि वे समाज सुधारक भी थे। इस अवसर पर प्रो. ऋचा सिंह की पुस्तक प्रेमचंद के प्रतिरोधी स्वर का लोकार्पण किया गया। इस दौरान प्रो. अनिल कुमार, डॉ. अमित जायसवाल, प्रो. प्रभाकर सिंह, प्रो. संजय श्रीवास्तव, प्रो. कनकलता विश्वकर्मा, राजेश केशरी आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed