यूपी: केशव बोले- 2027 में तीसरी बार बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार, हमारी पार्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं; तंज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं, बल्कि संगठनात्मक प्रक्रिया से चलने वाली पार्टी है। प्रत्याशियों का चयन संगठन की प्रक्रिया से होता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा तीसरी बार बहुमत से सरकार बनाएगी। टिकट किसी को भी मिले, लक्ष्य कमल का फूल खिलाना होना चाहिए।
विस्तार
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को जनपद में पहुंचे। वह सुइथाकलां गांव में उप्र राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी के पैतृक आवास पर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल हुए। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से बातचीत किए।
अखिलेश यादव की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने और भाजपा में टिकट वितरण को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं, बल्कि संगठन आधारित पार्टी है। यहां प्रत्याशियों के नाम पहले जिले से पैनल के रूप में भेजे जाते हैं। इसके बाद क्षेत्र और प्रदेश स्तर से होते हुए पार्लियामेंट्री बोर्ड प्रत्याशियों के नाम तय करता है। किसका टिकट कटेगा और किसे मिलेगा, इसका निर्णय भी बोर्ड ही करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र आता है, घोषणा पत्र नहीं।
विपक्ष पर साधा निशाना
साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार बहुमत से सरकार बनाएगी। टिकट चाहे किसी को मिले, कार्यकर्ताओं को मिलकर कमल का फूल खिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2014 और 2017 की ताकत याद करने का आह्वान किया। कहा कि सपा, बसपा या ओवैसी का गठबंधन हो, एनडीए सभी को हराकर फिर सरकार बनाएगी। बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि वे एकजुट होकर कमल खिलाएंगे। जौनपुर में भाजपा की जीत को लेकर उन्होंने दावा किया कि पिछली बार की तुलना में इस बार दोगुनी सीटें मिलेंगी। लोकसभा चुनाव में पीडीए के प्रभाव से भाजपा को नुकसान होने के सवाल पर उन्होंने इसे दुष्प्रचार का परिणाम बताया। कहा कि 2027 का परिणाम डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का होगा। कहा कि 100 में 60 प्रतिशत वोट हमारा है, शेष 40 प्रतिशत में बंटवारा है और बंटवारे में भी हमारा है। भीतरघात की आशंका पर उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, कार्यकर्ता मिलकर उसे जिताने का काम करेंगे।
गठबंधन को कौन सी सीट मिलेगी, यह वरिष्ठ नेता तय करेंगे
सहयोगी दलों में सीटों को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत जिस दल के खाते में जो सीट जाएगी, उसके वरिष्ठ नेता तय करेंगे कि वहां से किसे चुनाव लड़ाना है। ओमप्रकाश राजभर के जहूराबाद के बजाय दूसरी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि जिसे जहां से लड़ना होगा, गठबंधन के नेता उसके बारे में निर्णय लेंगे। सिद्धार्थनगर में भाजपा सांसद और अपना दल के विधायक के बीच विवाद तथा अतरौलिया सीट पर एनडीए के नेताओं के बीच खींचतान की चर्चाओं को उन्होंने खारिज किया। कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच कोई विवाद या तनाव नहीं है। अतरौलिया में भी भाजपा या एनडीए का प्रत्याशी ही जीतेगा।
अखिलेश को पता नहीं राधे राधे कब कहा जाता...
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि ''राधे-राधे'' की चर्चा जन-जन में पहुंच गई है। उन्हें विश्वास है कि न्यायिक प्रक्रिया और समझौते के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर मंदिर बनेगा। अखिलेश यादव की ओर से ''राधे-राधे'' को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें यह भी नहीं मालूम कि जाते समय क्या कहा जाता है और आते समय क्या कहा जाता है। जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजा गया है। यूजीसी के मुद्दे पर कहा कि मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। अदालत में विचाराधीन विषय पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
नवदंपती को दिया आशीर्वाद
सुइथाकलां गांव में उत्तर प्रदेश राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी के पैतृक आवास पर आयोजित वैवाहिक समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। उन्होंने नवदंपती को शुभकामनाएं दीं। उनके साथ राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, राज्यसभा सदस्य विद्यासागर सोनकर रहे।
