फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Dirty act with single woman FIR teenager left home after being scolded by brother

News: अकेली महिला से गंदी हरकत, FIR, भाई की डांट से नाराज किशोरी ने छोड़ा घर; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Mon, 05 May 2025 09:46 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 05 May 2025 09:46 AM IST
सार

वाराणसी के सिगरा में महिला के साथ छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पड़ताल कर रही है। वहीं, लंका थाना क्षेत्र की एक किशोरी अपने भाई की डांट से घर छोड़कर चली गई। आइए जानते हैं अन्य खास खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Dirty act with single woman FIR teenager left home after being scolded by brother
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: गुलाबबाग क्षेत्र में महिला से छेड़खानी के मामले को लेकर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। अपार्टमेंट में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति शहर से बाहर रह कर नौकरी करते हैं। इसलिए वह फ्लैट में अकेली ही रहती हैं।

विज्ञापन


उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सामने वाले फ्लैट में रहने वाला राशिद उनसे छेड़खानी करता है। वॉट्स एप पर अश्लील मैसेज भेजता है और विरोध करने पर धमकी देता है। इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
विज्ञापन


धोखाधड़ी करके जमीन बेचने में केस 
कूटरचित और धोखाधड़ी करके फर्जी बैनामा मामले में सात खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया। लंका नगवा की रहने वाली विमला यादव ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में छित्तूपुर में आरती पांडेय से जमीन खरीदी थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आरोप है कि रमना के रहने वाले विजय यादव ने धोखाधड़ी करके भेलूपुर की रहने वाली गीता शर्मा को वह जमीन बेच दिया। सभी ने जबरन जमीन पर कब्जा ले लिया। आरोपी विजय यादव, संजय यादव, श्यामलाल, मिंता देवी निवासी छित्तूपुर गीता शर्मा व संजय कुमार शर्मा निवासी भेलूपुर, रामप्रवेश राम निवासी चंदौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

भाई की डांट से नाराज किशोरी ने छोड़ा घर
भाई की डांट से नाराज किशोरी ने घर छोड़ दिया। पीड़ित भाई ने लंका थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पीड़ित भाई ने पुलिस को बताया कि 14 वर्षीय बहन हमेशा मोबाइल पर व्यस्त रहती है, इस बात पर उसे डांटा तो वह बिना बताए घर से कहीं चली गई। शुक्रवार की रात 8 बजे से लापता है। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सर्विलांस और सीसी कैमरे के जरिये खोजबीन की जा रही है। 

रंजिश में मारपीट, चार पर केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव में शुक्रवार की देर शाम रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। पीड़ित राजकरन ने पुलिस को बताया कि बहनें सोनी, सोनम, कोमल घर के दरवाजे पर बैठी थी। उसी समय रंजिश को लेकर गांव की शीला देवी, मंगला राजभर,आशु राजभर और आशीष राजभर ने बहनों की पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। 

दुष्कर्म का आरोपी पकड़ा गया
दुष्कर्म और धमकी देने के आरोपी को कपसेठी पुलिस ने रविवार को कालिका बाजार से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जंसा के गोसाइपुर निवासी बृजेश यादव के रूप में हुई है। पड़ोस गांव की युवती के साथ दुष्कर्म किया और युवती की शादी के बाद ससुराल में जाकर धमकी दी। 

दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी अधेड़ को जैतपुरा पुलिस ने रविवार को ईश्वरगंगी पाठशाला से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वरगंगी नई बस्ती निवासी राजू विश्वकर्मा के रूप में हुई है। राजू का मूल निवास लट्ठेपुर, थाना केराकत, जौनपुर है। पत्नी ने ही मुकदमा दर्ज कराया है। 

चोरी के सोलर पैनल के साथ आरोपी गिरफ्तार
चोरी के आरोपी को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने रिंग रोड ऐढ़े से रविवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी के सात सोलर पैनल बरामद हुए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चोलापुर के पलहीपट्टी निवासी आकाश सिंह के रूप में हुई है। जिस कंपनी में काम करता था, वहां से 18 सोलर पैनल चोरी का मुकदमा दर्ज है। 

ट्रैक्टर-ट्रॉली की कपलिंग टूटने से इंजन के नीचे दबकर चालक की मौत
ट्रैक्टर-ट्रॉली की कपलिंग टूटने के बाद और इंजन के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। रिंग रोड ऐढ़े स्थित लुलु मॉल के निर्माण में मिट्टी की ढुलाई करते समय हादसा हुआ। चोलापुर थाना क्षेत्र के कोहांसी का रहने वाला सतीश कुमार (20) ट्रैक्टर चालक था। 

रिंग रोड ऐढ़े स्थित लुलु मॉल का निर्माण चल रहा है। रात में लगभग 12 बजे सतीश ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मिट्टी ढुलाई के लिए पहुंचा। बेसमेंट से मिट्टी लेकर निकलते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच की कपलिंग टूट गई। इस बीच अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया और सतीश इंजन के नीचे दब गया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि भाई आशीष के प्रार्थना पत्र पर सतीश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

राजीव कुमार अध्यक्ष और मनोज बने सचिव
मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिदम का चुनाव रविवार को मंडुवाडीह स्थित एक होटल में हुआ। राजीव कुमार अग्रवाल अध्यक्ष, मनोज कुमार जालान सचिव और श्रीकांत लोहिया कोषाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से चुने गए। इसके बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। अतिथियों व सदस्यों ने उन्हें बधाई दी। इस मौके श्रीनारायण खेमका, राम बूबना, अरविंद जैन, मनीष मोरोलिया आदि मौजूद रहे। 

वृद्धाश्रम में 4 देव विग्रहों की होगी प्राण-प्रतिष्ठा
देश-विदेश के भक्तों के सहयोग से सारनाथ के हीरामनपुर में स्थित वृद्ध आश्रम में चार देव प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आठ मई से शुरू होगा। गोपी कृष्ण मरोलिया और अभिषेक मरोलिया के संयोजन में बने मंदिर में भगवान शिव, श्रीराधा-कृष्ण, पंचमुखी हनुमान और  चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित की गई है। 

वनवासी लड़कियों की शादी कराएगा क्लब
रोटरी क्लब नॉर्थ की बैठक रविवार को महमूरगंज में हुई। सदस्यों ने नवगढ़ क्षेत्र में गरीब वनवासी लड़कियों के विवाह कराने पर चर्चा हुई। इसके लिए सहयोग राशि एकत्रित करने पर जोर दिया गया। एक जून को राष्ट्र और आतंकवाद विषय पर गोष्ठी होगी। इस दाैरान सुरेश खंडेलवाल ने सतीश जैन को सम्मानित किया। अध्यक्षता नीरज अग्रवाल ने की। धन्यवाद ज्ञापन राजेश भार्गव ने किया। 

सौरभ कपूर अध्यक्ष व सिद्धार्थ टंडन बने सचिव
लाॅयंस क्लब सिल्क सिटी के नए सत्र का चुनाव रविवार को मंडुवाडीह स्थित एक होटल में हुआ। सौरभ कपूर अध्यक्ष, सिद्धार्थ टंडन सचिव और मनीष कपूर कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस दौरान पूर्व अध्यक्षों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चुनाव किया।

इसके बाद नई टीम को शपथ दिलाई गई। चुनाव अधिकारी आलोक कृष्ण अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नवनीत टंडन एवं चार्टर सदस्य एवं राजीव मेहरोत्रा ने नई टीम को की घोषणा के साथ उन्हें बधाई दी। इस मौके पर शैलेंद्र रस्तोगी, अनिल रस्तोगी, संजय अरोड़ा, गौरव जैन, रूपेश माहेश्वरी, दीपक माहेश्वरी, यतींद्र कथूरिया आदि मौजूद रहे। 

नौ घंटे में किए सप्त तीर्थों पर स्नान और दर्शन
वैशाख मास की शुक्ल पक्ष में पूर्णिमा तक काशी में निकलने वाली तीर्थ यात्राएं शुरू हो गई हैं। रविवार को काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति के बैनर तले रविवार को सप्ततीर्थी यात्रा निकाली गई। 150 से अधिक श्रद्धालुओं ने अस्सी घाट से लेकर आदिकेशव घाट तक सात तीर्थों पर स्नान-दान व काशी खंडोक्त मंदिरों में दर्शन पूजन किया।

यात्रा नौ घंटे में पूरी हुई। यात्रा संचालक उमाशंकर के संचालनत्व में दो बड़ी नावों से यात्रा निकली। सात तीर्थों पर स्नान और काशी खंडोक्त के मंदिरों में दर्शन-पूजन हुआ। अंत में मणिकर्णिका और विश्वेश्वर के दर्शन से यात्रा पूरी हुई। 

बाबा लाट भैरव का हुआ पाक्षिक अष्टमी पूजन
कज्जाकपुरा स्थित अनादिकालेश्वर बाबा श्री लाट भैरव मंदिर में रविवार को पाक्षिक अष्टमी पूजन हुआ। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस पूजन में भक्तों ने देवाधिदेव महादेव के भैरव स्वरूप कपालेश्वर की आराधना कर विश्व कल्याण की कामना की।

शुभारंभ आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में नवग्रह पूजन के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रथमेश गणेश पूजन, काली पूजन, अष्ट भैरव पूजन, भैरवी कूप और कपाल मोचन कुंड का पूजन-अर्चन विधिवत संपन्न किया गया। मुख्य यजमान रोहित यादव ने अनुष्ठान पूरे किए। इस अवसर पर रोहित जायसवाल, मुन्ना लाल यादव, आशीष कुशवाहा, ओमप्रकाश मौजूद रहे। 

वात्सल्य चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में निशुल्क शिविर कल
वात्सल्य चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में विश्व अस्थमा दिवस पर मंगलवार (06 मई 2025) को सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्यांक पाठक बच्चों में अस्थमा और एलर्जी से संबंधित समस्याओं के लिए परामर्श देंगे। इस दौरान एलर्जी की जांच की सुविधा भी मिलेगी।

अजीत मेहरोत्रा बने काशी प्रांत के अध्यक्ष
भारत विकास परिषद काशी प्रांत एनसीआर-2 का दायित्व ग्रहण समारोह परिषद प्रवाह का आयोजन बीएचयू साइंस फैकल्टी में हुआ। अजीत मेहरोत्रा को काशी प्रांत अध्यक्ष, प्रमोद कुमार दुबे को महासचिव, रमेश कुमार को वित्त सचिव, सुमन अग्निहोत्री को गतिविधि संयोजक बनाया गया। सभी को पदभार ग्रहण कराया गया। इस दौरान 30 शाखाओं के 350 सदस्यों ने भाग लिया। निवर्तमान अध्यक्ष रवि प्रकाश जायसवाल, महासचिव नामित पारेख, अमित जैन, महिला संयोजिका मीना सिंह ने पिछले वर्ष के कार्य की उपलब्धियां बताईं। 

बनारस से बहराइच जाएगा पलंग पीढ़ी का जुलूस
सैयद सालार मसूद गाजी मियां के मुख्य दरगाह बहराइच पर उनके उर्स पर लगने वाले मेले की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भी शादी की रस्म निभाई जाएगी। इसके लिए बनारस से उनकी शादी के साजोसामान भेजे जाएंगे। नौ मई को पलंग पीढ़ी के जुलूस के साथ 15 सदस्यीय उनके मुरीदों दल जाएगा। बनारस में भी बाबा की शादी की रस्म निभाई जाएगी। 

काशी में 18 मई को शादी की रस्म के साथ चार दिवसीय मेला भी लगेगा। बनारस में बड़ी बाजार स्थित उनके दरगाह के गद्दीनशीन हाजी एजाजुद्दीन हाशमी ने बताया कि बहराइच में बाबा के दरगाह पर मेला लगाने की अनुमति भले नहीं मिली है। लेकिन, यहां से नौ मई को पलंग पीढ़ी का जुलूस जाएगा और उनके मुरीद 18 मई को उनकी शादी की रस्म में शामिल होंगे। हाजी एजाजुद्दीन हाशमी ने बताया कि पलंग, पीढ़ा, पंखा, बाबा की शादी के जोड़े की सामग्री के अलावा दुल्हन के शृंगार के सामान लेकर जाएंगे। 

बीएचयू में 7 को युवाओं से संवाद करेंगे मिथिलेश नंदिनी, कॅरिअर पर होगी चर्चा
सेवाज्ञ संस्थानम्, काशी महानगर की ओर से सात मई को संगोष्ठी उत्तिष्ठ भारत - संवाद से समझ की ओर का आयोजन किया जा रहा है। बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी कृषि सभागार में आयोजित संगोष्ठी में युवा चिंतकों का समागम होगा। 

मुख्य वक्ता हनुमत धाम अयोध्या के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण युवाओं से संवाद करेंगे और कॅरिअर पर चर्चा करेंगे। ये जानकारी शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डाॅ. हरेंद्र राय और सेवाज्ञ संस्थानम के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य माधव व महानगर संयोजक शिवम पांडेय ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन युवा पीढ़ी को उनके आंतरिक संघर्षों से उबरने एवं समाजोपयोगी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। 

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं से मनोवैज्ञानिक, भावनात्मक एवं सामाजिक विषयों पर संवाद स्थापित करना है। इसमें बीएचयू समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, युवा विचारक और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। 

शॉर्ट सर्किट से शोरूम में लगी आग
सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाहबाग कॉलोनी स्थित अग्रवाल शोरूम में रविवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। भूमितल पर रखे फर्नीचर और कुर्सियां जल गईं। फायर ब्रिगेड ने तुरंत आग पर काबू पाया। बादशाहबाग कॉलोनी के मोड़ स्थित शोरूम रविवार को बंद था। रात में अंदर से धुंआ उठता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शोरूम के मालिक को जानकारी दी। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि शाॅर्ट सर्किट से आग लगी थी। क्षति का आंकलन किया जा रहा है। 

गोशाला में कमियां मिलीं तो प्रधान और सचिव नपेंगे : सीडीओ
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने रविवार को हरहुआ में गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया। कहा कि व्यवस्था बेहतर रखें। जिले की किसी भी गोशाला में कमियां मिली तो प्रधान, सचिव तो नपेंगे ही बीडीओ पर भी कार्रवाई की जाएगी। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला में बने भूसाघर, इलाज के लिए बने जालीदार घर, बाउंड्रीवाल, भूसा भंडारण की स्थिति, पानी, बिजली की व्यवस्था, हीट वेव से बचने की स्थिति का जायजा लिया। हरा चारा कम मिलने पर सचिव संजय यादव को फटकार लगाई। उन्होंने गोशाला के अंदर ट्रीगार्ड समेत पेड़ लगाने, एक अतिरिक्त शेड बनवाने, बिजली की पर्याप्त व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगवाने और कच्चे मार्ग पर खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए। कहा कि अमृत सरोवर में पानी न होने पर बीडीओ को फटकार लगाई और पानी भरवाने के निर्देश दिए। 

जनरल स्टोर पर दवा बिक्री के फैसले के विरोध में उतरे दवा विक्रेता
मेडिकल स्टोर पर मिलने वाली दवाओं की जनरल स्टोर पर बिक्री के प्रस्ताव का दवा विक्रेताओं ने विरोध किया है। दवा विक्रेता समिति के पदाधिकारियों ने सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल आर्गनाइजेशन के ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड की ओर से बनी कमेटी के प्रस्ताव को गलत बताया है। साथ ही सरकार इसको वापस लेने की मांग की है। 

दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह का कहना है कि एडवाजइरी बोर्ड की सहमति के बाद जिस तरह से ओटीसी यानी ओवर द काउंटर बिकने वाली दवाओं की सूची बनाने की बात कही गई है, वह गलत है। ऑल इंडिया आर्गनाइजेशन आफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक को दिए ज्ञापन के माध्यम से इस तरह के प्रस्ताव को खारिज करने की मांग की है। महामंत्री ने चेतावनी दी कि यदि प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया गया तो बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। 

व्यापार बढ़ाने के लिए हुआ संवाद
व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडिया बिजनेस फोरम (आईबीएफ) का संवाद सोमवार को गुरुबाग स्थित होटल में हुआ। खजाना संवाद में संगठन के संस्थापक संजीव अग्रवाल ने कहा कि 12 से 18 जून तक आईबीएफ सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इसमें हर दिन दो प्रतिष्ठानों का दौरा कर सभी सदस्य आपसी संवाद बढ़ाएंगे। जय श्रीकृष्णा फाउंडेशन के तहत आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिवपुर, लहुराबीर, मालदहिया, सिगरा, महमूरगंज और गुरुबाग के व्यापारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। 

आईबीएफ के सीईओ आयुष बूबना, अभिषेक भट्टाचार्य, कृष्ण मोहन अग्रवाल और राहिल खटवानी ने बताया कि 11 मई को महमूरगंज स्थित अस्पताल में डॉ. दीपाली गुप्ता के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आईबीएफ के कोऑर्डिनेटर अरविंद जैन ने बताया कि आईबीएफ का 15वां स्थापना दिवस पंचामृत उत्सव के रूप में चार, पांच और छह जुलाई को मनाया जाएगा। 

मालगाड़ी के सामने कूद कर युवक ने दी जान
फूलपुर थाना क्षेत्र के कहरका रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार की सुबह मालगाड़ी के सामने कूदकर युवक ने जान दे दी। पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास युवक की बाइक बरामद की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के सोहनी निवासी जगजीवन कश्यप (22) सुबह 11 बजे कहरका रेलवे क्राॅसिंग पर पहुंचा और बाइक खड़ी करके ट्रैक किनारे टहलने लगा। इस बीच जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रही मालगाड़ी जैसे ही नजदीक आई कि वह अचानक रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी के सामने कूद गया। मोबाइल के जरिये फूलपुर पुलिस ने उसकी शिनाख्त की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अविवाहित जगजीवन चार भाई व एक बहन के बीच चौथे नंबर पर था।

जाति जनगणना के फैसले पर मनाया जश्न
जाति जनगणना के फैसले पर भाजपा के महानगर कार्यालय सिगरा में रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में जाति जनगणना महत्वपूर्ण है। कांग्रेस 60 वर्षों से शासन में रही, अखिलेश यादव की सरकार प्रदेश में रही, किसी ने इसे लागू नहीं किया।

पिछड़ा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष शोभनाथ मौर्य ने कहा कि इस निर्णय से समाज में पिछड़े, एससी-एसटी आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों का कल्याण होगा। इस मौके पर प्रदेश मंत्री पिछड़ा मोर्चा ज्योति सोनी, निर्मला सिंह पटेल, महिला मोर्चा कुसुम सिंह, मीरा गुप्ता, उषा अग्रहरि, साधना सिंह, मंजू सिंह, आरती पाठक, रिचा सिंह आदि मौजूद रहीं। 

पांडेयपुर में आज चार घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर से आजमगढ़ रिंग रोड, कचहरी से संदहा मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान खंभे, तार शिफ्टिंग को लेकर सोमवार को चौकाधाट, पांडेयपुर में चार घंटे बिजली गुल रहेगी।

बिजली निगम के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर उपकेंद्र के सोयेपुर फीडर से सोयेपुर, लालपुर, दैत्रावीर बाबा के आसपास, पांडेयुपर उपकेंद्र के लालपुर फीडर से लालपुर, पांडेयपुर इलाके में सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। चौकाघाट उपकेंद्र के माता प्रसाद, बड़ी बाजार फीडर से बड़ी बाजार, बुनकर मार्केट, माता प्रसाद इलाके में सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन  बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 

मारवाड़ी अस्पताल में लगी 2 डायलिसिस मशीन
श्री राम लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी हिंदू अस्पताल में रविवार को आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक मरीजों की जांच की गई। शिविर का शुभारंभ करते हुए शहर दक्षिणी के विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने इस तरह के कार्यों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।

इस दौरान विधायक ने दो डायलिसिस मशीन का लोकार्पण किया। कहा कि अस्पताल में केवल 500 रुपये में डायलिसिस की सेवा मिलने से जरूरतमंद लोगों को बड़ी सहूलियत होगी। शिविर में ब्लडप्रेशर, ब्लड शुगर, यूरीन प्रोटीन, हीमोग्लोबिन की जांच की गई। संचालन प्रबंध समिति मंत्री गौरीशंकर नेवर ने किया। 

जनवरी से मार्च 2024 तक 98961 पर्यटक आए और 2025 में 1.50 लाख 
केंद्र व प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के पर्यटन को नया आयाम दिया है। देश और दुनिया से आए पर्यटक दिन-प्रतिदिन काशी की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। वर्ष 2024 के पहले तीन महीने के मुकाबले 2025 के पहले तीन महीने (जनवरी, फरवरी व मार्च) में भारतीय पर्यटकों की संख्या 77.59 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं विदेशी सैलानियों संख्या में 34.21% की वृद्धि हुई है।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र रावत ने बताया कि वर्ष 2024 के प्रथम तीन माह में काशी में दो करोड़ 56 लाख 78 हजार 631 पर्यटक आए थे। वर्ष 2025 में पर्यटकों की संख्या 11 करोड़ 46 लाख 11 हजार 239 हो गई। वहीं विदेशी पर्यटकों की संख्या वर्ष 2024 में 98 हजार 961 थी, जबकि वर्ष 2025 में बढ़कर एक लाख 50 हजार 425 हो गई है। 2024 के जनवरी, फरवरी, मार्च के सापेक्ष 2025 के जनवरी ,फरवरी और मार्च में कुल आठ करोड़ 89 लाख 32 हजार छह सौ आठ भारतीय पर्यटक बढ़े हैं। 

पहलगाम हमले की याद में 100 यूनिट रक्तदान
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों की याद में रविवार को बीएचयू अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में 100 लोगों ने रक्तदान कर अपनी श्रद्धांजलि दी। अतुल्य काशी संस्था की ओर से डॉक्टर्स लाउंज में चले शिविर में रक्तदान के लिए 115 लोगों ने पंजीकरण करवाया था। इस दौरान मेयर अशोक तिवारी ने शिविर में पहुंचकर सभी रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम  में बीएचयू ब्लड बैंक से आशुतोष सिंह, अतुल्य काशी से शैलेश गुप्ता, रुपेश चौरसिया, विनय राय, दिलीप गुप्ता, सुदीप, कृष्णदेव आदि मौजूद रहे। 

आईआईटी बीएचयू के प्रो.देवेंद्र मोहन को पितृशोक
आईआईटी बीएचयू के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ प्रोफेसर देवेंद्र मोहन के पिता कोमल सिंह त्रिपाठी (83) का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार इटावा स्थित उनके शेरपुर गांव में हुआ। स्व. कोमल सिंह त्रिपाठी बकेवर इंटर कालेज इटावा से अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य थे। सनातनी समाज की ओर से लक्सा में शोकसभा कर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। ब्यूरो

आठवें वेतन आयोग का लाभ सभी को देने की मांग
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की बैठक रविवार को पीडब्ल्यूडी के डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन में हुई। इस दाैरान पेंशन नियमों के विपरीत संशोधनों का विरोध किया गया। इसे तत्काल वापस लेते हुए आठवें वेतन आयोग का लाभ सभी को देने की मांग की गई।

रेलवे किराये में 50% की छूट, राजकीय बसों में छूट, राशिकरण की कटौती समय सीमा 15 वर्ष के स्थान पर 11वें वर्ष में करने की मांग की गई। पहलगाम हमले की निंदा की गई। केंद्र सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की गई। अध्यक्षता राजेश्वर पांडेय ने की। संचालन जयराज  सिंह ने किया। बैठक में आनंद लाल, सीबी सिंह, संजय श्रीवास्तव, डॉ. लालचंद, शिवमंगल यादव शामिल रहे। 

राष्ट्रीय भावना हर भारतीय की आत्मा में निहित
यूपी भाषा संस्थान की ओर से रविवार को राजकीय जिला पुस्तकालय में राष्ट्रवाद विषय पर संगोष्ठी हुई। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अशोक राय अज्ञान ने कहा कि राष्ट्रीय भावना हर भारतीय की आत्मा में निहित है। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से सशक्त राष्ट्रीय भावना को व्यक्त किया। डॉ. अशोक सिंह ने देश में दिख रहे आक्रोश को भावी चुनौतियों का संकेत बताया।

कंचन सिंह परिहार ने राष्ट्र की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आतंकी सोच को पनपने न देने का संकल्प दोहराया। कहा कि पहलगाम घटना के दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। हेमंत उपाध्याय, राजलक्ष्मी मिश्रा और अंबुज मिश्रा ने भी विचार रखे। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों के मनोबल को बढ़ाने के लिए एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया।

दिशा 2.0 लेवल 1 परीक्षा का परिणाम घोषित
अमर उजाला द्वारा आयोजित दिशा 2.0 प्रतियोगिता के लेवल1 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। छात्र अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर की सहायता से https://disha.amarujaladigital.com/ पर विजिट कर अपना परिणाम देख सकते हैं।

सफल छात्र चार मई 2025 को होने वाली लेवल2 की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। यह परीक्षा ऑनलाइन होगी और इसमें किसी भी कक्षा के छात्र भाग ले सकते हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। 

पात्र (qualified) छात्रों के लिए परीक्षा से संबंधित दिशानिर्देश वेबसाइट पर परिणाम के साथ उपलब्ध कराए गए हैं। शामिल होने वाले सभी छात्र परीक्षा को लेकर आवश्यक जानकारी यहां से हासिल करने के बाद इसमें शामिल हो सकते हैं। दिशा 2.0 का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करना है।

डॉ. बाला लखेंद्र को मिला बेस्ट रिसर्च पेपर सम्मान
बीएचयू के पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग के डॉ. बाला लखेंद्र को डिजिटल डायनॉमिक्स के रिसर्च पेपर के लिए ग्लोबल ट्रेंड्स एंड चैलेंजेज विषयक दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में बेस्ट रिसर्च पेपर का सम्मान मिला है। ऑनलाइन आयोजित कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के कई विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन ढेंकनाल के प्रो. मृणाल चटर्जी, भारती विद्यापीठ संस्थान के निदेशक प्रो. एमएन होदा, नाइजीरिया विवि की प्रो. लीडिया चिन्येनेम्बा, प्रो. संजीव भाणावत ने डाॅ. बाला लखेंद्र माैजूद रहे। 

विद्यापीठ में आज स्किल डेवलपमेंट की परीक्षा
काशी विद्यापीठ में स्किल डेवलपमेंट की सेमेस्टर और छूटे हुए विद्यार्थियों की लिखित (75 अंकों की) और मिड टर्म (25 अंकों की) परीक्षा सोमवार को होगी। समाज कार्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. एमएम वर्मा ने बताया कि गांधी अध्ययनपीठ स्थित विभाग में सुबह 11 बजे से होने वाली परीक्षा में सभी की उपस्थिति जरूरी है। 

काशी विद्यापीठ: 31 से बीए एलएलबी सेमेस्टर परीक्षा
काशी विद्यापीठ विधि विभाग में बीए एलएलबी के दसवें सेमेस्टर और एलएलबी के छठे सेमेस्टर की परीक्षा 31 मई से शुरू होगी। संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि बीए एलएलबी की परीक्षा 31 मई से 9 जून तक और एलएलबी की परीक्षा 31 मई से 6 जून तक होगी। सभी परीक्षाएं दोपहर एक से शाम चार बजे तक होंगी। 

नई शिक्षा नीति पर हुई कार्यशाला
संकट मोचन स्थित महामना मदन मोहन इंटर कॉलेज में नई शिक्षा नीति पर चल रही कार्यशाला रविवार को संपन्न हुई। बीएचयू प्रो. पंकज सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षकों की क्षमता का ज्ञान कराने की जरूरत है। बीएचयू की सेवानिवृत्त प्रो. गीता राय ने अध्यक्षता की। प्रो. सुनील उपाध्याय और प्रो. प्रतीक चौरसिया ने भी विचार रखे। स्वागत प्रधानाचार्य संजय राय प्रियदर्शी ने किया। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल से ऑनलाइन होंगे प्रवेश कार्य
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश संबंधी सभी कार्य ऑनलाइन कराए जाएंगे। विश्वविद्यालय में सामाजिक विज्ञान विभाग के प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष का पद ग्रहण करने के बाद कहा कि प्रवेश संबंधी कार्यों में पारदर्शिता लाई जाएगी। प्रो. हरिशंकर पांडेय के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रो. शैलेश कुमार मिश्र को छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि छात्र कल्याण संकाय के तहत समर्थ पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाएगा। विश्वविद्यालय में छात्रावासों का आवंटन भी निर्धारित समय सारणी के आधार पर कराया जाएगा। सभी विभागों से सामंजस्य स्थापित कर निश्चित समयावधि में पठन-पाठन कराया जाएगा। 

संस्कृत विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू, 600 अभ्यर्थी होंगे शामिल
वेद अध्ययन की सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए असि स्थित स्वामीनारायणा नंद तीर्थ विद्यालय के वेद भूषण प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तीन दिवसीय प्रवेश परीक्षा में लगभग 600 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। विद्यालय परिसर में आयोजित परीक्षा में शामिल होने के लिए कई राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार, कर्नाटक के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी छात्र आए हैं। 

विद्यालय के स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में 600 छात्र तीन दिनों तक लिखित परीक्षा देंगे। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण में ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। दोनों चरणों में पास होने वाले छात्रों को ही प्रवेश मिलेगा। स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि विद्यालय में चयनित होने वाले सभी छात्रों के लिए रहने और भोजन की निशुल्क व्यवस्था विद्यालय परिसर के भीतर ही उपलब्ध कराई जाएगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed