Varanasi News: रंजिश में हिस्ट्रीशीटर को मारी गई थी गोली, गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित; दर्ज हैं 11 मामले
हिस्ट्रीशीटर को गोली मारने की सूचना पाकर माैके पर स्थानीय थाने की पुलिस भी पहुंच गई। उसके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं। बताया गया कि रंजिश में गोली चलाई गई है। घायल युवक काे ट्राॅमा सेंटर भेज दिया गया।
विस्तार
Varanasi News: बभनपुरा गांव में बीती देर रात हिस्ट्रीशीटर गौरव सिंह उर्फ मोनू (39) को गोली मारी गई थी। पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी बभनपुरा के ही हैं। पुलिस ने दो टीमें गठित कर जांच शुरु कर दी है।
गौरव के पिता सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 9:35 बजे किसी के फोन कॉल पर गौरव घर से बाहर निकला और बभनपुरा तिराहे पर पहुंचा। वहां गांव के ही वीरेंद्र सिंह, अंकित सिंह, अभिषेक सिंह, निखिल सिंह और नीरज यादव ने एक राय होकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
गौरव के पिता ने बताया कि वह बभनपुरा में जिम चलाता था। पिछले महीने 16 अगस्त को जन्माष्टमी के दिन भी आरोपियों ने उसे पिस्तौल सटाकर फायर करने की कोशिश की थी। जिसकी शिकायत उन्होंने आईजीआरएस के माध्यम से पुलिस आयुक्त वाराणसी से की थी।
वहीं मामले में एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने चौबेपुर थाने में शुक्रवार की शाम बैठक की। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चांदपुर व चिरईगांव, जाल्हूपुर चौकी प्रभारी व प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में दो टीमें गठित कर हमलावरों को हर हाल में गिरफ्तार कर जेल भेजने के लिए कहा। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल गौरव सिंह का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। हालत में सुधार है। चौबेपुर में इनके ऊपर 11 मुकदमे दर्ज हैं। घायल व हमलावर दोनों पक्षों का एक साथ उठना-बैठना है।