वाराणसी: लघु फिल्मों के जरिए LGBTQIA+ समुदाय की पहचान, प्रेम और समानता पर हुई चर्चा
पांचवीं बनारस क्वीयर प्राइड के तहत सिगरा स्थित अस्मिता संस्था में तीन लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग और संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें लैंगिक पहचान, प्रेम, पारिवारिक स्वीकृति और समान नागरिक अधिकारों पर चर्चा की गई। क्वीयर प्राइड मार्च 13 दिसंबर को आयोजित होगा।
विस्तार
पांचवीं बनारस क्वीयर प्राइड-2026 के तहत रविवार को सिगरा स्थित अस्मिता संस्था के सभागार में फिल्म स्क्रीनिंग और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें LGBTQIA+ समुदाय की लैंगिक पहचान, प्रेम, आत्मस्वीकृति और सामाजिक अधिकारों पर चर्चा हुई। तीन लघु फिल्मों के माध्यम से सामाजिक रूढ़ियों, भेदभाव और पितृसत्तात्मक सोच पर सवाल उठाए गए।
तीन फिल्मों के जरिए उठे अहम मुद्दे
कार्यक्रम की शुरुआत नैंसी और खुशबू के स्वागत संबोधन से हुई। शिवांगी ने प्रतिभागियों को वर्ष 2022 से शुरू हुई बनारस क्वीयर प्राइड की यात्रा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पहली फिल्म 'कंटेंट का कीड़ा- जेंडर आइडेंटिटी' दिखाई गई। इसमें सात वर्षीय शिवा की कहानी के माध्यम से बच्चों की लैंगिक पहचान और अभिव्यक्ति को स्वीकार करने में अभिभावकों की भूमिका बताई गई। दूसरी फिल्म 'अफसोस (AFSOS)- लेस्बियन लव स्टोरी' में आर्या और श्वेता की प्रेम कहानी के जरिए पारिवारिक प्रतिष्ठा, सामाजिक दबाव और समलैंगिक प्रेम से जुड़े सवाल उठाए गए। तीसरी फिल्म 'If the World Were Better-LGBTQIA+ Edition' में समानतापूर्ण समाज की कल्पना के जरिए नॉन-बाइनरी पहचान, शिक्षा, विवाह, सार्वजनिक स्थानों पर भेदभाव और परिवार बनाने के अधिकारों पर चर्चा की गई।
पहचान के आधार पर भेदभाव न करने का संदेश
फिल्मों के प्रदर्शन के बाद हुए संवाद में लैंगिक पहचान, यौन अभिविन्यास, पारिवारिक स्वीकृति और समान नागरिक अधिकारों पर विचार साझा किए गए। नीति ने कहा कि गे या लेस्बियन होना कोई बीमारी नहीं, बल्कि व्यक्ति की यौनिक पहचान का एक स्वरूप है। उन्होंने समुदाय के लोगों के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के अवसर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि किसी व्यक्ति की पहचान या प्रेम उसके सम्मान और अधिकारों के रास्ते में बाधा नहीं बनना चाहिए। समावेशी समाज के निर्माण के लिए परिवार और समाज को रूढ़िवादी सोच से आगे बढ़कर विविधता को स्वीकार करना होगा।
13 दिसंबर को निकलेगा क्वीयर प्राइड मार्च
कार्यक्रम में प्रिज्मैटिक फाउंडेशन, अस्मिता संस्था, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और एशियन ब्रिज इंडिया सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। आयोजन में रुमान, अनामिका, बन्नी वर्मा, कृष्णा, नैंसी, अनम, शिवांगी और खुशबू सहित स्वयंसेवकों का योगदान रहा।
अंत में नीति ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि बनारस क्वीयर प्राइड के तहत 10 दिसंबर को क्वीयर स्पोर्ट्स और 13 दिसंबर 2026 को क्वीयर प्राइड मार्च आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा पोस्टर मेकिंग और विश्व एड्स दिवस से संबंधित गतिविधियां भी होंगी। उन्होंने नागरिकों से इन आयोजनों में सहभागिता की अपील की।
