वाराणसी: आईएमए में ब्लडबैंक, टीकाकरण केंद्र का होगा विस्तार, सुविधाएं भी बढ़ेंगी; भूमि पूजन के साथ निर्माण
आईएमए बनारस शाखा के सात मंजिला नए भवन के निर्माण के लिए बुधवार को भूमि पूजन हुआ। पुराने भवन को गिराकर इसी स्थान पर नया भवन बनाया जाएगा। इसमें कांफ्रेंस हॉल के साथ टीकाकरण केंद्र, ब्लड बैंक और ऑक्सीजन बैंक का विस्तार होगा। आईएमए के अनुसार, निर्माण सदस्यों के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बनारस शाखा के नए सात मंजिला भवन के निर्माण के लिए बुधवार को भूमि पूजन किया गया। आईएमए कैंपस में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पदाधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन कराया। नए भवन के बनने के बाद आईएमए ब्लड बैंक, टीकाकरण केंद्र, ऑक्सीजन बैंक सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
आईएमए कैंपस में वर्तमान में कार्यालय और ब्लड बैंक संचालित हो रहा है। इसके सामने स्थित पुराने भवन को गिराकर उसी स्थान पर नए सात मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन और सचिव डॉ. एके त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया।
सचिव डॉ. एके त्रिपाठी ने बताया कि प्रस्तावित भवन में डॉक्टरों की बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए कांफ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। इसके अलावा वर्तमान में संचालित टीकाकरण केंद्र का भी विस्तार किया जाएगा। इससे बच्चों के टीकाकरण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि नए भवन में ब्लड बैंक और ऑक्सीजन बैंक समेत अन्य सेवाओं को भी जरूरत के अनुसार विस्तार दिया जाएगा। आईएमए का प्रयास है कि स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को एक ही परिसर में अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराया जा सके।
सचिव ने कहा कि भवन निर्माण की प्रक्रिया सदस्यों के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। उन्होंने सावन के महीने में भूमि पूजन को शुभ और महत्वपूर्ण अवसर बताया। उनके अनुसार, इस पवित्र माह में नए भवन के निर्माण की शुरुआत होना आईएमए के लिए सुखद संयोग है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष निर्वाचित प्रो. मनोज श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष डॉ. पीके तिवारी, डॉ. भानु शंकर पांडेय, डॉ. प्रभाकर शुक्ला, डॉ. अजित सैगल, डॉ. आलोकसी भारद्वाज समेत कई चिकित्सक और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में रामकुमार गुप्ता, संदीप राउत और सरदार सिंह सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।