UP Nikay Chunav 2023: वाराणसी में ट्रांसजेंडर ने भरा मेयर के लिए पहला पर्चा, दिया संपंत्ति का ब्यौरा
एडीएम प्रशासन कोर्ट में मेयर पद के लिए ट्रांसजेंडर शमशेर खान ने पहला नामांकन पत्र भरा है। इंग्लिशिया लाइन निवासी शमशेर के दिए शपथ पत्र के अनुसार, उनके पास 30 हजार नकद, 25 हजार बैंकों में जमा, 40 ग्राम सोना, एक मोपेड है।
विस्तार
वाराणसी में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के चौथे दिन मेयर के एक और पार्षद पद के लिए छह पर्चे दाखिल किए गए। गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष और सदस्य पद पर एक भी नामांकन नहीं हुआ।
एडीएम प्रशासन कोर्ट में मेयर पद के लिए ट्रांसजेंडर शमशेर खान ने पहला नामांकन पत्र भरा है। इंग्लिशिया लाइन निवासी शमशेर के दिए शपथ पत्र के अनुसार, उनके पास 30 हजार नकद, 25 हजार बैंकों में जमा, 40 ग्राम सोना, एक मोपेड है। 200 वर्ग फीट भूमि भी है। इसका मूल्य 5 लाख रुपये है। शैक्षिक योग्यता में अक्षर ज्ञान का उल्लेख किया गया है।
यह भी पढ़ें- UP Nikay Chunav: वाराणसी में मेयर के 10 और पार्षद के 129 पर्चे बिके, नोड्यूज के लिए उमड़ रही भीड़
इसी तरह पांचों जोन कार्यालय में पार्षद पद के लिए रमदत्तपुर, लेढुपुर, राजाबाजार, सारनाथ, लालपुर मीरापुर बसहीं, रामापुरा वार्ड से छह दावेदारों ने नामांकन कराए हैं। अब तक पार्षद पद के लिए नौ नामांकन कराए जा चुके हैं। नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 से 3 बजे तक चलती रही।
दशाश्वमेध, आदमपुर, वरुणापार, भेलूपुर, कोतवाली जोन में नामांकन फार्म लेने और नोड्यूज के लिए भीड़ रही। नामांकन की आखिरी तारीख 17 अप्रैल है। बताया जा रहा है कि रविवार और सोमवार को नामांकन का दबाव ज्यादा रहेगा। नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को होगी। नाम वापसी 20 अप्रैल और चुनाव चिह्न 21 अप्रैल को आवंटित किए जाएंगे। वाराणसी में पहले चरण के दौरान चार मई को वोट डाले जाएंगे। 13 मई को मतगणना होगी।
हरीश मिश्रा भी बने प्रत्याशी
अपना दल कमेरावादी ने हरीश मिश्रा को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के निर्देश पर पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।