UP Nikay Chunav: वाराणसी में मेयर के 10 और पार्षद के 129 पर्चे बिके, नोड्यूज के लिए उमड़ रही भीड़
नामांकन के चौथे दिन वाराणसी नगर निगम में मेयर के एक और पार्षद पद के लिए छह पर्चे दाखिल किए गए। दूसरी तरफ, शुक्रवार को मेयर पद के लिए 10 लोगों ने पर्चे खरीदे हैं। पार्षद पद के लिए 129 पर्चे खरीदे गए हैं।
विस्तार
नामांकन के चौथे दिन वाराणसी नगर निगम में मेयर के एक और पार्षद पद के लिए छह पर्चे दाखिल किए गए। गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष और सदस्य पद पर एक भी नामांकन नहीं हुआ। दूसरी तरफ, शुक्रवार को मेयर पद के लिए 10 लोगों ने पर्चे खरीदे हैं। पार्षद पद के लिए 129 पर्चे खरीदे गए हैं।
इसी तरह गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए एक और सदस्य के लिए चार नामांकन फार्म खरीदे गए हैं। एडीएम प्रशासन कोर्ट में मेयर पद के लिए ट्रांसजेंडर शमशेर खान ने पहला नामांकन पत्र भरा है। अब तक पार्षद पद के लिए नौ नामांकन कराए जा चुके हैं।
नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 से 3 बजे तक चलती रही। दशाश्वमेध, आदमपुर, वरुणापार, भेलूपुर, कोतवाली जोन में नामांकन फार्म लेने और नोड्यूज के लिए भीड़ रही। नामांकन की आखिरी तारीख 17 अप्रैल है। बताया जा रहा है कि रविवार और सोमवार को नामांकन का दबाव ज्यादा रहेगा।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में मेयर की सीट पर कैसे टूटेगा भाजपा का तिलिस्म, रणनीति बनाने में जुटे सियासी दल
अपना दल कमेरावादी ने हरीश मिश्रा को बनाया प्रत्याशी
अपना दल कमेरावादी ने हरीश मिश्रा को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के निर्देश पर पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।
निकाय चुनाव के लिए बना कंट्रोल रूम
नगर निकाय चुनाव के लिए विकास भवन के कक्ष संख्या 112 में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके प्रभारी अधिकारी अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति ( 9454417031) हैं। उप निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी ( 9918559922) बनाया गया है। कंट्रोल रूम का फोन नंबर 0542-2990588 और ईमेल आईडी controlroomvns2023@gmail.com है। इन नंबरों पर निकाय चुनाव से संबंधित किसी भी तरह की शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। ब्यूरो