Ballia Election Updates: बांसडीह में भाजपा प्रत्याशी आगबबूला, फेफना के कई गांवों में मतदान बहिष्कार
बलिया जिले में छठवें चरण में बलिया नगर, बांसडीह, बेल्थरारोड, सिकंदरपुर, बैरिया और रसड़ा के लिए मतदान जारी है।
विस्तार
बलिया जिले की सात विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह से मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक करीब 36 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। इस बीच कई स्थानों पर सपा गठबंधन और भाजपा समर्थकों के बीच तनातनी की खबर सामने आई है। विधानसभा के असेगा में एक केंद्र के बाहर भाजपा के बस्ते पर सुभासपा नेता ने पोस्टर- झंडे आदि फाड़ दिए।
इसे लेकर मौके पर जमकर हंगामा हुआ। बांसडीह से भाजपा प्रत्याशी केतकी सिंह भी मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे विपक्ष के समर्थकों को देख आगबबूला हो गईं। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आकर मोर्चा संभाला और माहौल को शांत कराया। केतकी सिंह ने बुथ पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया है।
वहीं, सपा ने भाजपा प्रत्याशी पर अभद्रता का आरोप लगाया है। फिलहाल मामला शांत है। कहीं से भी किसी हंगामे की खबर नहीं है। इधर, फेफना विधानसभा क्षेत्र के कर्ची ,परुआ, नरायनपुर और मिलकनवा ग्राम के मतदाताओं ने मतदान का पूर्ण बहिष्कार कर दिया।
कार्रवाई की चेतावनी पर उग्र हुए ग्रामीण
परुआ गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या 151 और कर्ची स्थित मतदान केंद्र संख्या 150 व 151 पर मतदान के लिए सभी कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे लेकिन वोट करने कोई नहीं आया। इस बाबत सीडीओ और सीओ समेत अन्य उच्चाधिकारी पहुंच कर ग्रामीणों को काफी समझाया। कार्रवाई करने की धमकी भी दी लेकिन ग्रामीणों ने अपनी मांग पूरी नहीं होने तक मतदान करने से इनकार दिया।
सीडीओ व सीओ ने उस स्थल को भी देखा जहां रेलवे लाइन पर समपार फाटक बनाने के लिए ग्रामीण आंदोलनरत हैं। ग्रामीणों ने सीडीओ को देख नारेबाजी करनी शुरू कर दी तो अधिकारी ने ग्रामीणों पर कारर्वाई करने की धमकी दी। इस पर ग्रामीण और उग्र हो गए। उग्र ग्रामीणों को देख सीडीओ वहां से वापस चले गए।