सुबह होते ही दो बहनों को शुरू हो गई उल्टी-दस्त, अस्पताल ले जाते वक्त दोनों ने तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के गोंड बस्ती में गुरुवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बीमार होकर दो बच्चियों की मौत हो गई। दादा दादी के साथ रह रही सगी बहन आंचल(8) और निशा(07) रात में खाना खाकर सोई थी। सुबह जागते ही उल्टी दस्त शुरू हो गई और परिवार के लोग अस्पताल ले जाते कि रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मुंबई में रहकर मजदूरी करने वाले गांव निवासी लालजी की पत्नी निर्मला की मौत चार वर्ष पहले हो गई। निर्मला की मौत के बाद लालजी की तीन पुत्रियों आंचल, निशा और प्राची की परवरिश लालजी के पिता काशीनाथ और दादी रुक्मिना कर रही थी। इधर लालजी ने एक वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली।
लालजी की दूसरी पत्नी छोटी पुत्री प्राची को लेकर मायके गई हुई थी। बुधवार की रात आंचल और निशा खाना खाकर दादा दादी के बगल में चारपाई पर सो गए। गुरुवार की सुबह उठते ही दोनों को उल्टी दस्त शुरू हो गई और हालत बिगड़ने लगी। परिवार वाले दोनों बच्चियों को लेकर शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस पर दोनों के शव लेकर घर आ गए। सूचना मिलते ही सौतेली मां छोटी पुत्री प्राची को लेकर घर पर पहुंच गई दोनों बच्चियों की मौत से दादा दादी को भी काफी सदमा लगा है। इधर दोनों बच्चियों की मौत से पूरे बस्ती में कोहराम मचा हुआ है बच्चियों की मौत को लेकर जहरीले जंतु के काटने जैसे भी कयास लगाए जा रहे हैं।
शहाबगंज के चिकित्सा प्रभारी डॉ संजय कुमार ने बच्चियों की मौत कैसे हुई, इस बारे में कुछ भी बता नहीं पा रहे हैं। सीओ चकिया कुंअर प्रभात सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची है लेकिन परिवार के लोग सदमे में हैं। परिवार वाले जैसा कहेंगे, वैसा किया जाएगा।