काशी की सड़कों पर बढ़ेगी सुरक्षा: 20 संवेदनशील चौराहों पर लगेंगे हाईटेक कैमरे, खर्च होंगे 3.07 करोड़
वाराणसी में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए 20 संवेदनशील चौराहों पर हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। स्मार्ट सिटी और टोयोटा के बीच समझौता हुआ है।
विस्तार
काशी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आमजन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इस सीएसआर पहल के तहत कंपनी 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
यह समझौता शुक्रवार को सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में संपन्न हुआ। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त व स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी मौजूद रहे। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कार्यकारी उपाध्यक्ष विक्रम गुलाटी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस परियोजना के तहत शहर के 20 प्रमुख और अतिसंवेदनशील चौराहों पर अत्याधुनिक निगरानी कैमरे लगाए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी और पुलिस यातायात विभाग के सर्वेक्षण के अनुसार, 2025 में करीब 3,000 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं। प्रतिदिन लगभग 500 यातायात उल्लंघन के मामले भी सामने आते हैं। इन कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा। यहां पुलिस और सुरक्षाकर्मी 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। किसी भी दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति की पहचान होते ही तत्काल अलर्ट भेजा जाएगा, जिससे पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी।
प्रोजेक्ट का लक्ष्य और समय-सीमा
इस परियोजना के तहत उपकरणों की स्थापना और कमिशनिंग का कार्य इसी माह शुरू होगा। दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन किया जाएगा। फरवरी 2027 तक प्रोजेक्ट का हैंडओवर पूरा कर लिया जाएगा। इस पहल से यातायात नियमों के पालन में 20 से 30 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान है। सिग्नल जंपिंग और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में भी 20 से 30 फीसदी कमी आएगी। ऑटोमेटेड निगरानी से नियम तोड़ने वालों की पहचान में 50 फीसदी से अधिक का इजाफा होगा।
चालकों का प्रशिक्षण और अन्य सहयोग
इस पहल के दूसरे चरण में शहर के 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित होगा। उनके लिए सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। इस पूरी परियोजना से सालाना लगभग 3,000 से अधिक लोग सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। टोयोटा ने अपने सीएसआर कार्यों के तहत जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए हैं।
