Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top latest breaking news of today in varanai

वाराणसी की प्रमुख खबरें एक क्लिक में: स्पीड ब्रेकर की मांग के लिए भड़की पब्लिक, थमी वंदे भारत की रफ्तार

Mon, 20 May 2024 07:29 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 20 May 2024 07:29 PM IST
सार

Varanasi News: सोमवार को वाराणसी में कई प्रमुख खबरें रहीं। गौरीगंज में स्थानीय लोगों ने स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही मेयर, विधायक और नगर आयुक्त को पत्र भी सौंपा। वहीं, सपा कार्यकर्ताओं ने बैठक कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top latest breaking news of today in varanai
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर डीसी पब्लिक स्कूल और स्थानीय लोगों ने गौरीगंज में धरना दिया। मेयर, विधायक और नगर आयुक्त को पत्र दिया जा चुका है। फिर भी समाधान नहीं होने पर लोगों ने प्रदर्शन किया। घनश्याम जायसवाल ने बताया कि जून 2023 से से गौरीगंज में स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए भेलूपुर जोनल कार्यालय पर मेयर को ज्ञापन दिया गया था। 

विज्ञापन


15 फीट की चौड़ी सड़क सीधे रविंद्रपुरी को जाती है। अकसर यहां दुर्घटनाएं होती हैं। स्पीड ब्रेकर जरूरी है। ज्ञापन आज भी नगर निगम में ठंडे बस्ते में है। विधायक को ज्ञापन देकर ब्रेकर बनवाने की मांग की गई। आश्वासन मिला, लेकिन काम नहीं हुआ। लोगों ने तय किया है स्पीड ब्रेकर नहीं बना तो चुनाव का बहिष्कार करेंगे। 
विज्ञापन


धरने की सूचना पर पहुंचे पार्षद पति कासिम खान और अस्सी पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल मौर्या ने आश्वासन दिया कि 5 दिन में स्पीड ब्रेकर बन जाएगा। इस आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। धरना देने वालों में देवाशीष दास, जमाल अहमद, बी नटराजन संजय अधिकारी, हिमांशु मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


मालगाड़ी का इंजन फेल होने से थमी वंदे भारत की रफ्तार, दो घंटे की देरी से पहुंची कैंट
अयोध्या-वाराणसी रेलखंड के बिलवाई स्टेशन के पास रविवार की शाम इंजन फेल होने से पटना-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पहुंची। अन्य ट्रेनें भी जहां तहां खड़ी हो गई।

रेल अधिकारियों के अनुसार मेन लाइन पर मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। इस वजह से इस रूट की 6 से 7 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया। हालांकि लगभग 35 मिनट बाद इंजन की खराबी दूर करते हुए लाइन चालू कराया गया। इस वजह से ट्रेन संख्या 22346 पटना-लखनऊ वंदे भारत अपने निर्धारित समय से 1 घंटे 55 मिनट की देरी से रात 10 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बीएचयू मंच कला संकाय के प्रथम सत्र की छात्रा प्रतिभा देवी का निधन
बीएचयू मंच कला संकाय के प्रथम सत्र की छात्रा और पद्मविभूषण विदुषी गिरिजा देवी की शिष्या प्रतिभा देवी का सोमवार को निधन हो गया। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार दिल्ली के श्मशान में हुआ, जहां मुखाग्नि उनके पुत्र मनीष द्विवेदी ने दी।

प्रतिभा द्विवेदी का वाराणसी के अस्सी में पैतृक निवास है। उनके पति स्व. केके द्विवेदी सेंट्रल बोर्ड ऑफ कस्टम एंड एक्साइज के चेयरमैन थे। प्रतिभा द्विवेदी ने अपने गुरु के साथ कई बड़े आयोजनों में सहभागिता की। उनके निधन पर सोमवार को शहर स्थित भाव प्रभा पद्म संस्थान के सभागार में शोकसभा हुई। 

पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य ने उन्हें संगीत के प्रति आजीवन समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। कलाकार डॉ. सीमा वर्मा, पं. नंदकिशोर मिश्र, डॉ. प्रीतेश आचार्य, पीयूष आचार्य और डॉ. शिवानी शुक्ला भी मौजूद रहे। उनके निधन पर अप्पा जी की पुत्री ओडिसी नृत्यांगना सुधा दत्ता, शिष्या सुनंदा शर्मा, रीता देव, प्रमुख उद्यमी अशोक गुप्ता और अशोक कपूर ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। 

भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने संभाला दायित्व
रथयात्रा स्थित कन्हैयालाल स्मृति भवन में 14वां दायित्व ग्रहण समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी पदाधिकारियों ने शपथ के दायित्व संभाले। मां भारती और विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के बाद वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

सत्र 2023-24 के अच्छे कार्य करने हेतु अध्यक्ष संजीव सिंह, सचिव विनीता सिंह और कोषाध्यक्ष अनिल भट्टाचार्य व महिला संयोजिका नीतू यादव जी को सम्मानित किया गया। भारत विकास परिषद श्रद्धा शाखा के संस्थापक योगेश कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके जैन का स्वागत किया।

सत्र 2024-25 के नवनिर्वाचित दायित्वों के लिए अध्यक्ष राकेश जैन, सचिव विनीता सिंह, कोषाध्यक्ष राहुल शाह व महिला संयोजिका दीपमाला सिंह को दायित्व ग्रहण कराया गया। इस मौके पर 15 नए सदस्यों को सदस्यता ग्रहण कराई गई। कार्यक्रम के दौरान कुसुम सिंह, नेहा अग्रवाल, विनीता श्रीवास्तव, विवेक तिवारी, अभिषेक सिंह, आरपी सिंह, राजुल अग्रवाल, अनिल भट्टाचार्य, शशि भूषण समेत अन्य मौजूद रहे।

Trending Videos

हर बूथ पर होंगे सपा के व्यापारी नेता

सपा नेताओं की बैठक सिगरा-महमूरगंज मार्ग पर व्यापारी नेता रितेश केसरी के आवास पर हुई। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशानिर्देशों के पालन पर जोर दिया। कहा कि हर बूथ पर एक व्यापारी रहे, ताकि व्यापारियों का वोट गठबंधन के प्रत्याशी को मिले।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार की उपलब्धियों को बताएं। युवा व्यापारियों को भी पार्टी से जोड़ें। जल्द ही कई बड़े नेता आएंगे। जनसभाओं में अधिक से अधिक व्यापारी पहुंचे। बैठक में कल्लू यादव, विनोद केसरी, ममता केसरी, अंगद यादव शामिल रहे। 

लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव : सपा
समाजवादी महिला मोर्चा की सभा पुराना रामनगर स्थित एक लॉन में हुई। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। देश के संवैधानिक ढांचे को ध्वस्त होने से बचाना है। अभी ध्यान नहीं दिया तो पूरा देश तानाशाही का शिकार हो जाएगा। यह आपके और आपके बच्चों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। 

आज इंडिया गठबंधन से लोगों की उम्मीदें बंधी हैं। हम सबको इन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी। सभा में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राज की पत्नी रीना राय, संगीता पटेल, इश्तियाक अहमद, संजय यादव, कृष्ण मोहन यादव, आशीष राय, उमेश सोनकर, सौरभ आनंद, सतनाम सिंह, शमशाद खां, पार्षद रामकुमार यादव आदि मौजूद रहे। 

दिन में तेज धूप, शाम को चलीं हवाएं, गिरा पारा
दिन में तेज धूप के बाद शाम को हवाओं ने थोड़ी राहत दी। मौसम बदलने की वजह से पिछले 24 घंटे में अधिकतम में 2.1 और न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से एक बार फिर मौसम बदलेगा। इस सप्ताह बारिश के भी आसार हैं।



मई के तीसरे सप्ताह की शुरुआत से ही सूरज की तल्खी बढ़ी है। तीन दिन से हीट वेव भी चल रही है। सोमवार की शाम को तेज हवाएं चलने लगीं। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि पुरवा और पछुआ हवाओं के मिश्रण की वजह से मौसम बदला है। अगले चार-पांच दिन तक बादलों की आवाजाही के साथ ही हवा में नमी और बारिश के भी आसार दिख रहे हैं। 

बाइक सवार युवक पेड़ से टकराया, मौत
जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर मिर्चा चक मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार युवक शीशम के एक पेड़ से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पचवार गांव निवासी अजय उर्फ गोलू (25) काम से रविवार को हाथी बाजार गया था। 

रात लगभग 10.30 बजे वह घर जा रहा था। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना जंसा थाने की पुलिस को दी। परिजनों के अनुसार गोलू दो भाइयों में बड़ा था।

भाजपा की मदद में लगा हुआ है प्रशासन
जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, राघवेंद्र चौबे ने कहा कि जिस तरह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का परिसर भाजपा प्रत्याशी के राजनीतिक प्रभाव में नारी वंदन समागम के लिए आवंटित हुआ है, वो प्रशासन के दखल से पक्षपातपूर्ण कृत्य है। कोई भी सरकारी या शासन वित्त पोषित संस्थान एवं संपत्ति चुनाव प्रचार कार्य के लिए प्रयुक्त नहीं हो सकती, पर सभास्थल आवंटन से लेकर नगर के बिजली के सरकारी खंभों पर बड़े-बड़े पार्टी के झंडे लगाकर सजाने का काम भाजपा के पक्ष में प्रशासन करवा रहा है।

रुपये हड़पने के आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर
अपर जिला जज नवम् विनोद कुमार-VI की अदालत ने बसरतीया कौरी, चंदौली के रहने वाले आरोपी राजनरायन तिवारी की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली। एक-एक लाख रुपये के दो जमानतदार और उतने के ही व्यक्तिगत बंधपत्र पर अदालत ने रिहा करने का आदेश दिया है।

हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड कंपनी ने फर्जी कागजात तैयार कर धोखा देते हुए 17 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाकर राजनरायन के खिलाफ सिगरा थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली। 

सीवर युक्त जलापूर्ति होने से रामनगर के लोगों में आक्रोश
सीवर युक्त पेयजल की आपूर्ति होने से रामनगर के लोगों में आक्रोश है। राकेश, विनोद, सुरेश ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पानी की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। नगर निगम से शिकायत की गई तो उन्होंने पीडब्ल्यूडी को जिम्मेदार बताय। पीडब्ल्यूडी से लोगों ने शिकायत की तो उन्होंने नगर निगम की जिम्मेदारी बता दी। पूरे रामनगर में दूषित पेयजल की समस्या बनी हुई है। 

पानी इतना गंदा आ रहा है कि पीना तो दूर अन्य कामों में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। रामनगर साहित्यनाका स्थित डबल पानी टंकी से लोगों को दूषित पानी मिल रहा है। दो ओवर हेड टैंक है। इनमें से एक से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे मच्छरहट्टा, सहित्यनाका क्षेत्रों के सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं। लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। 

चांदपुर स्थित कारखाने व मकान से हुई चोरी
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित शिवनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले व उसी मकान में कारखाना संचालित करने वाले राजू गुप्ता निवासी चुरामनपुर थाना लोहता के कारखाने व मकान में चोरी हो गई। उन्होंने चोरी का आरोप लगाते हुए मंडुवाडीह थाने पर तहरीर दी है।



तहरीर में राजू ने आरोप लगाया है कि वह चुरामनपुर में रहते हुए शिवनगर कॉलोनी में किराए पर मकान लेकर वहीं पर गारमेंट्स का कारखाना और परिवार के साथ रहते हैं। राजू गुप्ता के अनुसार वह पिछले दो महीने से परिवार समेत गांव में रहकर वहीं से कारखाने जाते थे और जब वह 14 मई को कारखाने पहुंचे तो सामान अस्त-व्यस्त था। राजू के अनुसार, चोर उनके यहां से एक लाख 15 हजार कैश और सोने व चांदी के जेवरात ले गए हैं।

सामने घाट में गंगा किनारे मिला युवक का शव
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित ज्ञान प्रवाह के पास गंगा किनारे युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस के अनुसार उसकी पहचान नहीं हो सकी है। लोगों ने बताया कि यह युवक काफी दिनों से क्षेत्र में मांगकर खाता था। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।  

रानीपुर में बीमारी से किशोरी की मौत
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर में किशोरी की बीमारी से रविवार को मौत हो गई। इस बीच पड़ोस में किसी पुलिस को सूचना दी कि किशोरी ने फंदे पर लटक जान दे दी है। पुलिस जब घर पहुंची तो परिजन दाह संस्कार के लिए हरिश्चंद्र घाट पहुंच गए थे। पुलिस की एक टीम हरिश्चंद्र घाट पहुंची और छानबीन के बाद दाह संस्कार की अनुमति दी। पुलिस ने बताया कि किशोरी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। दिमाग पर बुखार चढ़ने के कारण उसकी मौत हो गई।

कोचिंग सेंटर के लिए निकली 12वीं की छात्रा अगवा, तीन पर केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 12वीं की छात्रा को तीन युवकों ने अगवा कर लिया। पिता ने गांव के तीन युवकों के खिलाफ अपहरण समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि बेटी पांच दिन पूर्व कोचिंग के लिए घर से निकली और फिर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद मालूम चला कि गांव के तीन युवकों ने बहला फुसलाकर अगवा कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज किशोरी को बरामद करने की तलाश में दबिश दी जा रही है। 

नगर निगम के बेसमेंट में भरा गंदा पानी
नगर निगम के बेसमेंट में गंदा पानी भर गया। पूरे शहर की साफ सफाई का जिम्मा उठाने वाले विभाग के नीचे ही गंदा पानी भरा है। यह हाल कई दिनों से है। आसपास के इलाकों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ऊपरी तल से पानी रिस कर नीचे आ रहा है, जो बेसमेंट में भर रहा है। लेकिन किसी अधिकारी का इस तरफ ध्यान नहीं है।

न ही इस पानी को निकालने की कवायद की जा रही है। पिछले दिनों स्वच्छता अभियान के दौरान साफ सफाई कराई गई थी। इस बारे में अधिकारी भी बोलने से बच रहे हैं। समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह कार्यालय बीमारियों का घर हो जाएगा।

बाइक सवार युवक पेड़ से टकराया, इलाज के दौरान मौत
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर मिर्चा चक मोड़ के समीप रविवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक सवार युवक शीशम के पेड़ से टकरा गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि पचवार गांव निवासी गोलू उर्फ अजय (25) पुत्र आनंद अपने किसी निजी काम से हाथी बाजार गया हुआ था, जहां से देर रात लगभग 10.30 बजे वापस घर लौट रहा था। 

वह खरगूपुर मिर्चाचक मोड़ के समीप पहुंच ही था कि उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना जंसा पुलिस को दी। पुलिस ने घायल अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा बताया गया।

वीडीए ने भेलूपुर में अवैध निर्माण कराया सील
वीडीए की ओर से सोमवार को अवैध निर्माण को सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार भेलूपुर वार्ड के बागहाड़ा निवासी सोनू साहनी की ओर से बगैर अनुमति निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पर वीडीए की प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी और सहायक अभियंता आरके सिंह मौजूद रहे।

गलत जगह पोल लगवाने का आरोप, मिला आश्वासन
शिवपुर क्षेत्र विश्वनाथपुरी कॉलोनी के मोड़ पर गलत साइड पोल लगाने के विरोध में लोगों ने सोमवार सुबह डिस्कॉम निदेशक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मनीष दीक्षित ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने गलत जगह पोल गाड़ दिया है। वाहनों को आने जाने में परेशानी हो रही है। प्रतिनिधिमंडल को एमडी ने आश्वासन दिया कि जांच कराकर समस्या का समाधान कराएंगे। 

11 अर्चकों ने काशी विश्वनाथ धाम में किया नंदीश्वर पूजन

Top latest breaking news of today in varanai
पूजन के दौरान। - फोटो : अमर उजाला

ऊं तत्पुरुषाय विद्महे चक्रतुण्डाय धीमहि, तन्नो नन्दिः प्रचोदयात्... के मंत्रों से काशी विश्वनाथ धाम का प्रांगण गुंजायमान हो उठा। सोमवार को सोम प्रदोष पर दूसरे नंदीश्वर उत्सव का आयोजन किया गया। एकादश अर्चकों ने नंदीश्वर का पूजन किया और विधि-विधान से संपूर्ण अनुष्ठान पूर्ण कराए।

सोमवार को श्री नंदीश्वर उत्सव के आयोजन में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के न्यासी वेंकट रमण घनपाठी ने प्रधान आचार्य की भूमिका का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि नंदीश्वर पूजा का महत्व हमारे वेदों और शास्त्रों में बताया गया है। हम जो भी प्रार्थना भगवान से करते हैं वो नंदीश्वर जी ही भगवान तक पहुंचाते हैं।

इसलिए नंदी भगवान का पंचामृत से रुद्र सूक्त के द्वारा अभिषेक और पूजा करके प्रसन्न किया गया। नंदी की आराधना से भक्त का मन स्थिर रहता है और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मान्यता है कि प्रदोष काल में प्रथम पूजन नंदी भगवान का करना चाहिए, इससे भगवान शिव भी प्रसन्न होते हैं।

युवा खेलों की तैयारियों में जुटे खिलाड़ी
राज्य स्तरीय युवा एथलेक्सि प्रतियोगिता दो जून को खेली जाएगी। लालपुर के डॉ़ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम के एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि आगामी प्रतियोगिता की तैयारी में खिलाड़ी जुट गए है। स्टेडिमय में प्रतिदिन दो सत्र में प्रशक्षिण शिविर में 230 महिला परुष खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं।

राज्य स्तरीय युवा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में काशी के 48 खिलाड़ी अगल अलग स्पर्द्धा में खेलेंगे। युवा खेल में खिलाड़ी 100 मीटर, 200, 400 मीटर, एक किलोमीटर, ऊंची कूद, लंबी कूद, डीस्कसथ्रो, जेवलिन थ्रो और शॉटपूट के अलावा 110 मीटर बाधा दौड़ में दमखम दिखाएंगे। इसमें पदक जीतने वाले प्रथम तीन खिलाड़ी राष्ट्रीय युवा खेल में प्रतिभाग करेंगे। 19वां राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 15 से 17 जून खेला जाएगा।

दुर्गाकुंड वृद्धा आश्रम से रोज निशुल्क उठेगा कूड़ा
दुर्गाकुंड के वृद्धा आश्रम में अब प्रतिदिन निशुल्क कूड़ा उठाया जाएगा। यह निर्णय नगर निगम ने लिया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के पास शिकायत आई कि वृद्धाश्रम से कई दिनों से कूड़ा नहीं उठ रहा है। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी के जरिये क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक दीवाकर पांडेय से पूरे परिसर की सफाई और धुलाई कराई। डस्टबिन रखे गए।

वाराणसी वेस्ट सोल्यूशन के प्रबंधक अनुज भाटी ने जोनल मैनेजर आशीष सिंह को हिदायत दी कि प्रतिदिन सुबह नौ बजे परिसर से कूड़ा उठाया जाएगा। इसके लिए वृद्धा आश्रम से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। 

काशी के बुनकर और कारीगर हैं मोदी का परिवार

Top latest breaking news of today in varanai
प्रदेश के आयुष मंत्री डा. दयाशंकर मिश्र दयालु। - फोटो : अमर उजाला

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को चौकाघाट जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान चौकाघाट के बुनकरों ने कहा कि कारीगर और बुनकर मोदी के परिवार हैं। मोदी ने बुनकरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू कीं। इस मौके पर क्षिप्रा शुक्ला ने बताया कि मुद्रा योजना बुनकरों के जीवन स्तर सुधारने में कारगर रहा है।

इसके जरिये कर्ज में डूबे बुनकर अब आत्मनिर्भर होकर कारोबार कर रहे हैं। बुनकरों के बच्चों की शिक्षा पर 90 फीसदी तक की सब्सिडी दी जा रही है। जनसंपर्क अभियान में यासिर खान, शाहिद खान, जाबिर सिद्दीकी, नौशाद अहमद, मुस्तकीम खान, उमर अंसारी आदि मौजूद रहे।

वन मंत्री ने रामनगर में किया जनसंपर्क
यूपी सरकार के वन मंत्री अरुण सक्सेना ने सोमवार शाम रामनगर में जनसंपर्क किया। वाराणसी के मतदाताओं से विकास की गति को तेज करने अधिक से अधिक संख्या में मतदान की अपील की। वन मंत्री ने मुंशी खाना, तपोवन में अमूल्य चंद्र सिन्हा के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। 

कहा कि सौभाग्य है कि यहां की जनता पीएम को चुनती है। उन्होंने पीएम की जीत के मार्जिन को बढ़ाने की बात कही। इस अवसर पर सतीश श्रीवास्तव, अनिल, अशोक जायसवाल, सपन सिन्हा, अर्चना सिन्हा मौजूद रहे।

पंजाब के पूर्व डीजीपी का हुआ स्वागत
पंजाब के पूर्व डीजीपी और भारतीय सवर्ण संघ परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आद्या प्रसाद पांडेय का सोमवार को कछवां रोड चौराहे पर स्वागत किया गया। मंडल अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी, जिला संयोजक ओमप्रकाश त्रिपाठी, बलिराम सिंह, संजय तिवारी आदि रहे।

संविधान और लोकतंत्र के वजूद के लिए हो रहा प्रयास
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण बात है संविधान और लोकतंत्र के वजूद के लिए एकजुट प्रयास किया जा रहा है। आज पूरा देश हिंदुस्तान को बचाने के लिए एकजुट होता दिख रहा है।

वह सोमवार को खजुरी में महिला सम्मेलन की बैठक को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। यह करो या मरो वाली स्थिति वाला चुनाव है। हम सबको पूरी क्षमता के साथ चुनाव लड़ना है।


 

मारपीट के आरोप से डॉक्टर और उनके भाई बरी

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) पवन कुमार सिंह की अदालत ने मारपीट और गालीगलौज के मामले में आरोपी डॉ. पियूष वाजपेई और उनके भाई को दोषमुक्त कर दिया। वादी प्रेम मोहन श्रीवास्तव ने आरोप लगाया था कि 19 फरवरी 2008 को मुड़कट्टा बाबा मंदिर, भेलूपुर के समीप तीन अज्ञात लोग उन्हें रिक्शे से खींचकर गली में ले गए। फिर, लात-मुक्कों से मारापीटा और और गालीगलौज कर कार से भाग गए।

बचाव पक्ष ने न्यायालय में कहा कि घटना का कोई चश्मदीद गवाह नहीं है। वादी ने पेशबंदी में झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। वादी ने अपनी चोट का डॉक्टरी मुआयना सात किलोमीटर दूर अस्पताल में कराया, जबकि घटनास्थल के पास ही सरकारी अस्पताल था। वादी द्वारा दी गई तहरीर किसने लिखी, इस पर भी उन्होंने भिन्न-भिन्न बयान दिए। तथ्यों और सबूतों को देखकर न्यायालय ने आरोपी डॉ. पियूष वाजपेई और उनके भाई को दोषमुक्त कर दिया। 

फिर से थे चोरी की फिराक में, स्थानीय लोगों ने पकड़ा 
पंचक्रोशी सब्जी मंडी स्थित मां कामख्या मंदिर में 15 मई को चोरी करने वाले नाबालिग को उसके तीन साथियों के साथ स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। चारों को लोगों ने सारनाथ थाने की पुलिस को सौंप दिया। पुजारी आयुष गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले यही लड़के जैतपुरा में भी चोरी के मामले में पकड़े गए थे। सभी अपना पता अवसानगंज, जैतपुरा बता रहे थे, लेकिन बार-बार अपना बयान भी बदल रहे थे। 

 

जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भिड़े स्वास्थ्य कर्मी-तीमारदार

दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात तीमारदार और स्वास्थ्यकर्मी भिड़ गए। एक घंटे तक कामकाज प्रभावित रहा। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। 12 बारह दिन पहले भी एक महिला मरीज के तीमारदार और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच मारपीट हुई थी।

अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात चिरईगांव के रुस्तमपुर से घायल विशाल को एंबुलेंस से लेकर परिजन पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे टांका भी लगाया। डॉ. नरेंद्र मौर्य और फार्मासिस्ट सर्वेश सिंह का आरोप है कि परिजन इलाज के बाद मेडिकल रिपोर्ट मांगने लगे। इस पर पुलिस केस पर ही मेडिकल बनने की जानकारी दी गई तो लोगों ने नोकझोंक शुरू कर दी।

मरीज विशाल के भाई प्रमोद का कहना है कि अस्पताल पर लिखे स्टाफ के नाम का वीडियो बनाने के दौरान स्टाफ ने आपत्ति कर दुर्व्यवहार किया। 100 नंबर पर सूचना पर पहुंची पीआरबी दोनों पक्षों को कैंट थाने ले गई। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दे दी गई है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed