UP: ऑनलाइन ठग...नुक्कड़ नाटक में बच्चों को दी साइबर अपराध की जानकारी, कहा- ठगी होते ही करें शिकायत
Varanasi News: स्कूली बच्चों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर क्राइम की जानकारियां दी गईं। छात्राओं को फेक काॅल से और लुभावने विज्ञापनों से बचने के टिप्स बताए गए।
विस्तार
रोहनिया स्थित विश्व ज्योति जनसंचार समिति ने गुरुवार को श्री राज नारायण शिक्षण संस्थान रोहनिया में 'आधुनिक ठग' नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपस्थित छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। नाटक के माध्यम से बढते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी के तरीकों से बचने और सतर्क रहने का संदेश दिया।
संस्था की शर्मिला ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक किया। कहा कि आप कभी भी अंजान नंबर से आए लिंक को ओपन न करें और न ही किसी को अपना ओटीपी नंबर दें। साइबर अपराधी तमाम तरह के लुभावने चीजें मोबाइल पर भेजते रहते हैं, उनसे सर्तक रहे।
बताया कि आज हर बच्चे मोबाइल पर पढ़ाई करते हैं और उससे जुड़े हुए है, जिस पर ऑनलाइन प्लेटफार्म पर तमाम लिंक भी आते हैं। कहा जाता है इनको आप फालो करे, गिफ्ट मिलेगा या आपके खाते में पैसा चला जाएगा, ऐसे मेसेज से बचे। एआई से इस्तेमाल से आपके परिचित की आवाज में बात कर पैसा कि मांग करते हैं, अपने उस परिचित से बात करने पर ही पैसा दे वर्ना आप ठगी का शिकार बन जाएंगे।
सुरक्षा संबंधी दी जानकारी
कहा कि नौकरी से जुड़ी तमाम सोशल साईट के विज्ञापन आते हैं, उसकी पड़ताल करने के बाद ही उस पर जुड़े। साइबर अपराधी तमाम तरह के हथकंडे अपना रहे हैं, ऐसे में सर्तकता ही सबसे बड़ा बचाव है। छात्राएं अपना मोबाइल नंबर किसी भी अंजान व्यक्ति को न दें।
डिजिटल अरेस्ट के साथ साइबर अपराधी ठगी कर रहे हैं अगर किसी पुलिस अधिकारी या सीबीआई सहित किसी बडे़ एजेंसी के नाम पर कोई फोन आता है तो घबराएं नहीं। उनसे बात करें, कोई पैसा न दें। इस फोन की जानकारी अपने नजदीकी थाने पर दें और प्राथमिकी दर्ज करवाएं।
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम मे प्रमोद कुमार, प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह सहित विद्यालय के अध्यापक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
