सनी गिरोह का नया सरगना एक लाख का इनामी सोनू, पूर्वांचल में तलाश रहा नए गुर्गे
एक लाख के इनामी बदमाश रोशन गुप्ता उर्फ बाबू उर्फ किट्टू के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सनी सिंह गिरोह की कमान अब मनीष सिंह उर्फ सोनू के हाथ में है। वाराणसी में रजिस्टर्ड अंतरजनपदीय गिरोह-33 का सदस्य और एक लाख का इनामी बदमाश नरोत्तमपुर निवासी मनीष सिंह उर्फ सोनू इन दिनों पूर्वांचल भर में कम उम्र के शूटरों की तलाश कर नए सिरे से अपने गिरोह को खड़ा करने में जुटा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि सोनू अपना और अपने गिरोह का दमखम दिखाने के लिए जल्द ही किसी बड़ी वारदात को अंजाम देगा।
जुलाई 2015 में कबीरचौरा क्षेत्र में मुठभेड़ में मारा गया सनी सिंह कम उम्र के लड़कों को अपने गिरोह में शामिल कर लूट, हत्या, हत्या का प्रयास और व्यापारियों, डॉक्टरों व ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने जैसी वारदात के लिए कुख्यात था। सोनू, किट्टू, मोनू, भुवर, बबलू, प्रदीप, आशुतोष और अशोक यादव जैसे कई बदमाशों ने सनी के गिरोह में शामिल होकर बनारस और आसपास के जिलों में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया।
सनी के मारे जाने के बाद किट्टू उसके गिरोह का संचालन करने लगा। बीती 26 नवंबर को मुठभेड़ में किट्टू मारा गया। जरायम जगत से जुड़े सूत्रों और पुलिस के अनुसार, सनी सिंह गिरोह का नया सरगना अब सोनू है। सोनू मौजूदा समय में जिले में सीरगोवर्धनपुर में हत्या के प्रयास, चौकाघाट दोहरे हत्याकांड, जैतपुरा क्षेत्र में पुलिस पर जानलेवा हमला कर भागने और मिर्जापुर में हत्या व रंगदारी मांगने के मामले में वांछित है।
बताया जाता है कि चौतरफा पुलिस की घेरेबंदी देख कर इन दिनों उसने पूर्वांचल छोड़ कर बिहार में शरण ली है। इसके साथ ही वह पुराने साथियों की मदद से अपने गिरोह के लिए बनारस, जौनपुर और गाजीपुर में कम उम्र के अच्छे शूटर तलाश रहा है।
हालांकि पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि मनीष का मुंबई कनेक्शन बहुत पुराना है। ऐसे में वह बिहार से मुंबई भी भाग सकता है। चूंकि सोनू तकनीक का जानकार भी है, इस वजह से वह अपने करीबियों से व्हॉट्सऐप कॉल/मैसेज के जरिए आसानी से संपर्क में रहता है।
उधर, सोनू के इन कारनामों के बीच एक दिलचस्प बात यह भी है कि उसके पिता अनिल कुमार सिंह ने पुलिस और प्रशासन के अफसरों को प्रार्थना पत्र दिया है कि अगर उनके बेटे के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज हो तो उसे अदालत में पेश किया जाए।
...तो क्या एक लाख का इनामी दीपक वर्मा शहर में ही है
एक लाख का इनामी बदमाश नई बस्ती रामापुरा निवासी दीपक वर्मा उर्फ गुड्डू इन दिनों शहर में ही मौजूद है, ऐसी चर्चाएं इन दिनों जबरदस्त है। शराब और हेरोइन के नशे के आदी दीपक पर दिसंबर 2018 से ही पुरस्कार घोषित है और पुलिस उसे दबोच नहीं पा रही है। दीपक के शहर में मौजूद होने की भनक लगने पर क्राइम ब्रांच से इतर जिला पुलिस के तीन दरोगा उसकी धरपकड़ के प्रयास में जोरशोर से लगे हुए हैं।