बीएचयू छात्रों और दवा दुकानदारों के बीच मारपीट का मामला दूसरे दिन बुधवार को भी शांत नहीं हुआ। मंगलवार रात में मारपीट के बाद बुधवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बीएचयू सिंह द्वार के पास छात्रों-दुकानदारों में पत्थरबाजी भी हुई। आरोप है कि इस घटना में एक छात्र घायल हुआ। उधर घटना के विरोध में छात्रों ने सिंह द्वार बंद कर धरना दिया। दोपहर में दोनों तरफ से नोकझोंक भी हुई।
मेडिकल की सभी दुकानों को बंद कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात जिस मेडिकल दुकानदार से विवाद हुआ था, उन्होंने रोज की तरह आज भी दुकान खोली थी। इसके बाद छात्र उस दुकानदार के पास जाकर मेडिकल को बंद करने की बात कहने लगे। इस दौरान छात्र और दुकान में मारपीट हो गई।
इसके बाद आसपास के दुकानदार और छात्र आमने-सामने आ गए। सूचना के बाद पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। इस दौरान बीएचयू सिंह द्वार बंद कर रहे हैं और व्यापारी लंका की दुकान बंद कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
दरअसल, मंगलवार रात बीएचयू सिंह द्वार के पास दवा की दुकान के पास दुकानदारों और छात्रों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक छात्र घायल हो गया। आरोप है कि इससे नाराज छात्रों ने हंगामा करते हुए दुकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए छात्र सिंहद्वार बंद कर रात करीब 10 बजे धरने पर बैठ गए।
रात करीब 11.30 बजे घायल छात्र की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, तब छात्र शांत हुए। कुछ छात्र सर सुंदरलाल अस्पताल के छोटे गेट के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा खरीदने गए थे। दवा लेकर लौटते समय चाय की दुकान लगाने वालों से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते-देखते बात बढ़ गई और हाथापाई की नौबत आ गई।