Varanasi News Today: सपा-कांग्रेस जिलाध्यक्ष को किया हाउस अरेस्ट, देह व्यापार में 9 महिलाओं समेत 17 पर FIR
Varanasi News: पीएम मोदी के आगमन को लेकर सपा और कांग्रेस के कई नेताओं और जिलाध्यक्ष को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। वहीं, देह व्यापार के आरोप में 9 महिलाओं समेत 17 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट के पास एसएस पैलेस होटल में देह व्यापार के आरोप में 9 महिलाओं समेत 17 के खिलाफ एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की तहरीर पर बुधवार को चितईपुर थाने में केस दर्ज किया गया। आरोपी महिलाएं उत्तराखंड, झारखंड, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल और लखनऊ की रहने वाली हैं।
एसीपी भेलूपुर ने बताया कि इंदिरा नगर निवासी मकान मालिक राकेश मिश्रा, सैयदराजा निवासी दिनेश चौहान, कौशांबी के नेवादा निवासी नितिन अग्रहरी, मिर्जापुर के भरोना निवासी अंकित चौहान, भक्तिनगर पांडेयपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह, अयोध्या के बहोरीपुर निवासी दीपक, गाजीपुर के सुहवल निवासी रोहित कुमार, बिहार गया के बरसौना निवासी रामाशीष कुमार पर केस दर्ज किया गया है।
सपा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष को किया हाउस अरेस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए पुलिस ने सपा, कांग्रेस नेताओं को शांति व्यवस्था में खलल डालने की आशंका में बुधवार की रात हाउस अरेस्ट किया। लोहता पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ पहलवान और लहरतारा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल को मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने हाउस अरेस्ट किया। इस बीच नेताओं ने कहा कि हर बार प्रधानमंत्री आगमन पर हाउस अरेस्ट करना लोकतंत्र पर प्रहार है।
कोचिंग के निदेशक की कार में थार ने मारी टक्कर, केस
दुर्गाकुंड कबीर नगर में एलवन कोचिंग के निदेशक बृजेश कुमार सिंह की कार में अनियंत्रित थार ने टक्कर मार दी। 28 अगस्त की घटना की बाबत निदेशक ने बुधवार को थार सवार तीन युवकों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। दुर्गाकुंड के चित्रकूट अपार्टमेंट निवासी बृजेश ने पुलिस को बताया कि कोचिंग पहुंचकर वह कार खड़ी कर रहे थे।
इसी दौरान अनियंत्रित थार ने टक्कर मार दी। थार में सवार दो युवक भाग निकले। चालक नशे की हालत में था। लोगों ने उसे पकड़कर दुर्गाकुंड पुलिस चौकी को सौंपा। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर थार को सीज किया गया है।
छात्र को मनबढ़ों ने पीटा, मुकदमा दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के सिद्ध गिरीबाग क्षेत्र में बुधवार को मनबढ़ों ने स्कूल के छात्र सूर्यांश पांडेय की पिटाई कर दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। लोहता के भरथरा निवासी मनीष पांडेय ने पुलिस को बताया कि बेटा सूर्यांश छुट्टी के बाद दोपहर 12 बजे घर लौट रहा था। स्कूल से चंद कदम दूर कुछ लड़कों ने उसे घेरकर मारा पीटा। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
भांग नहीं देने पर ठेकेदार की पिटाई
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा कलां बाजार में भांग की दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार राजेंद्र जायसवाल की मंगलवार को पिटाई कर दी गई। श्रीनगर कालोनी पहड़ियां निवासी राजेंद्र जायसवाल ने पुलिस को बताया कि सुजीत ने जबरन भांग की मांग की। मना करने पर गालीगलौज कर पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि धौरहरा पुरापर निवासी सुजीत राजभर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
रुपये के लेनदेन में मारपीट, केस दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के लेन नंबर एक आदित्यनगर निवासी राजेंद्र पटेल के बेटे आशीष पटेल और धर्मराज पटेल के साथ गालीगलौज और मारपीट में मनीष, आशीष और अनिल पटेल पर केस दर्ज किया गया है। आशीष पटेल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात 8 बजे ईंट, पत्थर और लाठी से हमला किया गया। चितईपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
मां-बेटी की पिटाई में केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नगवा रविदास पार्क के पास मकान रहने वाले युवक ने मां और बेटी की पिटाई कर दी। बेटे रवि यादव ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी लिलु यादव, गोलू यादव ने मां और बहन को गाली दी। विरोध करने पर मारा पीटा। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी
लहरतारा चौराहे पर बुधवार दोपहर खड़ी चारपहिया वाहन की खिड़की का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी हो गया। लहरतारा के आनंद कुमार ने पुलिस को बताया कि कार खड़ी कर वह पास में ही कुछ काम से गए थे। जब लौटे तो देखा कि कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर लिया गया है। आनंद ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी विजय राज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
रंजिश में राजगीर पर हमला
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लेड़ूवाई गांव में मंगलवार को रंजिश में मनबढ़ों ने राजगीर मिस्त्री किशन पर हमला कर दिया। पीड़ित ने बुधवार को थाने में दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कंपोजिट विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी
कंपोजिट विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र ढढोरपुर में मंगलवार रात चोरी हो गई। मौके से सिलिंडर, बर्तन, इनवर्टर, बैटरी चोरी हो गए। आंगनबाड़ी केंद्र से एलइडी टीवी चोरी कर ली गई। हेड मास्टर जीउत राम विश्वकर्मा ने पुलिस को सूचना दी। राजातालाब थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।
37 ग्राम हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार को 37 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी आदित्य को गिरफ्तार किया। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के खजुरी निवासी आदित्य को पंचक्रोशी रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया।
तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन चक्रव्यूह में सिंधोरा पुलिस ने बुधवार को 312 बोर तमंचे और एक कारतूस के साथ आरोपी मुकेश राजभर को भानपुर प्राथमिक विद्यालय के पास से गिरफ्तार किया। गोमती जोन डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ हो रही है।
युवती को अगवा करने का आरोप, केस दर्ज
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के जंगमबाड़ी की युवती को अगवा करने के मामले में पिता ने बुधवार को चंदन गिरी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पिता ने पुलिस को बताया कि चंदन ने बेटी को शादी का झांसा देकर 3 सितंबर 2025 को अगवा किया। इससे पहले भी बेटी को पटना (बिहार) ले गया था। दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज मामले की जांच की जा रही है।
संपत्ति बंटवारे के लिए मारपीट, मुकदमा दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। बुधवार को पीड़ित ने केस दर्ज कराया। पांडेयपुर निवासी शमशाद आलम ने पुलिस को बताया कि संपत्ति बंटवारे को लेकर मकान का वाद कोर्ट में है। रंजिश के चलते मोहल्ले के शकील, वकील, वसीम भंडार और वसील ने 3 सितंबर को जान से मारने की कोशिश की। लालपुर प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने तहरीर के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
कोर्ट के आदेश पर 6 महीने बाद केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया के नेशनल हाईवे पर प्रयागराज कुंभ मेले से लौटते समय कार और मैजिक की टक्कर के बाद मारपीट और लूट के मामले में कार सवारों ने कोर्ट के आदेश पर छह माह बाद केस दर्ज कराया। झारखंड के दूधीमाटी, कोडरमा निवासी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि कार से मां, पत्नी व बहन को लेकर प्रयागराज से लौट रहा था।
28 फरवरी को मैजिक से टक्कर हो गई, जिसमें 12 लोगों ने सभी को मारा पीटा। चाकू की नोक पर सोने की चेन छीन ली। मिर्जामुराद थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि संतोष राय, पांचू राजभर, सचिन राय, राजाराम, अर्जुन राय, अमित कुमार निवासी राजपुर, चौबेपुर और गुंजन देवी निवासी चुनार पर मारपीट और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
अवैध प्लॉटिंग को चिह्नित कर कराएं ध्वस्त : वीडीए
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए सभागार में बैठक की। शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग के ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए। लंबित शमन मानचित्रों के निस्तारण करने को कहा। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश जोनल अधिकारी को दिए। सील मामलों की जांच और बेसमेंट खाली करवा कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सचेत किया कि अधिकतम 1 सप्ताह में जनशिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। शिवपुर, सिकरौल में शमन शुल्क के मद में 59,22,424 रुपये जमा कराया गया।
वीडीए ने स्कूल मानचित्र को दी स्वीकृति
वीडीए की ओर से एसएएस विद्यापीठ फाउंडेशन के निदेशक यश पांडे, अनीश पांडे की ओर से अनंतपुर कसवार में 5988.76 वर्ग मीटर के उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन योजना का मानचित्र पेश किया गया। जिसकी स्वीकृति वीडीए ने दी है। विकासकर्ता की ओर से 2.0 एफएआर का उपयोग किया गया है। प्रस्तावित स्कूल में 570 वर्ग मीटर का हरित मैदान उपलब्ध है। बिल्ड-अप क्षेत्रफल 9878 वर्ग मीटर है।
वीडीए ने दो अवैध निर्माण सील किए
वीडीए की ओर से बुधवार को नगवां में दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। शशि कुमार पाल की ओर से अमरा वार्ड में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए 1100 वर्गफीट में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील किया गया। रिंकू गुप्ता ने खुशीपुर में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए 2700 वर्ग फीट में काम हो रहा था।
स्टेशन पर मिले दो बच्चे, चाइल्ड लाइन को सौंपा
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल निशा ने स्टेशन पर चेकिंग की। प्लेटफॉर्म 5 पर 2 नाबालिग मिले। इसमें एक बिहार, दूसरा भदोही का रहने वाला था। दोनों को चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि वंदेभारत एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर निवासी नागेंद्र कुमार का पर्स छूट गया था। सूचना मिलने पर आरपीएफ स्टाफ ने इसे लौटाया।
पति समेत 10 के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के 10 सदस्यों के खिलाफ बुधवार को कोतवाली थाने में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। कोतवाली थाना क्षेत्र के कुतबन शहीद निवासी पीड़िता रूकइया ने पुलिस को बताया कि चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर निवासी पति मो. कौसेन समेत ससुराल के लोग प्रताड़ित करते हैं। 23 अप्रैल को भाई की पिटाई की। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
गाय बांधने पर दिखाया तमंचा, फावड़े से हमला
थाना क्षेत्र के अलग-अलग चार गांवों में मंगलवार को मारपीट में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रमईपट्टी निवासी शैलेंद्र सिंह को गांव के रोशन ने गाय बांधने को लेकर तमंचे से मारा। नवलपुर गांव में मकान की खिड़की खोलने का विरोध करने पर रमेश सिंह और बेटे आयुष पर फावड़े से हमला किया गया।
रमेश ने संतोष कुमार सिंह, शुभम कुमार और शिवानी पर केस दर्ज कराया। पुआरी कला गांव निवासी शशिकला तिवारी और उनकी सास की पड़ोसी गुड्डू प्रसाद, मोनू उर्फ चंचन कुमार, जंग बहादुर, करिश्मा और उर्मिला ने पिटाई कर दी। शशिकला ने केस दर्ज कराया।
पलिया शंभुपुर गांव में मेड़बंदी के विवाद को लेकर मारपीट हुई। रामसकल विश्वकर्मा, छोटेलाल, महेश पाल व राजकुमार ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सभी मामलों की जांच की जा रही है।
कार की टक्कर से बाइक सवार युवक और युवती घायल, तालाब में गिरी कार
चोलापुर थाना क्षेत्र के दशवतपुर बाजार में बुधवार दोपहर बेला-पहाड़िया मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार सोनू राजभर (32), आरती (22) और संपती (45) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
चौबेपुर के मुनारी मंगरहुआ निवासी सोनू बाइक पर दोपहर में आरती और संपती को बैठाकर चोलापुर की ओर पहुंचे। लिंक मार्ग से एकाएक बेला पहाड़िया मार्ग पर मुड़ गए। इस बीच दशवतपुर बाजार में अचानक कार से टक्कर हो गई।
पहाड़िया की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में चली गई। कार चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायल युवक, युवती को सीएचसी चोलापुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
होटल के कर्मचारी को वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर
सिगरा तिराहे पर अनियंत्रित वाहन ने मंगलवार रात बाइक सवार दीपक द्विवेदी को टक्कर मार दी। घायल दीपक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। परेड कोठी होटल प्लाजा इन के प्रभाकर पाठक ने पुलिस को बताया कि स्टाफ दीपक द्विवेदी सिगरा तिराहे से गुजर रहा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। उसके पैर पर टायर चढ़ाकर भाग निकला। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के कौरोती में चार सितंबर को बाइक के धक्के से घायल बुजुर्ग नंगू राम यादव की मंगलवार रात बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वाहन चालक के खिलाफ लोहता थाने में केस दर्ज किया गया है। कोरौती निवासी बेटे जवाहर यादव ने पुलिस को बताया कि रात में पिता घर के बाहर खड़े थे, तभी बाइक सवार ने उन्हें धक्का मार दिया। पांच दिन बाद पिता की मौत हो गई। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
रेलवे एक्ट में 15 लोगों पर मुकदमा
कैंट स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की ओर से सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म पर विशेष अभियान चलाकर 15 लोगों पर रेलवे एक्ट में केस दर्ज किया गया। सर्कुलेटिंग एरिया में गाड़ी खड़ी करने के मामले में 8 ऑटो चालकों पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि परिसर में अशांति फैलाने वाले दो पुरुष, तीन महिलाओं के विरुद्ध मुकदमा किया गया। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में अवैध वेंडिंग के जुर्म में 2 पर कार्रवाई की गई।
चार लाख का कैमरा चोरी पर्यटक को हार्ट अटैक
काशी घूमने आए महाराष्ट्र के नासिक शहर से आए राहुल कुमार का 4 लाख का कैमरा बुधवार को अस्सी से चोरी हो गया। इस बीच ब्लड प्रेशर बढ़ने से उन्हें हार्ट अटैक आ गया। ऑटो चालक की मदद से उन्हें भेलूपुर के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवेकानंद राजकीय अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक रोहित सोनी ने बताया कि युवक को पहले से बीपी की समस्या थी। ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने से उसे अटैक आया था। समय से अस्पताल पहुंचने पर उपचार कर उसे बचाया गया।
रागिनी राय की जगह सोनी को किया पास, मांगा जवाब
सारनाथ के बीएस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल परीक्षा 2025 का रिजल्ट बनाने में लापरवाही सामने आई है। छात्रा रागिनी राय के रिजल्ट पर किसी दूसरी छात्रा रागिनी सोनी का नाम प्रिंट कर दिया गया। इससे छात्रा रागिनी राय फेल हो गई। इसमें लिपिक की लापरवाही बताई गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव ने इस मामले में प्रधानाचार्य से जवाब मांगा है।
हाईस्कूल-2025 के सभी परीक्षार्थियों के त्रैमासिक अंकों की प्रमाणित प्रति, आंतरिक मूल्यांकन अंकों को वेबसाइट पर अपलोड करने की विधि और तिथि, अंकों को अपलोड करने का काम किसकी देखरेख में हुआ। उसके विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई, इन सभी बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है। जो कि प्रधानाचार्य को देना है।
बनारस में चिपचिपी गर्मी तापमान पहुंचा 35.2 डिग्री
बनारस में चिपचिपी गर्मी का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। दिन की धूप अब सही नहीं जा रही है। उमस ने काशीवासियों को पूरे दिन बेहाल कर रखा है। हवा भी बहुत धीमी 6-9 किमी प्रति घंटे की गति से बही।
शहर का पारा सामान्य से 1.8 डिग्री ऊपर 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में सिर्फ सात डिग्री का ही फर्क है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बनारस में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है लेकिन बादल छाने और बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। इससे पहले सितंबर महीने में गर्मी लगातार पड़ रही है। अब तो उमस ने भी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने कहा कि मानसून द्रोणी के उत्तरी दिशा में खिसक चुकी है। इससे प्रदेश के उत्तरी तराई इलाकों में आगामी 48 घंटे अच्छी बारिश की संभावना है लेकिन प्रदेश के उत्तरी भाग को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में बारिश होने की उम्मीद कम ही है।
44 विद्यालयों की छात्राओं को दी जा रही सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग
मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के 44 विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शासन के निर्देश पर वन स्टॉप सेंटर की टीम स्कूलों में जाकर बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस की तकनीक सिखाते हुए कराटे और मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दे रही है। इसका उद्देश्य है कि छात्राएं किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपने साहस और कौशल से खुद को बचा सकें।
प्रशिक्षण देने वाली टीमें छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। सेंटर प्रभारी रश्मि दुबे ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 10 हजार से ज्यादा छात्राओें को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। यह अभियान लगातार चल रहा है। इसके अलावा वन स्टॉप सेंटर में भी आने वाली पीड़ित महिलाओं को भी जागरूक किया जा रहा है।
105 शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन में बुधवार को 6 मंडलों के 105 शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के तहत प्रशिक्षित किया गया। इसमें वाराणसी, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, देवीपाटन और बस्ती मंडल के माध्यमिक शिक्षकों को शिक्षण कार्य के दौरान नैतिक मूल्यों के अनुपालन के तरीके बताए गए। साथ ही क्वालिटी एजुकेशन के टिप्स दिए गए। प्राचार्य अखिलेश पांडेय ने बताया कि प्रशिक्षण पाने वाले सभी शिक्षक अपने-अपने जिलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। रीडर डॉ. रिचा जोशी, डॉ. मनीष यादव, डॉ. रवींद्रनाथ, अरुण और राजेश माैजूद रहे।
स्वयंसेवक करें अपने कर्तव्यों का निर्वहन
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की बैठक बुधवार को अर्दली बाजार (एलटी कॉलेज) के राजकीय जिला पुस्तकालय में हुई। मुख्य अतिथि उप नियंत्रक जितेंद्र देव सिंह ने नागरिक सुरक्षा के उद्देश्य और कार्यों के बारे में बताया। डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने प्रखंड की गतिविधियों की जानकारी दी।
अध्यक्षता चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता ने की। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि पुस्तकालयाध्यक्ष कंचन सिंह परिहार ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की। इस माैके पर सीबी सिंह, डॉ. शरद कुमार, अरविंद विश्वकर्मा, अजय श्रीवास्तव, अंजनी कुमार सिंह मौजूद रहे।
कई स्कूल बंद, कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी
शहर में वीवीआईपी मूवमेंट और भीड़भाड़ को देखते हुए कई प्राइवेट स्कूल बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। सभी कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी। स्कूलों के ओर से अभिभावकों के माेबाइल पर मैसेज भेजे जा रहे हैं। जिसमें बच्चों को स्कूल न आकर ऑनलाइन जुड़ने के लिए कहा जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस तरह का कोई आदेश नहीं है। स्कूल अपने सहूलियत के हिसाब से ऑनलाइन क्लास चला रहे होंगे।
सांस्कृतिक उपक्रमों में आनंद ढूंढते हैं : डॉ. प्रेम नारायण सिंह
संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से कला सृष्टि की ओर से बुधवार को अस्सी पर 15 दिवसीय कार्यशाला में डॉ. प्रेम नारायण सिंह ने विचार रखे। कहा कि हम अपनी परंपराओं और उसके छोटे-छोटे सांस्कृतिक उपक्रमों में अपने आनंद के पल ढूंढते हैं। हमारी परंपरा ऐसी गतिविधियों का धरोहर है और संस्कारों में उनके नियमन का मंत्र छुपा हुआ है। हमें अपनी खुली आंखों से विरासत स्वीकार करना है और उसे अपने जीवन में उतारना है।
प्रशिक्षक गुरु डॉ. विजय कपूर ने प्रतिभागियों को विवाह गीत का अभ्यास करवाया। तबले पर पंकज राय, ढोलक पर ऋतिक शुक्ला, साइड रिदम पर संजय श्रीवास्तव ने संगत की। स्वागत संस्था के सचिव नीतू सिंह ने किया। इस मौके पर अमरेंद्र कुमार राय, राणा शेर सिंह, डॉ. एसके नाग आदि रहे।
मुंबई के लिए चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
दशहरा, दीपावली और छठ त्योहार को देखते हुए बनारस से साप्ताहिक पूजा स्पेशल गाड़ी 09084 चलाई जाएगी। 19 सितंबर से हर शुक्रवार बनारस से मुंबई तक इस गाड़ी की सेवा शुरू होगी। मुंबई से यह गाड़ी 17 सितंबर से चलेगी। 09084 बनारस-मुम्बई सेंट्रल वातानुकूलित साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी 19, 26 सितंबर, और 3, 10, 17, 24, 31 अक्तूबर और 7 नवंबर को बनारस से दोपहर में 2.30 बजे रवाना होगी। वापसी में मुंबई सेंट्रल से 17, 24 सितम्बर, 1, 08, 15, 22, 29 अक्तूबर और 5 नवंबर को बनारस के लिए चलेगी।
पशुओं को हटाने में लगे 8 हजार कर्मचारी
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे को ध्यान में रखकर नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। आठ हजार कर्मचारी और अधिकारियों को लगाया है। इनमें पांच हजार सफाई कर्मचारी पूरे रूट पर लगाए गए हैं। इनके अलावा दस कुत्ता और गाय पकड़ने वालों की टीम है। इसकी एक-एक टीम में आठ से दस लोग हैं। जो रूट से छुट्टा पशुओं को हटा रहे हैं। इनके अलावा करीब 100 सीवर और जलकल की व्यवस्था के लिए लगे हैं। बैनर, पोस्टर हटवाने के लिए 100 लोगों को लगाया गया है।
सीएचसी चौकाघाट में 3 महीने में 86 सिजेरियन
शहरी सीएचसी चौकाघाट में पिछले पांच महीने में 86 गर्भवती महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी हो चुकी है। जबकि सामान्य प्रसव हर महीने 80-90 करवाए जा रहे हैं। यहां आने वाले मरीज 63 तरह की जांच निशुल्क करवा सकेंगे। इसके अलावा जिला अस्पताल स्तर की लगभग 20 जांचें हब एंड स्पोक माध्यम से करवाई जा रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. फाल्गुनी गुप्ता ने कहा कि अब तक 1832 आयुष्मान कार्ड धारकों का भी इलाज किया जा चुका है।
सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेला कल
चौकाघाट स्थित सेवायोजन कार्यालय में शुक्रवार को रोजगार मेला लगाया जाएगा। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में 4 कंपनियां शामिल होंगी। इसमें कर्नाटक की कैलिबर एचआर, डीएचपीसी, शिवशक्ति बायो टेक्नोलॉजी और ग्रीन टॉस कंपनियां अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इस बार 110 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
9 साल की पीएचडी का ब्योरा ऑनलाइन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पिछले 9 साल में कितने विद्यार्थियों ने शोध किया है, इसकी पूरी जानकारी अब एक क्लिक पर मिलेगी। विश्वविद्यालय की ओर से 2016 से 2024 तक शोध की उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों का पूरा ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड करवा दिया गया है। इसी तरह 2025 की जानकारी भी अपलोड करवाई जाएगी। में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि धीरे धीरे छात्रों से जुड़ी अधिक से अधिक जानकारी को ऑनलाइन करने की तैयारी चल रही है। फिलहाल 9 साल में शोध करने वालों की जानकारी अपलोड करवा दी गई है।
शोध छात्र को मिला स्वर्णांगुलीय पुरस्कार
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के शोध छात्र सुवास शर्मा को स्वर्णांगुलीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शृंगेरी शंकराचार्य की ओर से जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी विधु शेखर ने यह पुरस्कार उन्हें व्याकरण शास्त्र में उनके विशिष्ट प्रदर्शन के लिए दिया। शोध छात्र सुवास शर्मा ने व्याकरण के अत्यंत करीब एक से 30 घंटे तक शास्त्रार्थ करके विद्वानों को प्रभावित किया है। उन्हें सम्मान स्वरूप शारदा पीठ की मुद्रा से अंकित सोने की अंगूठी, शाल और नकद राशि दी गई। त्रयोदश दिवसीय श्री महागणपति वाक्यार्थ सभा के समापन समारोह में ये सम्मान मिला।
देश में शुरू की जाए भारतीय प्रबंधकीय सेवा
बीएचयू के कॉमर्स फैकल्टी में बीकॉम (ऑनर्स) और एफएमएम (फाइनेंशियल मार्केट मैनेजमेंट) कोर्स के नए प्रवेशी छात्र-छात्राओं का बुधवार को इंडक्शन प्रोग्राम हुआ। संकाय के अध्यक्ष प्रो. एचके सिंह ने छात्रों से कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए हर युवा को क्रिएटिविटी, प्रोफेशनल मैनेजमेंट और सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना होगा।
प्रो. सिंह ने सुझाव दिया कि औद्योगिक समस्याओं को दूर करने के लिए भारतीय प्रबंधकीय सेवा (आईएमएस) की शुरुआत की जा सकती है। इसकी भी नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग द्वारा की जानी चाहिए। वहीं, आत्मनिर्भर भारत अभियान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति को एक दूसरे का पूरक बताया।
गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए ट्रेनिंग
आईआईटी बीएचयू में फूड सेफ्टी के मुद्दे पर संचालकों और छात्रावासों के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। छात्र-छात्राओं को गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन कार्यक्रम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य संस्थान के छात्रावासों और कैंटीन में सुरक्षित और स्वच्छ भोजन को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। कार्यक्रम का उद्घाटन काउंसिल ऑफ वार्डंस के अध्यक्ष प्रो. आरके सिंह और उपाध्यक्ष प्रो. वीएन लाल ने किया।
स्टेम लैब से मिलेगी नई तकनीक की जानकारी
मलदहिया स्थित पीएम श्री जीजीआईसी बालिका विद्यालय में प्लान इंडिया और मोगली ट्रस्ट के कॉम्प्रिहेंसिव स्कूल इंप्रूवमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत स्टेम लैब का उद्घाटन किया गया। इससे यहां की छात्राओं को विज्ञान की नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी। इस लैब में छात्राएं नए-नए प्रयोग कर सकेंगी। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्या निशा यादव और उप-प्रधानाचार्या अर्चना सिंह ने फीता काटकर लैब का शुभारंभ किया। इस मौके पर आभा जैन, प्रियंका यादव और अन्य शिक्षिकाएं माैजूद रहीं।
काशी विद्यापीठ और स्माल इंडस्ट्रीज कौशल विकास पर मिलकर करेंगे काम
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और दि स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उद्यमिता, कौशल विकास, नवाचार पर मिलकर काम करेंगे। इसके लिए दोनों संस्थानों के बीच पांच साल के लिए शैक्षणिक समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार और औद्योगिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की मौजूदगी में एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष राजेश भाटिया, महामंत्री नीरज पारिख ने हस्ताक्षर किए। उधर, विश्वविद्यालय की ओर से वित्त अधिकारी हरिशंकर मिश्रा, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, निदेशक (आउटरीच) प्रो. संजय और निदेशक (आईक्यूएसी) प्रो. नंदिनी सिंह ने हस्ताक्षर किए।
प्रो. नंदिनी सिंह ने बताया कि यह रणनीतिक साझेदारी उद्योग–अकादमिक सहयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है। उद्यमिता, रोजगार योग्यता और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी, विशेषकर उन विद्यार्थियों को लाभ होगा जो वंचित पृष्ठभूमि से आते हैं।
काशी विद्यापीठ में होंगे कॉलेजों के प्रैक्टिकल
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध वाराणसी सहित पांच जिलों के विद्यार्थियों को स्नातक विषयों के प्रैक्टिकल के लिए विश्वविद्यालय कैंपस आना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विभागवार प्रैक्टिकल कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें भूतपूर्व परीक्षार्थी भी शामिल हो सकेंगे। इसके लिए उनको परीक्षा सामान्य विभाग में आवेदन करना होगा।
विश्वविद्यालय में स्नातक (पुराना पाठ्यक्रम) के तहत बीए, बीकाम, बीएससी तृतीय वर्ष (भूतपूर्व) और बीएड एवं स्नातकोत्तर (पुराना पाठ्यक्रम) परीक्षार्थियों की परीक्षाएं अंतिम बार आयोजित हुई हैं। परीक्षा 16 सितंबर को समाप्त होगी।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि वाराणसी, चंदौली, भदोही, मीरजापुर एवं सोनभद्र के छात्रों की प्रायोगिक / मौखिक परीक्षाएं विश्वविद्यालय में होंगी। इस प्रायोगिक/ मौखिक परीक्षा के लिए (भूतपूर्व) छात्रों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। ऐसे छात्रों को परीक्षा सामान्य (विभाग) में संपर्क कर प्रवेश पत्र के साथ 25 सितंबर तक आवेदन करना होगा। परीक्षा तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी।
कारागार में बंदियों के मानसिक बीमारियों का भी होगा इलाज
केंद्रीय कारागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित मनोचिकित्सीय संस्था ‘नई सुबह’ के क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। इस पहल से जेल में निरुद्ध बंदियों को मानसिक बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
उद्घाटन उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कारागार, वाराणसी परिक्षेत्र राजेश कुमार श्रीवास्तव एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलोक कुमार अग्निहोत्री ने संयुक्त रूप से किया।समारोह में पूर्व जिला जज राजीव श्रीवास्तव और पूर्व कुलपति पी.के. मिश्र का स्वागत वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र तथा जेलर अखिलेश कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर किया।
संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अजय कुमार तिवारी ने बताया कि नई सुबह वर्ष 2003 से लगातार मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं। कारागार में निरुद्ध बंदी अक्सर अवसाद और निराशा से जूझते हैं, जिससे वे मानसिक संतुलन खो बैठते हैं और कभी-कभी आत्मघाती कदम भी उठा लेते हैं। ऐसे में संस्था की ओर से इन कैदियों का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सकीय परामर्शदाता लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी, चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।