पूर्वांचल में राकेश टिकैत: बोले- बंगाल में होगी बड़ी लड़ाई, जमीन बचाने के लिए घरों से निकलें किसान
पूर्वांचल में किसान आंदोलन को धार देने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बुधवार को बलिया पहुंचे। जहां संयुक्त किसान मोर्चा की किसान पंचायत को संबोधित किया।
राकेश टिकैत ने संबोधित करते हुए कहा कि किसान आंदोलन की सबसे बड़ी लड़ाई अब कोलकाता में लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार में किसान बर्बाद हो चुका है। अगर यह नए कृषि कानून लागू हो गए और किसानों ने लड़ाई नहीं लड़ी तो वो खेतों से हाथ धो बैठेंगे। सरकार किसानों को बर्बाद करने का षड़यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में किसान आंदोलन की चर्चा है, लेकिन सरकार इसे अनदेखा कर रही है।
साथ ही उन्होंने कहा कि जो खेत में पैदा होगा उसे हर हाल में सरकार को खरीदना होगा। उन्होंने किसानों से अपने-अपने घरों से बाहर निकलने की अपील की, जिससे वो अपनी जमीन बचा सकें। वह 13 मार्च को पश्चिम बंगाल जाएंगे। जहां वह किसानों से बात करेंगे।
टिकैत ने कहा कि इन कानूनों से साप्ताहिक बाजार बंद हो जाएंगे और पूरे बाजार पर विदेशी कंपनियों का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एक गांव, एक ट्रैक्टर, 15 आदमी और दस दिन का कार्यक्रम बना लें। समय हम बता देंगे।
सुबह वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे टिकैत
लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार की सुबह साढ़े सात बजे एयरपोर्ट पहुंचे। राकेश टिकैत के पहुंचते ही एयरपोर्ट के गेट के बाहर समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बलिया वीरों की धरती है, जहां से आजादी मिली। उत्तर प्रदेश की जनता आज सड़क पर निकल गई है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में किसान आंदोलन तेज हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बाद 13 मार्च को कोलकाता में हमारी सभा होनी है। पीएम मोदी-सीएम योगी आदित्यनाथ पर चुनावी तंज कसते हुए कहा कि वे चुनाव लड़ें, इसका निर्णय जनता करेगी। हमारी लड़ाई किसानों के लिए चलती रहेगी।