यूपी: अभी और बरसेगा पानी, बारिश ने तोड़ दिया आठ साल का रिकार्ड
जिस तरह की बारिश हो रही है, अभी फिलहाल दो दिन उससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बनारस समेत आसपास के जिलों में अगले 48 घंटों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और दो दिन तक रुक-रुक कर हल्की से तेज बारिश होती रहेगी।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के अनुसार साउथ यूपी और एमपी के नार्थ इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना रहना इसकी मुख्य वजह है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से तेज रफ्तार में हवा चल रही है, इसमें नमी है। इस बार सितंबर महीने में हुई बारिश ने पिछले आठ साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।
इससे पहले वर्ष 2011 में सितंबर महीने में सर्वाधिक 380 मिलीमीटर बारिश हुई थी और इस साल आंकड़ा अभी ही 500 के पार पहुंच गया है। अगले 48 घंटे वाराणसी और आसपास में इलाकों में बारिश की संभावना है। इसके बाद कुछ राहत मिल सकती है।
एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहीं गंगा
पिछले 40 घंटे से लगातार हो रही बरसात के कारण गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी की आशंका से तटवर्ती इलाके के लोग सहमे हुए हैं। शनिवार को जलस्तर बढ़ने की सूचना से उनके माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं। उत्तर प्रदेश के साथ ही मध्य प्रदेश के तमाम हिस्सों में भी फिर से तेज बारिश हो रही है। इसके कारण बाढ़ जैसी स्थिति फिर बनने के आसार नजर आ रहे हैं। इसको देखते हुए लोगों की धुकधुकी बढ़ गई है।
मध्य प्रदेश के पानी की वजह से पूर्वांचल में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। गंगा के साथ ही अन्य नदियों के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो गई थी और गंगा ने खतरे का निशान पार कर दिया था। शुक्रवार को गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी थी और जलस्तर 70.24 मीटर दर्ज किया गया था। लेकिन शनिवार की सुबह गंगा का जलस्तर घटकर सुबह आठ बजे 70.07 मीटर था। दोपहर बाद गंगा के जलस्तर में मामूली बढ़ोत्तरी शुरू हो गई। गंगा प्रति सेंटीमीटर एक घंटे की रफ्तार से बढ़ने लगी। हालांकि प्रयागराज में गंगा के जलस्तर में घटाव दर्ज किया गया है।