पूर्वांचल की प्रमुख खबरें: स्कूल में अचानक अचेत हुए 11 बच्चे, धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास में तीन गिरफ्तार
पूर्वांचल में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इस दौरान सोनभद्र जिले के सिंगरौली के स्कूल में 11 बच्चों के अचानक अचेत होने और गाजीपुर में धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास में तीन को गिरफ्तार करने की खबर चर्चा में रहीं।
विस्तार
सिंगरौली के स्कूल में 11 बच्चे अचानक हुए अचेत
सोनभद्र सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली के एक स्कूल के 11 वच्चे सोमवार को अचानक अचेत हो गए। स्कूल में इस तरह की महीने में यह दूसरी घटना है। एसडीएम व जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। फिलहाल, बच्चों के बेहोश होने की वजह पता नहीं चल पाई।
घटना बैढन विकास खंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिपराझांपी की है।। सोमवार को 11 छात्र-छात्राएं इंटरवल से पहले अचानक बेहोश हो गए हैं। एक के बाद एक बच्चे कक्षा में बेहोश होकर गिरने लगे। इसकी जानकारी छात्रों के अभिभावकों को हुई तो हड़कंप मच गया। प्रधानाध्यापक ने तत्काल सूचना डीईओ को दी और बेहोश बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बच्चों के बीमार होने की सूचना पर एसडीएम सृजन वर्मा व डीईओ एसबी सिंह भी स्कूल पहुंच गए। शिक्षकों से बच्चों के संबंध में जानकारी ली। उक्त विद्यालय में लगातार दूसरी बार बच्चे बीमार हुए।
इसे भी पढ़ें; गाजीपुर एनकाउंटर: पुलिस पर बाइक चढ़ाने की कोशिश, यहां भागने की फिराक में था मुठभेड़ में मारा गया बदमाश सन्नी
धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास में तीन गिरफ्तार
गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के मौजपुर से पुलिस ने रविवार की रात पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली कि मौजपुर गांव में कुछ लोगों को प्रार्थना सभा में बुलाकर पैसे का लालच देकर तीन आरोपी धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौजपुर गांव के पास से धर्म परिवर्तन कराने वाले आरोपी मौजपुर निवासी ओम प्रकाश राम, जमानिया कोतवाली क्षेत्र के नरियांव गांव निवासी रमेश चंद्र कुशवाहा और दिलदारनगर थाना के फरीदपुर गांव निवासी पिंटू राम को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें; Olympian Rajkumar Pal: शादी के बंधन में कब बंधेंगे हॉकी ओलंपियन राजकुमार, जानें- हॉकी विश्व कप का क्यों इंतजार
एनडीआरएफ के जवान की हादसे में मौत
बलुआ थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ निवासी एनडीआरएफ जवान रितेश सिंह (39) की रविवार की देर रात ड्यूटी के लिए वाराणसी जाते समय बलुआ के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। रितेश 2006 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे और अभी वाराणसी के 11 बटालियन एनडीआरएफ में तैनात थे। ड्यूटी के लिए घर हिंतरगढ़ से वाराणसी के लिए जा रहे थे रितेश सिंह के परिवार में एक पुत्र और पुत्री है।
शबाना आजमी ने कंप्यूटर सेंटरों का किया निरीक्षण
फिल्म अभिनेत्री शबाना आजमी अपने पैतृक गांव मेजवां मे पांच दिवसीय प्रवास के दौरान सोमवार को कैफ़ी आज़मो चिकनकारी सेंटर, सिलाई सेंटर, कंप्यूटर सेंटर आदि स्थानों का निरीक्षण करने पहुंचीं। उनके साथ अभिनेत्री तनवी आजमी और उनके पुत्र-पुत्री भी रहे। इस दौरान महिलाओं ने शबाना आजमी का स्वागत किया। उन्होंने महिलाओं की परेशानियों को हल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा का प्रयास है कि लोगों को यहां से रोजगार मिले।
बीयर की दुकान पर की थी लूट, छह गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के मेंहनगर थाने की पुलिस ने सोमवार को जाफरपुर में बीयर की दुकान पर हुई लूट की घटना को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को मगरावां मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 30 हजार रुपये, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और दो बाइक भी बरामद किया। आरोपियों ने सेल्समैन की मदद से लूट को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि उन्हें नए साल में जश्न के लिए पैसे की जरूरत थी। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि 12 दिसंबर को लूट होने का मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
इसे भी पढ़ें; चाय पीने के लिए भाई को जगाने पहुंची बहन, कमरे के अंदर का नजारा देख निकल गई चीख; परिवार में मचा कोहराम
सपा सरकार में अधिवक्ताओं के हितों की बनी थी नीति
प्रदेश में जब भी सपा की सरकार बनी, तब तब अधिवक्ता समाज के हितों के लिए नीतियां बनाने का काम किया गया। उक्त बातें सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को दीवानी वार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से जो परंपरा एवं रिश्ते रहे हैं उसे और आगे ले जाने का काम करूंगा। आजमगढ़ के विकास एवं तरक्की के लिए आजमगढ़ के नौजवानों, किसानों, अधिवक्ताओं के हित के लिए संसद में पूरी ताकत से आवाज उठाई है।
महाकुंभ स्पेशल 14 ट्रेनों का मिर्जापुर स्टेशन पर होगा ठहराव
महाकुंभ के दौरान 14 ट्रेनों का ठहराव मिर्जापुर, विंध्याचल और चुनार स्टेशन पर होगा। ट्रेनें प्रयागराज महाकुंभ के दौरान प्रमुख तिथियों पर चलेंगी। रेलवे की पीआरओ रागिनी सिंह ने बताया कि मैसूर-दानापुर एक्सप्रेस तीनों स्टेशनों पर रुकेगी। मैसूर से दानापुर जाते समय सुबह दो मिनट के लिए मिर्जापुर स्टेशन पर रुकेगी। चुनार स्टेशन पर सुबह चार बजकर पांच मिनट पर पहुंचेगी। दानापुर से मैसूर जाते समय चुनार में सुबह सात बजे तथा मिर्जापुर में सुबह साढ़े सात बजे रुकेगी।
इसे भी पढ़ें; UP: संभल, वाराणसी के बाद जौनपुर में मंदिर विवाद, शाही पुल की दीवार के अंदर मां काली की मूर्ति होने का दावा
अधिशासी अभियंता पर 5 करोड़ के घोटाले का आरोप
निगम के कार्यकारी सहायक जयप्रकाश यादव ने अधिशासी अभियंता संतोष कुमार पर आरोप लगाया कि वह बिल संशोधित करने को लेकर पैसों की मांग करते हैं। जयप्रकाश ने बताया कि क्षेत्रीय और ग्रामीणांचल के किसानों का बिल मीटर रीडर बढ़ाकर भेजता है। इसे संशोधित या कम कराने जब किसान जाते हैं तो कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर व प्राइवेट कर्मी उन्हें लेकर अधिशासी अभियंता के पास जाते हैं। वहां बिल कम कर जमा करने के नाम पर कमीशनखोरी की जाती है।
इसे भी पढ़ें; दबंगों का दुस्साहस: हुड़दंगई का विरोध करने पर खौला खून, पांच लोगों पर चाकू और लाठी- डंडे से हमला कर किया घायल
हादसे में सपा कार्यकर्ता की मौत, एक गंभीर
मऊ जिले के लुदुही-भरहुआ गांव के पास रविवार की रात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे सपा कार्यकर्ता की मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोपागंज थाना क्षेत्र के गोड़सरा गांव निवासी राम आशीप यादव (29) अपने गांव में सपा का बूथ अध्यक्ष थे। वह गांव निवासी अपने मित्र अवधेश यादव (32) मझवारा में रिश्तेदार के घर पर निमंत्रण में गया था। रात नौ बजे घर लौट रहा था।