आज बनारस में प्रियंका गांधी: पीएम मोदी के गढ़ में कांग्रेस की रैली, पूर्वांचल में कृषि कानून को मुद्दा बनाने की होगी कोशिश
10 अक्तूबर को प्रस्तावित रैली में हिस्सा लेने के लिए प्रियंका गांधी आज रात में ही बनारस पहुंच सकती हैं। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रैली से पहले प्रियंका नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना करेंगी।
विस्तार
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से 10 अक्तूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी यूपी विधानसभा चुनाव का आगाज करेंगी। कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक, रोहनिया में रैली से पूर्व प्रियंका गांधी नवरात्र के चौथे दिन दुर्गाकुंड में मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना करेंगी।
काशी के प्राचीन मंदिरों में से एक दुर्गाकुंड मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े राजनेता मत्था टेक चुके हैं। इस शक्तिपीठ का स्थान व उल्लेख काशी खंड में भी मिलता है। मंदिर में माता दुर्गा यंत्र के रूप में विराजमान है। मान्यता यह भी है कि मंदिर में दर्शन करने से शत्रुओं का नाश होता है।
बता दें कि 10 अक्तूबर को रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में प्रियंका गांधी रैली के जरिए चुनावी शंखनाद करेंगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस महासचिव मां कूष्मांडा के अलावा बाबा श्री काशी विश्वनाथ, बाबा कालभैरव दरबार भी जाएंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गर्जना सुनने को मिलेगी। यह यूपी में उनके चुनाव अभियान की शुरुआत भी है। कांग्रेस की कोशिश है कि पूर्वांचल में भी नए कृषि कानून सशक्त मुद्दा बने। मोदी के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस देश-प्रदेश में यह संदेश देना चाहती है कि उसे कमजोर न समझा जाए।
पढ़ेंः वाराणसी एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 67 लाख से अधिक का सोना, इमरजंसी लाइट में बैटरी की जगह भरकर लाए थे
अब प्रतिज्ञा नहीं किसान न्याय रैली को संबोधित करेंगी प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब प्रतिज्ञा नहीं बल्कि किसान न्याय रैली को संबोधित करेंगी। दस अक्तूबर को जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान पर होने वाली रैली किसानों को न्याय दिलाने और उनकी लड़ाई पर केंद्रित होगी। लखीमपुरी खीरी कांड के बाद कांग्रेस ने रैली का नाम बदलने का निर्णय लिया। रैली भव्य बनाने के लिए वाराणसी में डेरा डाले नेता और स्थानी कांग्रेसजन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।