टैक्स लगाकर कमाई कर रही केंद्र सरकारः प्रियंका चतुर्वेदी
चार साल में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स लगाकर 11 लाख करोड़ रुपये कमा लिए हैं। पेट्रोल डीजल पर भारी टैक्स लगाए जाने से पेट्रो पदार्थ व रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। बढ़ते दामों ने सभी भारतीयों का बजट पूरी तरह से बिगाड़ दिया है।
रविवार को बनारस के कैंटोमेंट स्थित होटल में प्रेसवार्ता के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि आज पेट्रोल डीजल के दाम इतिहास के सबसे ऊंचे पायदान पर हैं। जनता आज खुद को ठगा महसूस कर रही है। जीएसटी का खामियाजा छोटे व्यापारी भुगत रहे हैं।
नोटबंदी के दौरान जनता से 50 दिन मांगे गए थे अब हम काशी की जनता से मांग करते हैं कि वह अपने सांसद को काशी का चौराहा दिखाए। राफेल और नोटबंदी को देश का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए प्रियंका ने कहा कि साढ़े चार साल में जनता को महसूस हो रहा है कि उनके साथ विश्वासघात हुआ है। पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, प्रजानाथ शर्मा, सीताराम केशरी आदि मौजूद रहे।
मंहगाई के विरोध में कांग्रेस का बंद आज, प्रशासन अलर्ट
सोमवार को वाराणसी व्यापार मंडल और उड़ाका दल व्यापार मंडल ने बंद को समर्थन की घोषणा की है। उधर, सपा भी तहसील मुख्यालयों धरना देकर विरोध दर्ज कराएगी। कांग्रेस की ओर से महंगाई के खिलाफ भारत बंद समर्थन में शामिल होने के लिए रविवार को मैदागिन स्थित कार्यालय पर बैठक के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
शाम को उन्होंने सेवादल, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई की रैली को सरदार पटेल की प्रतिमा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली द्वारा कार्यकर्ताओं ने आम जनता से भारत बंद के समर्थन का निवेदन किया। संचालन सीताराम केसरी ने किया। इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल, सीपीआईएम, और जनता दल यूनाइटेड ने भी बंद में शामिल होने की घोषणा की है।
डीएम सुरेंद्र सिंह का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराएं। शहर में जगह जगह मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। किसी तरह की अशांति करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी का कहना है कि चौराहों पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। हर स्तर पर अधिकारी इस पर नजर रखेंगे और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।